09 नवंबर 2010

शराब ने मारा दिहाड़ीदार मजदूर

डबवाली (लहू की लौ) शराब की आदत गांव पन्नीवाला मोरिकां के गुरदेव सिंह की मौत का कारण बन गई। नशे में गंदे पानी के जोहड़ में गिरने के 17 घंटो के बाद उसके शव को बाहर निकाला गया।
गांव पन्नीवाला मोरिकां निवासी गुरदेव सिंह (60) दिहाड़ीदार मजदूर था। रविवार शाम करीब 7 बजे वह डबवाली में दिहाड़ी करके घर वापिस आया। उसकी पत्नी बलवीर कौर (58) ने उसे खाना खाने को कहा। लेकिन उसने गांव में बने शराब के ठेके पर जाने की जिद पकड़ ली और चल दिया। शराब ठेका पर उसने शराब पी। शराब का अत्यधिक सेवन करने के बाद वह खुद पर नियंत्रण नहीं रख सका और गांव के बस अड्डा पर आकर गिरने लगा।
गांव के सोनी खान (23), चेला राम (40), पिरथी (30) ने बताया कि रविवार रात को वे गांव के बस अड्डा पर बैठे थे। इसी दौरान गुरदेव की भेंट उनसे हुई। उस समय गुरदेव सिंह शराब पीए हुए था। उन्होंने उसे संभाला। कुछ देर बाद गुरदेव वहां से चला गया। निकट स्थित गंदे पानी के जोहड़ में कोई वस्तु गिरने की आवाज हुई। गुरदेव सिंह भी कहीं दिखाई नहीं दिया। वे लोग मौका पर पहुंचे, कोई व्यक्ति जोहड़ से बाहर निकलने के लिए छटपटा रहा था। शोर मचाने पर काफी लोग मौका पर जमा हो गए। जोहड़ में डूबते व्यक्ति को बचाने के लिए गांव के जगजीत सिंह, कैंची, भोला नामक तीन युवक जोहड़ में उतर गए। गांव के गुरूद्वारा में इस घटना की सूचना दी गई। गुरदेव को बचाने के लिए ग्रामीणों का हजूम उमड़ पड़ा। रात करीब अढ़ाई बजे तक प्रयास चलते रहे। लेकिन ग्रामीणों की तमाम कोशिशें धरी की धरी रह गई।
सोमवार सुबह पुन: तीन फीटर लगाकर 15 फुट गहरे जोहड़ का पानी निकाला गया। ग्रामीणों को 17 घण्टों के अथक प्रयास के बाद उस समय सफलता हाथ लगी, जब ग्रामीणों की दृष्टि गुरदेव के शव पर पड़ी। उसे बाहर निकाला गया। गांव के सरपंच जगदीप सिंह, ग्रामीण जगजीत सिंह, राजा सिंह, जोगिन्द्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, मक्खन सिंह, राजू सिंह, बंसी सिंह, हरप्रीत सिंह, दीपा सिंह, परमेश्वर सिंह, राजेन्द्र सिंह आदि ने बताया कि उन्होंने कभी भी गुरदेव सिंह को लड़ते-झगड़ते नहीं देखा। लेकिन वह शराब पीने का आदि था। शराब ही उसकी मौत की वजह बन गई।
गुरदेव के तीन बेटे गोपाल, इकबाल और विजय सिंह हैं। वे भी दिहाड़ी मजदूरी करके अपना पेट पालते हैं। मृतक गुरदेव की पत्नी बलवीर कौर ने भी स्वीकारा कि उसका पति शराब पीने का आदि था।

कोई टिप्पणी नहीं: