07 अक्तूबर 2009

चौटाला व उनके पुत्रों ने गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर प्रदेश का विनाश करने का काम किया-दीपेन्द्र


डबवाली : कांग्रेस पार्टी ही प्रदेश को स्वच्छ व पारदर्शी प्रशासन दे सकती है। प्रदेश में पिछले साढे 4 वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा बनाई गई योजनाओं के परिणामस्वरुप सामाजिक क्रांति के नये दौर की शुरुआत हुई है। यह बात रोहतक से सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने रोड़ शो के दौरान लोगों को सम्बोधित करते हुए कही। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज डबवाली विधान सभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बनवाला, बिज्जूवाली, गोरीवाला, गंगा, जण्डवाला बिश्नोईयां, चौटाला, अबूबशहर और सकताखेड़ा गांव सहित डबवाली शहर में कांग्रेस प्रत्याशी डा. के.वी. के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। रोड़ शो के दौरान सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा का सभी गांवों में जोरदार स्वागत हुआ। ग्रामीणों ने पगड़ी पहना कर व पटाखे चला कर सांसद का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। रोड़ शो के दौरान ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 13 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी स्पष्ट बहुमत लेकर सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की लहर चल रही है और आगामी सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न हुए लोकसभा चुनावों में जनता ने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान करके यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस के अलावा उनका कोई और हितेषी नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले साढे 4 वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए अनेक प्रकार की योजनाएं लागू की। उन योजनाओं के बलबुते पर ही आज पूरे देश में हरियाणा की विशेष पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिना भेदभाव के हरेक गांव व शहर का सम्मान रुप से विकास कराने का काम किया है। बिजली, पानी, शिक्षा कांग्रेस पार्टी के मुख्य एजेण्डे में शामिल है और आमजन को यह मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि जनता की लहर कांग्रेस पार्टी के पक्ष में जोर शोर से चल रही है और हरियाणा के इतिहास में यह पहला अवसर है कि लोगों ने सत्तासीन पार्टी को ही दोबारा सत्ता सौंपने का मन बनाया है। उन्होंने डबवाली हलका के लोगों से आह्वान किया कि अब फैसला आपके हाथ में है, एक तरफ भय व भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाले ऐसे लोग हैं जिन्होंने सत्ता में रहते हुए लोगों का शोषण करने का कार्य ही किया और दूसरी तरफ जनहितेषी कांग्रेस है, जिसने सिर्फ आम लोगों के हितों की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि हुड्डा सरकार ने किसानों के लिए ऐसी योजनाएं लागू की गई जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है साथ ही साथ क्षेत्र में विकास की गंगा बही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भूमि नीलाम का काला कानून समाप्त करके किसानों को राहत पहुंचाई है। आज किसान खुशहाल है और साथ ही साथ सभी तबगों के लोगों में खुशी का आलम है। उन्होंने कहा कि इनेलो सुप्रीमों ओम प्रकाश चौटाला व उनके पुत्रों ने गुंडागर्दी व भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर प्रदेश का विनाश करने का काम किया है, वहीं भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश को उन्नति व खुशहाली के रास्ते पर लाकर एक अनोखी मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि डा. के.वी. सिंह एक ईमानदार व संघर्षशील व्यक्ति हैं और उन्होंने डा. सिंह का बहुत करीबी से देखा है। उन्होंने कहा कि डा. सिंह ने डबवाली के लोगों के लिए जो स्वप्न देखा है वह लोगों के सहयोग से ही पूरा हो पायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. के पद पर रहते हुए डबवाली हलका के लोगों के लिए बहुत सारी योजनाएं लागू करवाकर हलके को विकास की पटरी पर ला खड़ा किया है। इस अवसर पर डा. के.वी. सिंह ने लोगों को अपने पक्ष में मतदान की अपील की और विश्वास दिलाया कि उनकी कलम हमेशा लोगों की भलाई के लिए ही कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालातों से स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आयेगी और डबवाली के लोगों का राज में हिस्सा तभी बनेगा जब कांग्रेस पार्टी का प्रत्याशी जीत कर विधान सभा में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि डबवाली हलके के विकास के लिए उन्होंने जो मुहिम चला रखी है वह तभी सफल होगी जब लोग उनका साथ देंगे। उन्होंने कहा कि विधायक बनते ही वे क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएंगे और हलका के बेरोजगार युवकों को नौकरियां दिलावने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वह विधायक बनकर हलके के लोगों के बीच में रहकर ही कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्होंने हलके के लोगों की समस्याओं का निपटारा करवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। डबवाली शहर की वर्षों पुरानी ओवरब्रिज की मांग के लिए 25 करोड़ रुपये मंजूर करवा दिये हैं और जल्द ही इस पर कार्य शुरु हो जायेगा। उन्होंने लोगों को 8 अक्तूबर को मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की डबवाली में होने वाली रैली में भारी संख्या में पहुंचने का न्यौता भी दिया। इस अवसर पर डा. महेन्द्र सिंह रिणवा, ओम प्रकाश केहरवाला, अनिल खोड़, स. जसवंत बराड़, संदीप चौधरी, अमित सिहाग, रामजी लाल, नवरतन बांसल, मा. सम्पूर्ण सिंह, स. सरदूल सिंह रंधावा, सुरेश मैहता, स. दरबारा सिंह, संजय हिटलर, सतीश शर्मा, विनोद सरपंच, गीता शर्मा, कीर्त सिंह सरपंच, प्रेम कुमार सरपंच, कृष्ण सरपंच चौटाला, रमेश बागड़ी, श्योपत भाटी, मुखराम सिहाग, सतपाल रिसालिया, महोवीर सोढा, लालचंद, विजय सहारण, छोटू राम सहारण, रमेश बेरड़, हरचंद सरपंच, जग्गा बराड़, राजेन्द्र जैन, रमेश बागड़ी, नंद लाल धानक, राकेश वाल्मीकि सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: