02 फ़रवरी 2010

बिहार में अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे : राहुल

बेतिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने आज कहा कि उनकी पार्टी बिहार में अगला विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। बिहार के दो दिवसीय दौरे के क्रम में राहुल आज पश्चिम चंपारण जिले के भितिहरवा गांव पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आश्रम में जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। गांधी आश्रम परिसर में राहुल ने आंतरिक चुनाव में शामिल होने के लिए पार्टी के संभावित युवा उम्मीदवरों के साथ बातचीत की।
राहुल ने कहा कि जनता का भरोसा खोने के कारण बिहार में कांग्रेस की यह दुर्गति हुई थी और अगला चुनाव उनकी पार्टी अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हवाई नेताओं के दिन लद गए। अब नेता पैराशूट से नहीं गिराए जाएंगे बल्कि गांव के पंचायत से बनेंगे। राहुल ने कहा कि जिनकी जमीन मजबूत होगी, वही आगे बढेंग़े तथा जो जनता के बीच जाकर उनके लिए संघर्ष करेगा उसी को पार्टी का टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांगेस की ओर देश के युवाओं का झुकाव तेजी से बढ़ रहा है और युवाओं के जरिए पार्टी के संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। राहुल ने कहा कि बिहार में बदळाव लाना है और युवा कांग्रेस के नेता यहां की जनता के लिए लड़ेंगे।
पश्चिम चंपारण जिले के भितिहरवा गांव से विशेष हेलिकाप्टर से रवाना हुए राहुल दरभंगा के ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में आयोजित एक गैर राजनीतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे। दरभंगा में भी राहुल पार्टी के आंतरिक चुनाव में शामिल होने के लिए संभावित उम्मीदवरों के साथ बातचीत करेंगे। राहुल आज ही दरभंगा से गया के लिए रवाना होंगे और बोधगया में पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राहुल वहां भी पार्टी के आंतरिक चुनाव में शामिल होने के लिए संभावित उम्मीदवरों के साथ बातचीत करेंगे। राहुल आज ही गया से पटना लौट आएंगे और शाम में यहां कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की एक समिति को संबोधित करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं: