14 नवंबर 2009

पदमपुर में आरएमपी डॉक्टर की गोली मारकर हत्या

श्रीगंगानगर। पदमपुर कस्बे में आज रात एक आरएमपी डॉक्टर की कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह डॉ. गुरमीतसिंह (45) रात्रि 8 बजे बिजली बोर्ड के समीप गुरूद्वारा गुरूनानक दरबार के पीछे वाली गली मेें अपने मोटरसाइकिल के पास खून से लथपथ पड़े हुए मिला। एक राहगीर ने डॉक्टर को जब खून से लथपथ पड़े देखा तो शोर मचाया। डॉ. गुरमीतसिंह को तुरंत ही नजदीक के प्राइवेट डॉक्टर के पास ले जाया गया। गोली उनके बगल में लगी हुई थी। प्राइवेट डॉक्टर ने चैकअप के बाद गुरमीतसिंह को मृत घोषित कर दिया। तत्पश्चात उनके शव को सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस हत्याकांड से पदमपुर में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल तथा सरकारी अस्पताल में एकत्रित हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पदमपुर पहुंच रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. गुरमीतसिंह का पदमपुर में मैन रोड पर क्लीनिक है। करीब आठ बजे डॉ. गुरमीतसिंह मोटरसाइकिल पर घर जाने के लिए रवाना हुए थे। गुरूद्वारा गुरूनानक दरबार के पीछे की अंधेरी गली में से गुजरते समय उन पर किसी ने गोली चला दी। इस सुनसान-अंधेरी गली में डॉ. गुरमीतसिंह लगभग आधे घंटे तक पड़े रहे। इस दौरान कोई यहां से नहीं गुजरा। इसी अवधि में अत्याधिक खून बह जाने से डॉ. गुरमीतसिंह की हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। बेहोशी की हालत में ही उनकी मृत्यु हो गई। मूलत: चक 5 ईईए निवासी डॉ. गुरमीतसिंह पिछले कुछ समय से पदमपुर में बिजली बोर्ड के समीप अपने मकान में सपरिवार रह रहे थे। उनका परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कस्बे में डॉ. गुरमीतसिंह की हत्या को लेकर अनेक तरह की अटकलें लग रही हैं। समाचार लिखे जाने के समय पुलिस हत्यारों का सुराग लगाने में जुट गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं: