19 दिसंबर 2009

सुखबीर बादल ने बार एसोसिएशन को दी 11 लाख की अनुदान राशि

डबवाली (लहू की लौ) पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को अचानक इनेलो नेता तथा खेल रत्न अभय सिंह चौटाला के साथ डबवाली बार रूम में पहुंचे। इस मौके पर बार एसोसिएशन को कम्प्यूटर आदि के लिए छोटे बादल ने 11 लाख रूपये की राशि अपनी जेब से देने की घोषणा की।
प्राप्त जानकारी अनुसार उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल तथा इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को कालांवाली तथा ऐलनाबाद क्षेत्र के कुछ गांवों का दौरा करना था और इस दौरे पर जाने से पूर्व वे अचानक बार रूम में वकीलों से मिलने के लिए पहुंच गये। सुखबीर सिंह बादल पहली बार, बार एसोसिएशन में आये थे। इस मौके पर वकीलों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
बार को सम्बोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि उनके परिवार का डबवाली से गहरा रिश्ता है और डबवाली नगर को वे अपना ही नगर मानते हैं। अगर हरियाणा में इस बार इनेलो की सरकार बनती तो डबवाली नगर पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों का केन्द्रीय नगर होता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर जो करता है, ठीक है। लेकिन अगली बार अवश्य ही हरियाणा के मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला होंगे और डबवाली दो मुख्यमंत्रियों का केन्द्र नगर बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि वकील जनता को इंसाफ दिलाने की भूमिका अदा करते हैं। भले ही लोगों का पुलिस से झगड़ा हो या फिर आपसी झगड़ा। वकीलों की मार्फत ही उनकी सुनवाई होती है और लोगों को इंसाफ मिलता है। उन्होंने पिछले दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले वकील कोर्ट के बाहर एक टेबल लगाकर बैठते थे। लोग थके-हारे जब उनके पास पहुंचते तो लोगों को आराम करने के लिए एक बैंच भी नसीब नहीं होता था। अब जबकि बार एसोसिएशन के प्रयासों से अच्छे कार्यालय बन गये हैं, उन्होंने डबवाली न्यायालय परिसर में वकीलों के बने कमरों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सभी स्थानों पर इसी प्रकार की सुविधा होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि लुधियाना में वकीलों को अच्छी सुविधा मिले, इसके लिए पंजाब सरकार ने 2 करोड़ रूपये बार एसोसिएशन को देने की घोषणा की है।
इस मौके पर वे फिर से चौटाला और बादल परिवारों के आपसी सम्बन्धों का जिक्र करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि पंजाब में हो रहे विकास का लाभ डबवाली के लोगों को भी मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बठिण्डा में अगले वर्ष से शुरू होने वाले एयरपोर्ट का लाभ भी यहां के लोगों को मिलेगा। जिसमें दिल्ली से बठिण्डा का लुत्फ हवाई यात्रा से लोग उठाएंगे।
इस मौके पर खेल रत्न अभय सिंह चौटाला ने डबवाली की बार एसोसिएशन में उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के पहली बार पधारने पर धन्यवाद किया और बादल ने जब बार एसोसिएशन के सहयोग के लिए 5 लाख रूपये की राशि घोषित की तो उन्होंने बीच में बोलकर इस राशि को बढ़वाकर 11 लाख रूपये करवा दिया।
इस मौके पर मंच का संचालन एडवोकेट केएल पासी ने किया। इस अवसर पर उपमण्डल न्यायिक दण्डाधिकारी महावीर सिंह, उपमण्डलाधीश सुभाष चन्द्र गाबा, डीएसपी रामफल सिंह, तहसीलदार राजेन्द्र कुमार, थाना शहर प्रभारी वीरेन्द्र सिंह, बार एसोसिएशन के प्रधान कुलवन्त सिंह सिधू, एडवोकेट सुरेन्द्र गर्ग, कुलदीप सिंह, बलजीत सिंह, सुखबीर सिंह बराड़, वाईके शर्मा, आर.के. बिस्सू, सुभाष चन्द्र गुप्ता, दीपक कौशल, गंगा बिशन गोयल, जीबी मिढ़ा, राजपाल सिंह, राजेश यादव, सुरेश मैहता, तेजिन्द्र सिंह मिड्डूखेड़ा आदि उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: