12 अक्तूबर 2009

किसान-कमजोर वर्ग का चक्र हुड्डा ही घुमाते रहेंगे: सोनिया गांधी

हुड्डा ने डंडा राज खत्म किया

डबवाली : ''अन्नदाता और जीवनदाता हैं किसान, कांग्रेस उसकी उपेक्षा नहीं कर सकती।ÓÓ हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बिना किसी भेदभाव के विकास हुआ है, जो पूर्व की इनैलो-भाजपा सरकार ने नहीं किया था। उस सरकार ने किसानों के साथ अल्पसंख्यकों की भी उपेक्षा की। कांग्रेस का संकल्प है कि वह आगे भी हुड्डा और अन्य नेताओं के नेतृत्व में प्रदेश का और ज्यादा विकास करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ये विचार अपने हरियाणा के दूसरे चुनाव दौरे के दौरान नूह और झज्जर की विशाल रैलियों में व्यक्त किए। कांग्रेसाध्यक्ष के हर वाक्य पर उत्साह प्रदर्शन करते श्रोताओं ने कई बार अपने स्थान से उठकर,कभी हाथ ऊँचे कर कभी तालियां बजाकर अपने दिल की बात प्रकट की। जनसभाओं में किसानोंं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, युवा वर्ग के साथ भारी संख्याओं में महिलाओं की उपस्थिति और उनकी सकारात्मक अभिव्यक्ति उल्लेखनीय कही जा सकती है। बीते दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने समालखा और अटेली की चुनावी रैलियों में जिस प्रकार विपक्ष को आड़े हाथ लिया था। आज सोनिया गांधी भी विपक्ष खासतौर पर हरियाणा की पूर्व इनैलो-भाजपा सरकार की किसान विरोधी, जन विरोधी नीतियों को लेकर जमकर बरसी। झज्जर में उन्होंने रैली में उपस्थित किसानों, युवाओं और महिलाओं से राज्य की पूर्व भाजपा-इनैलो सरकार की कारगुजारी को लेकर सवाल किए। उन्होंने सीधे-सीधे सवाल किया कि पीछे मुड़ कर देखो और सोच कर जवाब दो कि हुड्डा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार से पूर्व की सरकार के समय कमजोर वर्ग को कभी 100-100 वर्ग गज के आवासीय प्लाट नि:शुल्क मिले थे। क्या उस सरकार में छोटे किसानों, गैर कृषकों, दस्तकारों और शिल्पकारों के कर्जे कभी माफ हुए, महिलाओं का मान-सम्मान हुआ। उन्हें 50 फीसदी आरक्षण मिला। जवाब में नहीं-नहीं कहते किसान और महिलाएं कई बार उठ खड़ी हुई। सोनियां गांधी ने श्रोताओं के उत्साह से गदगद् होकर कहा कि कांग्रेस ने हुड्डा जी के नेतृत्व में हरियाणा का चहुमुखी विकास किया है और 13 अक्तूबर को कांग्रेस की शानदार जीत के बाद हुड्डा के नेतृत्व में और ज्यादा विकास कार्य करेगी। कांग्रेसाध्यक्ष ने कहा कि पहले यहां डंडा राज चलता था जिसे भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने खत्म किया। मेरा मानना है कि जब तक किसान सुखी न हो, उसे अपनी मेहनत का फल न मिल रहा हो तो कांग्रेस हाथ पर हाथ धरे बैठे नहीं रह सकती। उन्होंने कमजोर से कमजोर वर्ग के उत्थान और विकास के हुड्डा सरकार के फैसलों का जिक्र करके कहा कि उसके ब्यौरे में जाने की जरूरत नहीं है। क्योंकि वे हरियाणा की जनता के सामने है। उन्होंने फसलों के सबसे ऊँचे दाम, 25 हजार करोड़ रुपये के कृषि विकास कोष की स्थापना का तथा नरेगा का उल्लेख किया। कांग्रेसध्यक्ष सोनिया गांधी ने रह-रह कर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। यहां भी उन्होंने हरियाणा की पूर्व इनैलो-भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब पड़ोसी राजस्थान और देश के दूसरे हिस्सों में सूखा पड़ा था तो उस समय की हरियाणा सरकार ने कोई मदद नहीं की। श्रीमती सोनिया गांधी ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार ने जो काम किया है, उससे निराश और हताश होकर विपक्ष जनता को बहकाने में लगा है। उन्होंने बहकावे में न आने का परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि वे (विपक्ष) बड़ी-बड़ी बात कह रहे हैं किंतु हरियाणा की जनता उनका अतीत जानती है। कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश में डंंडे का राज खत्म करके कानून का राज कायम किया है। तब विकास कुछ खास लोगों का ही होता था, अब सब लोगों का समान रूप से विकास होता है। श्रीमती गांधी ने मेवात और रोहतक-झज्जर की भूमि को यह कहते हुए प्रणाम किया कि यह वीरों, बलिदानियों, स्वाधीनता सेनानियों की धरती है। कांग्रेस केवल एक राजनीतिक पार्टी ही नहीं है बल्कि एक आंदोलन है, इसीलिए वह शाहदत का सम्मान करती है। किसानों का आभार मानती है। क्योंकि देश की दुरुस्त अर्थ व्यवस्था कृषि से दुरुस्त रह सकती है। नूंह की रैली में भी अल्पसंख्यकों के विकास और उत्थान का भरोसा श्रीमती सोनिया गांधी ने दिया। उन्होंने कहा कि समाज में अगर अल्पसंख्यकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की हिस्सेदारी नहीं है तो विकास के कोई मायने नहीं रहते। उन्होंने याद दिलाया कि हुड्डा सरकार ने ही मेवात को पृथक जिला बनाकर विकास का मार्ग प्रशस्त किया। मेवात की पेयजल की समस्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस पर अभी तक 200 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने श्रीमती सोनिया गांधी का अपनी जन्मभूमि, कर्मभूमि रोहतक-झज्जर में हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कांग्रेसध्यक्ष का आभार व्यक्त किया कि उन्हें हरियाणा की सेवा का अवसर दिया। उन्होंने श्रीमती गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि आपके नेतृत्व और आशीर्वाद, प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की नीतियों और राहुल गांधी के सशक्त युवा नेतृत्व से ही प्रेरणा लेकर उन्होंने प्रदेश को विकास की दृष्टि से नंबर वन बनाने का विनम्र प्रयास किया। अपने भाषण के दौरान भावुक हो गए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने और उनके परिवार ने इस क्षेत्र से लोकसभा के 9 चुनाव लड़े जिसमें से इस क्षेत्र की बहादुर और जागरूक जनता ने आठ बार जिताया। उन्होंने कहा कि मैंने और मेरे स्व.दादा-पिता ने तन-मन-धन, ईमानदारी से इस क्षेत्र की सेवा की है, फिर भी अगर कोई भूल हो गई तो क्षमा कर देना। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जी यहां बैठी है, यदि मेरे से प्रदेश की सेवा में कोई कमी रह गई है तो मैं उनसे आग्रह करूंगा कि वे मेरी छुट्टी कर दें। इस क्षेत्र के सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी कांग्रेसध्यक्ष का स्वागत करते हुए अपने पिता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की तरह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि मैं सोनिया जी के आशीर्वाद, डॉ. मनमोहन सिंह की पारदर्शी नीतियों और युवा शक्ति के प्रतीक राहुल जी के कारण ही इस जनता की सेवा करने योग्य बन सका हूं। उन्होंने कहा कि ये सोनिया जी ही हैं जिन्होंने इस क्षेत्र में थर्मल-पावर प्लांट और रेलवे लाइन की आधारशिला अपने कर कमलों से रखकर इस क्षेत्र के विकास चक्र को तेज किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि रोहतक-झज्जर क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ रहे सभी प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होंगे और श्रीमती गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के हाथ मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि मैं भी उस किसान का बेटा हूं जो दिन भर अपने कंधे पर हल रखकर खेतों में अपना पसीना बहाते हैं। उन्हें मेहनती किसानों की पीड़ा केवल सोनिया गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह और राहुल गांधी ने समझी है। आज वही किसान कांग्रेस को वोट देकर आपके ऋण को उतारना चाहता है। कांग्रेसध्यक्ष के संबोधन के बाद विधानसभा चुनाव लड़ रहे सभी कांग्रेस प्रत्याशियों का परिचय श्रीमती सोनिया गांधी ने मतदाताओं से कराया। कांग्रेस महासचिव और हरियाणा के प्रभारी पृथ्वीराज चव्हाण ने एक-एक करके सभी प्रत्याशियों को मंच पर बुलाया। अब गढ़ी-सांपला-किलाई के कांग्रेस प्रत्याशी का परिचय देने की बारी आई तो चव्हाण ने जनसभा से ही पूछ लिया कि बताओ कौन है यहां से प्रत्याशी। पंडाल से एक स्वर में आवाज आई- भूपेंद्र सिंह हुड्डा... भूपेंद्र सिंह हुड्डा।

कोई टिप्पणी नहीं: