11 फ़रवरी 2010

पंचायत चुनावों के लिए माहौल गर्माया

औढ़ां (जितेन्द्र गर्ग) विधानसभा चुनावों के बाद गांवों में ग्राम पंचायत चुनावों को लेकर माहौल गरमाया हुआ है और सरपंच पद हेतु एक एक गांव में कई-कई उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। लेकिन अनुसूचित जाति व महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों को लेकर अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसे लेकर आगामी 18 फरवरी को खंड कार्यालय ओढ़ां 37 ग्राम पंचायतों व 17 पंचायत समिति सदस्यों के लिए आरक्षित की जाने वाली सीटों को ड्रा निकाला जाएगा।
यह जानकारी देते हुए खंड कार्यालय के पटवारी सतपाल ने बताया कि 18 फरवरी को एसडीएम डबवाली मनीष नागपाल की अध्यक्षता में खंड कार्यालय में ड्रा निकाले जाएंगे। उन्होंने बताया कि खंड ओढ़ां के 37 गांवों में से सरपंचों की 8 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होंगी जिनमें से 3 महिला सरपंच होंगी। बाकी बची 29 सामान्य वर्ग की सीटों में से 9 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी जबकि बची 20 सीटों पर पुरुष व महिला दोनों चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि खंड ओढ़ां के कुल 374 पंचों में से 163 सीट अनुसूचित जाति के लिए होंगी जिनमें से 49 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। बाकी बची 211 सामान्य वर्ग की सीटों में से 33 महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। उन्होंने आगे बताया कि इसी प्रकार पंचायत समिति सदस्यों की 17 सीटों में से 7 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होंगी जिनमें से 2 महिलाएं होंगी। बाकी बची सामान्य वर्ग की 11 सीटों में से 4 महिलाएं होंगी।

कोई टिप्पणी नहीं: