23 जुलाई 2010

गृह मंत्री ने जाना बाढ़ पीडि़तों का दर्द

सिरसा। गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा ने आज जिले के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और बाढ़ पीडि़तों का दर्द सुना। स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह से अधिकारियों के दल के साथ गृह राज्यमंत्री गोपाल कांडा सबसे पहले डिंग मंडी के लिए रवाना हुए। डिंग मंडी में पिछले दो दिनों में हुई बरसात से सबसे अधिक नुकसान हुआ। इस क्षेत्र में अनेक मकान क्षतिग्रस्त हो गए और पूरा कसबा पानी से लबालब भर गया। श्री कांडा ने यहां पहुंचते ही बाढ़ पीडि़त लोगों को एक-एक करके सुना और उनकी हर संभव मदद के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर गृह राज्यमंत्री श्री कांडा ने स्वयं निजी कोष से 10 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह धन उन लोगों पर खर्च किया जाए जिनके मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। श्री कांडा ने अधिकारियों से कहा कि पूरे क्षेत्र का सर्वे करवाया जाए और जिन लोगों के मकान गिरे हैं उन्हें मरम्मत के लिए इस राशि में से धन उपलब्ध करवाया जाए। लोगों ने श्री कांडा को अपनी शिकायतें बताते हुए कहा कि बरसात से आई बाढ़ के कारण लोगों के घर डूब गए। कारोबार ठप हो गए और खेती-बाड़ी नष्ट हो गई। लोगों ने जिला प्रशासन की भी शिकायत की और कहा कि उन्हें मदद देने के लिए कोई अधिकारी नहीं आया। इस पर श्री कांडा ने अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। डिंग के अलावा गृह राज्यमंत्री ने जोधकां, कुक्कड़थाना, बाजेकां, नेजाडेलां और झोंपड़ा में भी बाढ़ ग्रस्त इलाकों का जायजा लिया। कुक्कड़ थाना में श्री कांडा ने बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए 2.5 लाख व जोधकां में 5 लाख की राशि दी। इससे पहले गृह राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री के साथ भी यहां के हालात का जायजा लिया था और मुख्यमंत्री को यहां के लोगों को मदद देने की अपील की थी। श्री कांडा ने बताया कि राज्य सरकार ने विशेष गिरदावरी के आदेश दे रखें है जिस पर कार्रवाई की जा रही है और केंद्र सरकार की ओर से गठित कमेटी भी अपना सर्वे पूरा कर चुकी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही केंद्र की ओर से भी बाढ़ पीडि़तों को पूरी मदद दी जाएगी।  उनके साथ इस दौरे में अतिरिक्त उपायुक्त पंकज चौधरी, उपमंडल अधिकारी नागरिक एस.के जैन, कांग्रेस नेता गोबिंद कांडा, कांग्रेस नेत्री श्रीमती कृष्णा पूनियां, सूरत सैनी, हेतराम, राजेंद्र मकानी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उनके साथ थे।

कोई टिप्पणी नहीं: