13 दिसंबर 2014

शहर में मेडिकल वेस्ट से फैल सकता है इंफेक्शन

नई किरण संस्था के अभियान के दौरान सामने आया मामला

डबवाली (लहू की लौ) कुछ चिकित्सीय संस्थान मेडिकल वेस्ट को सरेआम सड़कों या फिर कूड़ा डिपो पर फेंक रहे हैं। जिससे शहर में इंफेक्शन फैलने का खतरा बढ़ गया है। नई किरण संस्था ने सफाई अभियान के दौरान इसका खुलासा हुआ है। सरकारी अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकार ने इसे खतरनाक करार देते हुये प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का मामला बताया है।
संस्था के सदस्य शुक्रवार को कलोनी रोड़ रेलवे फाटक के नजदीक कूड़ा डंपिंग प्वाईंट पर कूड़ा एकत्रित कर उसे डस्टबिन में भर रहे थे। इसी दौरान कूड़े में मेडिकल वेस्ट पड़ा मिला। जिसमें काफी संख्या में इंजेक्शन सीरिंज थी। संस्था सदस्यों ने एक निजी अस्पताल के जरिये उपरोक्त मेडिकल वेस्ट को नष्ट करवा दिया। इससे पूर्व आज संस्था ने हिंदी फीचर फिल्म जय हो की तर्ज पर अपने अभियान की शुरूआत की थी। संस्था सदस्यों ने डस्टबिन तक कूड़ा डालने के लिये आये लोगों से कहा कि आपने कूड़ा डस्टबिन में डाला है इसके लिए आपको 'थैंक्यूÓ। कृप्या आप तीन अन्य लोगों को भी कूड़ा सड़क पर फेंकने की बजाए वहां रखे डस्टबिन में डालने के लिए जरूर प्रेरित करें। संस्था के अध्यक्ष कर्ण कामरा ने कहा कि अभियान सात दिनों तक चलेगा व इसके बाद भी किसी को यहां कूड़ा नहीं फेंकने दिया जाएगा। शहर में यह अभियान भी चलाया जाएगा कि हर व्यक्ति तीन अन्य लोगों को कूड़ा डस्टबिन में ही डालने के लिए प्रेरित करें ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचे। इस मौके पर लवली शर्मा, मोहन मोंगा, विकास गर्ग, आकाश मित्तल व अन्य सदस्य उपस्थित थे।

मेडिकल वेस्ट है खतरनाक
मेडिकल वेस्ट खतरनाक है। कूड़ा में पड़ा होने पर यह ज्यादा खतरनाक हो जाता है। चूंकि कूड़े में पशु मुंह मारते हैं। वहीं कागज बीनने वाले छोटे-छोटे बच्चे कूड़े में प्रवेश करते हैं। कूड़े को नगर परिषद कर्मचारी उठाते हैं। इससे उन्हें इंफेक्शन हो सकता है। यहीं नहीं हवा के जरिये भी मेडिकल वेस्ट से इंफेक्शन का खतरा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड इसे कंट्रोल करता है। शिकायत मिलने पर संबंधित विभाग को इसके बारे में सूचित किया जायेगा।
-एमके भादू, एसएमओ, डबवाली

कोई टिप्पणी नहीं: