11 मार्च 2010

12वीं का पेपर लीक

डबवाली (लहू की लौ) हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के पारदर्शितापूर्ण ढंग से परीक्षाएं सम्पन्न करवाने के दावे उस वक्त चकनाचूर हो गए जब 12वीं कक्षा का पर्चा लीक हो गया। रातभर 1 से लेकर 3 हजार रुपए तक यह पर्चा बिका और बोर्ड अधिकारियों को कानोंकान खबर तक नहीं हुई। आज सुबह जब पर्चा लीक होने समाचार प्रदेश भर में जंगल की आग की तरह फैल गया तो बोर्ड अधिकारियों की नींद खुली। बोर्ड ने यह पेपर रद्द कर जांच शुरू कर दी है। सिरसा में बोर्ड की परीक्षाएं सम्पन्न करवाने में ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारी पर्चे के जिले के बाहर से लीक होने की बात कह रहे हैं। बताया गया है कि पुलिस ने इस मामले में भिवानी व मुढाल से दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस इन लोगों से पूछताछ में लगी हुई है और यह पता लगा रही है कि उन्होंने पर्चा किससे खरीदा। उल्लेखनीय है कि भिवानी बोर्ड की परीक्षाएं 8 मार्च से शुरू हुई है। आज 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी और यह परीक्षा द्वितीय सत्र यानी अढ़ाई बजे ली जानी थी। बीती रात को बाजार में यह समाचार एक कान से दूसरे कान तक पहुंचना शुरू हो गया कि 12वीं का अंग्रेजी विषय का पेपर लीक हो गया है और यह पेपर एक हजार से तीन हजार रुपए तक बेचा जा रहा है। फिर क्या था संबंधित कक्षा के विद्यार्थी ही नहीं बल्कि उनके अभिभावक और रिश्तेदार तक पेपर को हासिल करने के लिए दौड़ पड़े। इस सम्बन्ध में जब जिला परीक्षा इंचार्ज शंकर लाल धंागड़ से बात की गई तो उन्होंने माना कि पर्चा लीक हो गया है। साथ ही यह भी जोड़ा कि यह पर्चा सिरसा से नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य स्थान से लीक हुआ है। फिर भी जिला के सैंटरों पर पहुंचे प्रश्रपत्रों के लिफाफों पर लगी सील की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी विषय की आज होने वाली परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं: