05 जनवरी 2011

किसान को लूटा

डबवाली (लहू की लौ) गांव अबूबशहर में पिस्तौल के बल पर एक किसान को लूटने का मामला सामने आया है। लूट के बाद लुटेरों ने किसान को नहर में फेंकने का प्रयास किया। घटना सोमवार देर रात की है। दोनों लुटेरे बाईक पर सवार थे।
सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन किसान बलदेव सिंह (62) निवासी अबूबशहर ने बताया कि रात को उनके खेत में पानी की बारी थी। उसका बेटा गुरप्रीत सिंह तथा भतीजा सुखदीप सिंह पानी लगा रहे थे। करीब साढ़े सात बजे वह खेत में गया। वहां उसके भतीजे सुखदीप ने पिछले दिनों धान की बिकवाली से प्राप्त हुई बारह हजार रूपए की नकदी उसे दी। जो उसे धान का एक व्यापारी उसे देकर गया था। रात करीब 9 बजे वह खेत से पैदल अपने घर जा रहा था। मार्ग में बाईक पर पीछे से आए दो युवकों ने उसे पिस्तौल के बल पर रोक लिया और अपने साथ काला तितर पर्यटन स्थल की ओर ले गए। यहां झाडिय़ों में उन्होंने उससे मारपीट करते हुए पिस्तौल के बटों से चोटें मारी।
इस दौरान लुटेरों ने उससे उसकी जेब में रखी बारह हजार रूपए की नकदी, सोने की अंगूठी, घड़ी भी छीन ली। लूट के बाद लुटेरों ने उसे राजस्थान कैनाल में फेंकने का प्रयास किया। लेकिन उसके शोर मचाने पर पास के खेतों में काम कर रहे युवकों को उसकी ओर आते हुए देखकर लुटेरे हवाई फायर करते हुए वहां से भाग खड़े हुए।
चौटाला पुलिस चौकी इंचार्ज जीत सिंह ने बताया कि शिकायत उनके पास पहुंची है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं: