11 अगस्त 2010

सरे बाजार लड़की ने नोटों से भरा थैला उड़ाया

डबवाली (लहू की लौ) थाना शहर से कुछ दूरी पर ही स्थित एक पेस्टीसाईडस की दुकान के बाहर खड़े किसान के मोटरसाईकिल पर लटक रहे हजारों रूपए से भरे थैले अप-टू-डेट लड़की उड़ा ले गई। किसान को इसकी जानकारी दस मिनट बाद मिली। घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे की है।
गांव अहमदपुर दारेवाला के किसान बस्सन सिंह (55) पुत्र भजन सिंह ने बताया कि वह स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एण्ड जयपुर की डबवाली शाखा से चालीस हजार रूपए की नकदी निकलवा कर अनाज मण्डी में गया था और बाद में बस स्टैण्ड के पास स्थित राधेश्याम एण्ड संस की पेस्टीसाईड की दुकान से उसने कीड़ेमार दवा खरीदी और इस दौरान उसने अपने मोटरसाईकिल पर लटके थैले को गायब पाया। उसे पता चला कि मोटरसाईकिल पर लटक रहे थैले को एक पेंट-शर्ट पहनी लड़की चुरा ले गई है।
किसान के मुताबिक थैले में चालिस हजार रूपए की नकदी, कुछ आवश्यक कागजात थे। उसने इसकी सूचना थाना शहर पुलिस को दी। सूचना पाकर थाना शहर प्रभारी उपनिरीक्षक विक्रम नेहरा ने तुरंत किसान के साथ आरोपी को ढूंढने के लिए सहायक उपनिरीक्षक सत्यनारायण को भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक लड़का और एक लड़की घटना से आधा घंटा पूर्व राधेश्याम एण्ड संस की दुकान के आस-पास मंडरा रहे थे और उस समय किसान का मोटरसाईकिल भी दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान लड़की फलों वाली रेहड़ी के पास आकर खड़ी हो गई और लड़का पास ही एक करियाणा की दुकान के नजदीक खड़ा हो गया। जैसे ही किसान ने अपना थैला मोटरसाईकिल पर लटकाया तो तुरंत लड़के ने लड़की को इशारा किया और लड़की मोटरसाईकिल के पास पहुंच गई। उसने फूर्ती से थैला उठाया और फुर्र हो गई। कुछ समय बाद किसान को पता चला कि मोटरसाईकिल पर लटका थैला गायब है। उसने शोर मचाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया जाता है कि बस स्टैण्ड रोड़ पर इस वारदात को अंजाम देने वाला एक गिरोह घूम रहा है। इस गिरोह में दो लड़कियां 14-15 वर्ष की हैं। जबकि दो लड़के 20-22 वर्ष के भी हैं। लड़के इशारा करके लड़कियों से ऐसी वारदातों को अंजाम दिलाते हैं।
इस संदर्भ में थाना शहर प्रभारी उपनिरीक्षक विक्रम नेहरा से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि पीडि़त किसान शिकायत लेकर उसके पास आया था और उसने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को खोजने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं के प्रति लोगों का भी दायित्व है कि वे सतर्क रहें और बिना समय गवाएं इस प्रकार की घटना की सूचना पुलिस को दें। अगर कोई अजनबी घूमता हुआ किसी को दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दे।

कोई टिप्पणी नहीं: