10 सितंबर 2010

15 सालों से जंजीरों में जगवीर

डबवाली (लहू की लौ) 'तेलू दे मुंडे की लत बड़ी करड़ी है, किन्ना भी मोड़ी जाईए मुडदी ही नहींÓ अपने बेटे के यह शब्द किलकारी बनकर उपमंडल डबवाली के गांव पन्नीवाला रूलदू की एक दम्पत्ति के कानों में गूंज रहे हैं। उनका बेटा अब 28 सालों का हो गया है। लेकिन मानसिक रूप से परेशान है। शायद यही कमजोरी उसका कसूर बन गई। जिसके कारण मजबूर दम्पत्ति ने अपने कलेजे पर पत्थर रखकर उसे जंजीरों में जकड़ दिया।
गांव पन्नीवाला रूलदू में रहने वाले घग्घी सिंह (52) का बेटा जगवीर उर्फ जग्गा पिछले 15 सालों से जंजीरों में जकड़ा घर के एक कोने में बैठा हुआ है। लेकिन जन्म से वह ऐसा नहीं था। गांव के सरकारी स्कूल से कक्षा पहली, दूसरी और फिर तीसरी पास की। लेकिन चौथी कक्षा में कदम रखते ही न जाने जग्गा को क्या हुआ। हंसता-खेलता चेहरा एकदम से मायूस पड़ गया। स्कूल छोड़ दिया, घर के सदस्यों से बात करनी छोड़कर अपनी ही दुनियां में खो गया। बीतता समय उसका जख्म और गहरा करता गया। 10 वर्ष की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते वह इतना आक्रमक हो गया कि जो भी उसके सामने आता वह उसे मारने के लिए दौड़ता। बिना बताए वह घर से भाग जाने लगा। उसके मां-बाप उसे दिखाने के लिए कभी तांत्रिक, तो कभी डॉक्टर के पास लेजाते। इसके बावजूद भी उसकी आदतें नहीं बदली। अलबत्ता वह ओर ज्यादा खूंखार हो गया। मासूम चेहरे पर हैवान का चेहरा कैसे लग गया। यह किसी की समझ में नहीं आया। मजबूरन हरकतों से तंग आए मां-बाप ने जग्गा को जंजीरों में डाल दिया।
बकौल घग्घी सिंह (52) वह एक दिहाड़ीदार मजदूर है। उसके दो बेटे हरफूल (32) तथा जगवीर उर्फ जग्गा (28) हैं। हरफूल विवाहित है। लेकिन जगवीर को वे लोग बांधने को मजबूर हैं। चौथी कक्षा में दाखिल होते ही उसके बेटे को दौरे पडऩे लगे। कई बार उसे शिक्षा प्राप्त करते हुए कक्षा में ही दौरा पड़ा और वे उसे घर ले आए। दौरा पडऩे से पहले वह आक्रमक भी होने लगा। उसे डबवाली, सिरसा, बठिंडा, गंगानगर के चिकित्सकों के पास लेजाया गया। जगवीर के उपचार पर उसने अपनी दो कैनाल भूमि, घर में पुरूखों की दौलत तक लगा डाली। लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। वह घर से भागने लगा। जगवीर की हरकतें दिन-ब-दिन बढऩे लगी, वह घर के सदस्यों से भी उलझने लगा। जिसके कारण उसे अपने कलेजे पर पत्थर रखकर उसे जंजीरों में बांधना पड़ा।
घग्घी सिंह की पत्नी सुखदेव कौर (50) ने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि जगवीर को मिर्गी के दौरे पड़ते हैं तथा उसके दिमाग की नसें भी कमजोर हैं। जगवीर की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। वह और अधिक आक्रमक होता जा रहा है। जिसके कारण उसे नशे के इंजेक्शन तथा टेबलेट दी जा रही है।
मजबूर मां-बाप अपने बेटे जगवीर का ईलाज करवाकर थक चुके हैं। लेकिन अब भी उन्हें उनके घर में भगवान रूपी इंसान के पहुंचने की उम्मीद है। उन्हें आशा है कि वह इंसान जल्द आएगा और उसके बेटे के चेहरे की हंसी दोबारा लौटेगी।
डबवाली सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. विनोद महिपाल से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्हें आज ही जानकारी मिली है। इसकी जांच के लिए स्वास्थ्य कर्मी की डयूटी लगा दी गई है। स्वास्थ्य कर्मी की रिपोर्ट के बाद जगवीर का ईलाज करवाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: