श्रीगंगानगर। स्थानीय पदमपुर मार्ग स्थित कुंज विहार कॉलोनी में लगभग आधी रात को चार जनों ने एक युवक को मारपीट करने के बाद गोली मार दी, जो उसके पेट में लगी। यह युवक लगभग 3 घंटे बेहोश पड़े रहने के बाद होश में आया और रक्तरंजित अवस्था में घर पहुंचा। तब घरवालों को इस घटना का पता चला और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज तड़के 3.30 बजे कुंज विहार कॉलोनी निवासी प्रवीण सोनी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई प्रिंस (22) पुत्र रामलुभाया सोनी को किसी ने गोली मार दी है। लगभग इसी समय आपातकाल सेवा 108 की एंबुलैंस ने प्रिंस को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। आज सुबह होश में आने पर प्रिंस के बयान के आधार पर पुरानी आबादी पुलिस ने नरेश, गिरधारीलाल यादव व दो अन्य व्यक्तियों के विरूद्ध धारा 307 व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। प्रिंस ने पुलिस को बताया कि वह रात्रि लगभग 11 बजे पदमपुर रोड पर ए-माईनर नहर के समीप बाबा पूनमदास की कुटिया से वापिस घर आ रहा था। रास्ते में पार्क के पास मिले चार जनों ने मारपीट की व उनमें से एक ने उसे गोली मार दी। वह बेहोश हो गया और वहीं गिर गया। लगभग तीन घंटे बाद होश में आने पर वह लडख़ड़ाते हुए घर पहुंचा।
पुलिस के अनुसार इस घटना में प्रिंस ने नरेश को तो पहचाना है, लेकिन गिरधारी यादव के बारे में उसका सिर्फ अनुमान ही है। मारपीट करने वालों में से एक ने अपना मुंह कपड़े से ढका हुआ था। इसके गिरधारी यादव होने का संदेह प्रिंस ने व्यक्त किया है। पुलिस के मुताबिक प्रिंस सोनी की बहन ने चार-पांच वर्ष पहले गिरधारी यादव के साथ प्रेम विवाह किया था। बाद में उसका तलाक हो गया। गिरधारी यादव और प्रिंस जब जीजा-साला थे, तब बाबा पूनमदास की कुटिया में इक_े आते-जाते और बैठते थे, लेकिन तलाक हो जाने के बाद इनमें दूरियां बढ़ गईं और रंजिश उत्पन्न हो गई। बीती रात की घटना को इसी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है।
डीएसपी (शहर) हरीराम गहलोत और पुरानी आबादी थानाप्रभारी धीरेंद्रसिंह ने आज सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया, प्रिंस सोनी के परिवार वालों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। श्री गहलोत ने कहा कि अभियुक्तों को पकडऩे के लिए छापे मारे जा रहे हैं। गिरधारी यादव मॉडल टाउन में वृदाश्रम रोड और नरेश जवाहरनगर में एसएसबी रोड के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि नरेश पर सदर थाना में मारपीट के कई मामले चल रहे हैं। वह आपराधिक प्रवृत्ति का है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें