03 जुलाई 2011

हे भगवान क्राइम खत्म करने की शक्ति दो, हवन करके मांगी दुआ


डबवाली (लहू की लौ) सिटी में बढ़ रहे क्राईम तथा बढ़ते नशे को रोकने के लिए सिटी पुलिस ने हवन करवाकर भगवान से अपराधियों को गिरफ्तार करने की शक्ति मांगी। साथ में सिटी में सुख शांति रहे के लिए दुआ मांगी।
डबवाली शहर क्षेत्र में अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा है। अपराधी वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ते। पुलिस अपराधियों को शीघ्र पकडऩे की इच्छा के साथ ईश्वर से दुआ करती है। शनिवार को मंत्रोच्चारण के बीच सिटी थाना के सभी कर्मचारियों ने मिलकर हवन यज्ञ करवाया।
कार्य स्थल पर गूंजे मंत्र
शनिवार को थाना शहर परिसर में धार्मिक माहौल था। सभी कर्मचारी पूजा अर्चना के लिए सुबह सवा 6 बजे ही हवन कुंड के पास बैठ गए। करीब सवा घंटा तक हवन यज्ञ करवाने वाले पुरोहित बालकृष्ण की आज्ञा से यज्ञ में आहुतियां डालते रहे। इस मौके पर मुख्य यजमान के रूप में डीएसपी बाबू लाल उपस्थित रहे।
हालांकि पुलिस थाना परिसर में रामभक्त हनुमान का मंदिर बना हुआ है। लेकिन इसके बावजूद भगवान सीधी दृष्टि थाना में काम करने वाले सभी कर्मचारियों और अधिकारियों पर रहे, इसलिए मंदिर की अपेक्षा कार्य स्थल को हवन यज्ञ के लिए चुना गया।
एएसआई ने दी सलाह
एएसआई राजकुमार धार्मिक प्रवृत्ति के हैं। इसलिए उन्होंने बढ़ते क्राईम, नशाखोरी पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए डंडे की बजाए भगवान का सहारा लेने की सलाह अपने साथियों को दी। उन्हीं की सलाह पर इस धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन हुआ। जिसमें सर्वप्रथम श्री गणेश की पूजा अर्चना के बाद धरती पूजन, वास्तु पूजन, नवग्रहों के पूजन के साथ-साथ सभी देवी-देवताओं की अराधना तथा गायत्री मंत्र के साथ पूर्णाहुतियां डाली गई।
दुआ मांगी
हवन में आहुति डालते हुए डीएसपी बाबू लाल, सिटी थाना प्रभारी एसआई महावीर सिंह, एएसआई राजकुमार, एएसआई कृष्ण कुमार, एएसआई तुलसी राम, एचसी भरत सिंह, अजीत सिंह, जयप्रकाश, चरणजीत सिंह, कांस्टेबल राजकुमार, विजय कुमार, अमरजीत सिंह, नफे सिंह सहित अन्य पुलिस मुलाजिमों ने ईश्वर से दुआ की कि वह सिटी में ऐसा माहौल पैदा करे कि अपराध और अपराधियों के इरादों पर पानी फिर जाए। लोगों में भाईचारा पैदा हो। सभी को सदबुद्धि मिले। अमन-चैन रहे। स्वयं ने जाने या अनजाने में जो कुछ गलतियां हो गई, उनके लिए क्षमा याचना की।
हवन के बाद अपराध होंगे कम
हवन के बाद डीएसपी बाबू लाल ने कहा कि ईश्वर का नाम लेना कोई बुराई नहीं है। इस प्रकार के आयोजन कार्य करने की शक्ति को बढ़ाते हैं। नगर की सुख-शांति और समृद्धि तथा पुलिस की रक्षा के लिए इस प्रकार का आयोजन करना हमारी संस्कृति में शामिल है। हवन यज्ञ से यहां देवी-देवता प्रसन्न होते हैं। वहां वातावरण भी शुद्ध होता है। जिससे आरोग्य प्राप्त होता है। हवन यज्ञ के बाद अपराधों में कमी आएगी।

कोई टिप्पणी नहीं: