23 जुलाई 2011

रेल लाईन में मिले दो शव


एक शव की पहचान हुई, दूसरे को पहचान के लिए रखा
डबवाली (लहू की लौ) डबवाली-बठिंडा रेलवे ट्रेक पर शुक्रवार को दो व्यक्तियों के शव मिले। जिसमें से एक की पहचान हुई। जबकि एक शव को पहचान के लिए 72 घंटो के लिए बठिंडा के सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
सुबह करीब सवा पांच बजे डबवाली रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ रही कालका मेल रेल लाईन में एक व्यक्ति का शव पड़ा देख डूमवाली बाईपास के निकट गेट नं. 31 पर आकर अचानक रूक गई। गाड़ी के चालक ने रेल लाईन में शव पड़ा होने की सूचना रेलवे स्टेशन अधीक्षक महेश सरीन को दी। सूचना पाकर बठिंडा जीआरपी के एएसआई जगदीश चन्द्र मौका पर पहुंचे। शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया गया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने बताया कि गुरूवार शाम को मृतक को सड़क किनारे बैठा शराब पीता देखा गया था। शुक्रवार सुबह रेल लाईन के बीचों-बीच मृत मिला। ऐसा प्रतीत होता था कि मृतक रेल लाईन में कंबल बिछाकर उसके ऊपर पटरी को सिरहाना समझकर लेटा होगा। इसी दौरान गाड़ी आई और उसे अपनी चपेट में ले लिया।
जांच अधिकारी एएसआई जगदीश चन्द्र ने बताया कि मृतक व्यक्ति की आयु करीब 40 साल, कद साढ़े पांच फुट, रंग गेहूंआ, चेहरे पर छोटी काले-सफेद रंग की दाढ़ी है। उसके हल्की खाकी रंग का कुर्ता-पजामा, दाए पांव में चप्पल तथा बाएं पांव में जूती पहनी हुई है। मृतक दिहाड़ीदार मजदूर प्रतीत होता है। उसकी जेब से नशे की गोलियां तथा कुछ मात्रा में पोस्त बरामद हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के फिंगर प्रिंट लिए गए हैं। आस-पास के खेतों, ढाणियों में रह रहे लोगों के पास सूचना पहुंचा गई है। आस-पास के थानों तथा चौंकियों को भी सूचित किया गया है। फिलहाल पहचान के लिए शव को 72 घंटों के लिए बठिंडा के सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
संदिग्ध मौत
हर रोज की भांति आज भी रेलवे का की-मैन बाबू लाल रेल लाईन चैक कर रहा था। सुबह 7 बजे उसने गांव डूमवाली-पथराला के बीच गेट नं. 29 के पास रेल लाईन में पड़ा एक शव देखा। इसकी सूचना तत्काल स्टेशन अधीक्षक महेश सरीन को दी। जानकारी पाकर मौका पर डबवाली जन सहारा सेवा संस्था के सदस्य तथा जीआरपी बठिंडा से एचसी हरबंस सिंह मौका पर पहुंचे। मृतक के पहने कुर्ते की जेब से मिले एक विस्टिंग कार्ड के पीछे लिखे नंबरों के आधार पर मृतक की पहचान गांव सिंघेवाला निवासी 32 वर्षीय सुखराज के रूप में की गई। शव से कुछ दूरी पर शराब की बोतल भी पड़ी हुई मिली। जिसमें कुछ शराब बाकी थी।
सुखराज की पत्नी सुनीता (30) ने बताया कि उसका पति जामुन और किन्नू के बागों का ठेकेदार था। इन दिनों उसने गांव कुत्तियांवाली में जामुन के बाग ठेके पर लिए हुए थे। 9 जुलाई को उसकी बहन की शादी थी। शादी में भाग लेने के लिए वह अपने मायके गांव तरमाला गई हुई थी। मंगलवार को उसने फोन पर सुखराज से बात की। सुखराज ने उसे बताया कि इस बार उसे जामुन में घाटा पड़ा है। वह नहीं आ सकता। वे घर लौट आएं। उसके बाद उसकी कोई बात नहीं हुई। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे गांव का जसविंद्र नामक युवक उसे सुखराज का मोबाइल दे गया। मृतक के दो बेटे मनप्रीत सिंह (8), नवीन (6) हैं।
इधर सुखराज के पार्टनर बलदेव सिंह तथा बलवंत सिंह ने बताया कि वह गुरूवार सुबह करीब 8 बजे फीटर रेहड़ा पर अपने गांव तरमाला के लिए रवाना हुआ था। लेकिन उसका फीटर रेहड़ा मलोट रोड़ पर खड़ा है। जबकि करीब पांच किलोमीटर दूर रेल लाईन में उसका शव पड़ा है। इन लोगों ने बताया कि जामुन में उन्हें घाटा नहीं पड़ा है। करीब तीन माह पूर्व ही सुखराज उनसे जुड़ा था। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच की मांग की।
उधर सुखराज के भाई बनवारी, ओमप्रकाश ने बताया कि वे लोग करीब बीस सालों से ठेकेदारी करते आ रहे हैं। व्यापार में उतार-चढ़ाव भी आते रहते हैं। उसके भाई ने अपनी पत्नी को लेने गांव तरमाला जाना था। लेकिन वह डबवाली कैसे आ गया, उन्हें भी मालूम नहीं। उन्हें संदेह है कि उसके भाई के साथ कोई अप्रिय घटना घटित हुई है। यह इत्तेफाकिया मौत नहीं है।
मामले की जांच कर रहे जीआरपी बठिंडा के हवलदार हरबंस सिंह ने बताया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। मृतक के ससुर प्यारा लाल निवासी तरमाला तथा भाई ओमप्रकाश के ब्यान पर फिलहाल दफा 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सवाल जिनके जवाब नहीं?
1. सुखराज के शरीर का ऊपरी भाग मौजूद है, जबकि पेट से निचला भाग नहीं है?
2. शव फूला हुआ है। चौबीस घंटे के भीतर लाईन में पड़ा शव कैसे फूल सकता है?
3. मृतक का फीटर रेहड़ा घटनास्थल से पांच किलोमीटर दूर डबवाली में क्या कर रहा है?
4. मृतका की पत्नी, भाईयों तथा उसके पार्टनरों के ब्यान अलग-अलग क्यों पड़ रहे हैं?

कोई टिप्पणी नहीं: