24 अगस्त 2010

सुखबीर बादल ने युवाओं को नशे की दलदल में धकेला-बिट्टू

बठिंडा (सिंगला/शर्मा) अकाली-भाजपा सरकार हर बार पैसे की दुहाई देते हुए कहती है कि केन्द्र सरकार मदद नहीं कर रही जबकि केन्द्र सरकार से सबसे ज्यादा पैसा प्रकाश सिंह बादल लेकर आये हैं। बादल विकास कार्य न होने के लिए जिम्मेवार केन्द्र सरकार को ठहरा कर स्वयं बचने की कोशिश करते हैं।
उपरोक्त शब्द यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद रवनीत बिट्टू तथा आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव व पंजाब प्रभारी विकास उपाध्याय ने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने युवाओं से झूठे वायदे करके युवा वर्ग को नशे की दलदल में धकेल दिया है। रोजगार से रोजगार छीन कर उसे बेरोजगार बना दिया है। जमीनों पर कब्जे किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले यूथ कांग्रेस नशे में फंसी नौजवान पीढ़ी को नशे से बाहर निकालने का काम करेगा।
विकास उपाध्याय ने कहा कि यूथ कांग्रेस एक शक्तिशाली संगठन है जो हर अत्याचारी से लडऩे की ताकत रखता है। उन्होंने कहा कि अगर नशे का कहर इसी प्रकार जारी रहा तो पंजाब की जवानी ही समाप्त हो जायेगी। इस मौके पर आशू ठाकुर, कोमल सरीन, लक्खा सिंह, रघुवीर सिंह, रूपिन्द्र बिन्द्रा व अन्य जिलों के युवा कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं: