18 जून 2020

यंगिस्तान का कमाल 20 युवाओं ने 10 घंटे में 2000 मछलियों, 100 कछुओं को बचाया

रामपुरा गांव में बजरंग दल तथा राष्ट्रमेव जयते चेरिटेबल ट्रस्ट के 20 युवाओं ने पेश की मिसाल

डबवाली(लहू की लौ)युवा काम करने पर आ जाएं तो क्या नहीं कर सकते। कुछ ऐसा ही देखने को मिला रामपुरा बिश्नोईयां में। बुधवार को एक-एक करके इक्ट्ठा हुए 20 युवाओं ने लगातार 10 घंटे तक काम करके करीब एक हजार मछलियों तथा 100 कछुओं को जीवनदान दिया। दरअसल, गांव में बने जोहड़ में पानी न होने के कारण पिछले कुछ दिनों से मछलियां मर रही थीं। कहा जा रहा है कि जोहड़ की चाहरदीवारी के लिए पंचायत के पास ग्रांट आई हुई है। इसलिए पंचायत ने जोहड़ की सफाई करवाकर ग्रांट का प्रयोग करने की प्लानिंग की थी। नहर आने के बाद जोहड़ में पानी नहीं भरा गया था। पंचायत की अव्यवस्थित प्लानिंग के कारण जोहड़ में पानी कम रह गया, इस वजह से जीव जंतु मरने लगे थे। पंचायत ने मरे हुए जीव जंतुओं के लिए जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर कार्य की इतिश्री कर दी। लेकिन बजरंग दल तथा राष्ट्रमेव जयते चेरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े युवाओं को कुछ ओर ही मंजूर था।
सुबह करीब 8 बजे युवा कस्सी, बाल्टियों के साथ इक्ट्ठे हुए। करीब 10 घंटे लगातार काम किया। पंचायत द्वारा खोदे गए गड्ढे को बड़ा किया गया। इसके बाद टैंकर के पानी से गड्ढे को भरा गया। जोहड़ में बचे पानी में से मछलियों को निकाल-निकालकर गड्ढ़े में छोड़ा गया। युवाओं ने करीब दो हजार से ज्यादा मछलियां बचाने का दावा किया है। इसके अतिरिक्त 100 से ज्यादा कछुए बचाए। ग्रामीण धूप सुथार हर रोज पानी का टैंकर गड्ढे में डालेंगे, ताकि जीव-जंतु सुरक्षित रहें। उपरोक्त कार्य बजरंग दल के विष्णु, राष्ट्रमेव जयते के मनोहर लाल रामगढ़, युवा दीपक शर्मा, प्रवीण पुरी, राधेश्याम पुरी, रोहित वर्मा, अमन टांडा, प्रवीण, रवि, चिमन लाल, प्रिंस, रविकांत के नेतृत्व में हुआ।

इस बार नहर कम दिन चली थी। इस वजह से जोहड़ में पूरा पानी नहीं भर सकें। जोहड़ में दो-दो फुट रह गया था, अधिक तापमान के कारण मछलियां मर गई। पंचायत ने जेसीबी से गड्ढा खोदकर उसमें मरी हुई मछलियां डाल दी थी। पंचायत के पास ग्रांट आई हुई है, अब जोहड़ की सफाई करवाने के बाद ही चाहरदीवारी करवाएंगे। युवकों ने जोहड़ में से जीव जंतुओं को बचाया है, इस संबंध में जानकारी नहीं है।
-सोहन लाल, सरपंच प्रतिनिधि, रामपुरा बिश्नोइयां

कोई टिप्पणी नहीं: