27 नवंबर 2013

हरियाणा सरकार के खिलाफ उठेंगे एक साथ 40 हजार हाथ
डबवाली (लहू की लौ) आने वाले दिनों में हरियाणा सरकार को आफत का सामना करना पड़ सकता है। भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा के 40 हजार कार्यकर्ता तीन दिवसीय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेसी सांसदों, विधायकों तथा मंत्रियों के आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
सरकार ने की वायदा  खिलाफी-जिला सचिव
भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा जिला सिरसा के सचिव नत्थू राम ने बताया कि 23 अगस्त को सीएम आवास पर सरकार के साथ यूनियन की बैठक हुई थी। जिसमें सरकार ने उनकी मांगों पर सहमति जताते हुए उसे लागू करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद गोहाना में कांग्रेस की रैली हुई। लेकिन सीएम ने मजदूरों के लिए कोई घोषणा नहीं की। यूनियन सरकार को धोखेबाज मान रही है। जिला सचिव के अनुसार सरकार की वायदाखिलाफी पर यूनियन आगामी 4, 5 तथा 6 दिसम्बर को कांग्रेसी विधायकों, सांसदों तथा मंत्रियों के आवास पर प्रदर्शन करके उन्हें ज्ञापन सौंपेगी।
नत्थू राम के अनुसार प्रदेश में करीब 10 लााख् मजदूर हैं। लेकिन अभी तक 10 प्रतिशत मजदूरों का पंजीकरण हुआ है। पंजीकरण सीधे वोटर कार्ड, पहचान पत्र से किया जाए। चूंकि अधिकतर मजदूर अनपढ़ हैं। उपरोक्त कार्यक्रम के अतिरिक्त आगामी 12 तारीख को सीटू के आह्वान पर मजदूर दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में भी भाग लेंगे।
सांसद के आवास पर प्रदर्शन 5 को
अपने तय कार्यक्रम अनुसार यूनियन सदस्य 5 दिसम्बर को सिरसा में भी विरोध दर्ज करवाएंगे। यूनियन के सदस्य एक जगह पर एकत्रित होंगे। सरकार के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए सांसद अशोक तंवर के आवास पर पहुंचेंगे। इस मौके पर एक ज्ञापन भी सौपेंगे।
ये हैं मुख्य मांगे
1. पंजीकरण वोटर कार्ड के आधार पर हो।
2. कन्यादान राशि बढ़ाकर 51 हजार की जाए।
3. मृत्यु के मामले में राशि 5 लाख रूपए की जाए।
4. इलाज के लिए स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएं।

कोई टिप्पणी नहीं: