03 मार्च 2010

गैस गीजर बना खतरों का जाल

डबवाली (लहू की लौ) उपभोक्ताओं की लापरवाही के चलते इन दिनों गैस गीजर से बेहोश होने वालों की संख्या तीव्र गति से बढ़ रही है। जबकि कुछ घटनाओं में तो शिकार लोग दम भी तोड़ चुके हैं। अकेले डबवाली नगर में इस प्रकार की करीब 50 घटनाएं घटित हो चुकी है। दो महिलाओं की मौत हो चुकी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार डबवाली नगर में गैस गीजरों का प्रयोग धड़ल्ले से होता है। चूंकि गैस गीजर से पानी जल्दी गर्म होता है और करंट आदि लगने की आशंका भी नहीं रहती। लेकिन इन गीजरों में थोड़ी सी लापरवाही किसी का जीवन भी ले सकती है। इसकी जानकारी उपभोक्ताओं को होने के बावजूद वे इसके प्रति सतर्क नहीं है।
ताजा घटना के अनुसार होली वाले दिन विक्रमादित्य अस्पताल वाली गली में दो सहेलियां स्नान करते समय गैस गीजर से निकलने वाली कार्बन मोनोडाईऑक्साईड की शिकार हो गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेजाया गया। जिसके चलते अनहोनी होने से बच गई। बताया जाता है कि इन लड़कियों का नाम कनिका और हर्षप्रीत है। हर्षप्रीत अपनी सहेली कनिका के घर आई हुई थी और वे उसके साथ ही स्नान कर रही थी, जब वह बेहोश हो गई।
अगर विशेषज्ञों की माने तो उनका कहना है कि गैस गीजर को हमेशा स्नान घर से बाहर लगाया जाना चाहिए। उनके अनुसार अगर जगह कम है और गैस गीजर स्नान घर में लगा है तो बाल्टी के भर जाने के बाद ही गीजर को बन्द करके स्नान घर में प्रवेश किया जाना चाहिए। उनके अनुसार एलपीजी से खतरा नहीं है, खतरा है तो कॉर्बन मोनोडाईऑक्साईड से। जोकि एलपीजी के प्रयोग के समय अक्सर बनती है।
चिकित्सकों के अनुसार गीजर लगे स्नान घर में जब भी सिरदर्द या चक्कर आने का आभास हो तो तुरन्त स्नान घर से बाहर आ जायें, उनके अनुसार कार्बन मोनोडाईऑक्साईड जब आदमी पर अपना प्रहार करती है तो उसमें इतनी कमजोरी आ जाती है कि वह आवाज भी नहीं लगा सकता। उन्होंने यह भी सलाह दी है कि घर वालों को भी चाहिए कि अगर स्नान घर में स्नान करते समय दस मिनट से अधिक समय स्नान करने वाले को लगता है, तो वे इसकी जांच जरूर कर लें कि वह भीतर ठीक है। कभी भी कॉर्बन मोनोडाईऑक्साईड का शिकार होने पर लापरवाही न बरतें और फौरन डॉक्टर का सहयोग लें।
डबवाली में गैस गीजरों के चलते करीब 50 घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन इसके बावजूद भी गैस गीजर का उपयोग करने वाले उपभोक्ता अपनी लापरवाही को छोडऩे के लिए तैयार नहीं है। चूंकि प्रत्येक उपभोकता घटना के बाद यही सोचता है कि यह घटना दूसरे के साथ घटित हुई है, उसका इससे क्या सम्बन्ध है। उल्लेखनीय है कि 27 जनवरी को बिमला नामक महिला गैस गीजर के प्रभाव के चलते स्नान करते समय दम तोड़ गई थी।
यह भी पता चला है कि पिछले दिनों आदर्श नगर में गैस गीजर के कारण स्नान कर करते समय सोनिया नामक युवती बेहोश हो गई थी। जिसे तत्काल एक प्राईवेट अस्पताल में लेजाया गया था। यदि मौका पर फाईनैंसर लवली मैहता न होता तो एक बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती थी।

कोई टिप्पणी नहीं: