Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

01 नवंबर 2026

1 Nov. 2026





 

फेसबुक पर विदेशी महिला बन बुजुर्ग से 3.93 लाख रुपये ठगे, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

विदेश से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर अलग-अलग खातों में जमा करवाई रकम; आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर : एसपी दीपक सहारन

सिरसा(लहू की लौ) सोशल मीडिया पर दोस्ती कर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को सिरसा पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फेसबुक पर विदेशी महिला के नाम से गांव भादड़ा निवासी एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग से दोस्ती की और विदेश से गिफ्ट भेजने का झांसा देकर 3 लाख 93 हजार 700 रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना सिरसा की टीम ने यह कार्रवाई की। गांव भादड़ा निवासी बुजुर्ग ने शिकायत में बताया था कि फेसबुक पर उसकी दोस्ती जेनी विलो नाम की महिला से हुई थी। कुछ समय बातचीत करने के बाद कथित महिला ने विदेश से गिफ्ट भेजने की बात कही।

इसके बाद ठगों ने कुरियर चार्ज, फॉरेन एक्सचेंज, इनकम टैक्स और पाउंड को भारतीय रुपये में बदलने के नाम पर पीडि़त से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 3,93,700 रुपये जमा करवा लिए। ठगी का पता चलने पर पीडि़त ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। 

जांच में ठगी के लिए इस्तेमाल किया गया भारतीय स्टेट बैंक का खाता अमित कुमार के नाम पर मिला। बैंक खाते और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के गांव विश्फी का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के गौतम बुद्ध नगर स्थित सरदारपुर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। एसपी ने आमजन से अपील की कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें और गिफ्ट या अन्य किसी बहाने से रुपये मांगने वालों के झांसे में न आएं। 

राजकीय विद्यालयों में 'सुरक्षित बचपन अभियान' का शुभारंभ; न्यायिक मजिस्ट्रेट कृतिका ने बच्चों को दिए सुरक्षा व अधिकारों के टिप्स

  • विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाने और विधिक प्रावधानों की जानकारी देने के लिए शुरू किया गया विशेष अभियान

  • असामान्य व्यवहार या दुर्भावना की बात बिना किसी आत्मग्लानि के तुरंत अपने शिक्षकों व अभिभावकों को बताएं: सुश्री कृतिका

 डबवाली (लहू की लौ) शहर के राजकीय विद्यालयों में प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री कृतिका द्वारा ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें विभिन्न विधिक प्रावधानों व कानूनी अधिकारों की जानकारी देना है।

अभियान के तहत न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री कृतिका ने स्वतंत्रता सेनानी वैध रामदयाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों से बेहद सहज और साधारण भाषा में संवाद किया। उन्होंने बच्चों को बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सुश्री कृतिका ने मार्गदर्शन किया कि उन्हें हर स्तर पर सचेत रहना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी प्रकार का असामान्य व्यवहार या दुर्भावना से प्रेरित आचरण उनके साथ होता है, तो मन में किसी भी तरह की आत्मग्लानि या डर का भाव न लाएं, बल्कि तुरंत इसकी रिपोर्ट अपने अध्यापक या अभिभावकों को दें। समय पर बात साझा करना ही सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।इस अवसर पर उनके साथ एडवोकेट बलराम और अधिवक्ता कोमल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानी वैध रामदयाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दीपक मोंगा, प्रवक्ता पूनम सचदेवा एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालय के मुख्याध्यापक श्री राजिंदर सिंह ने पूरी न्यायिक टीम का स्वागत किया और इस पहल को बच्चों के मानसिक व सामाजिक विकास के लिए बेहद सराहनीय बताया।#MandiDabwali #Sirsa#Haryana #SurakshitBachpanAbhiyan #ChildSafety #LegalAwareness  #GovernmentSchools #LocalAdministration #SocialAwareness#Education

सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 562 रियासतों का एकीकरण कर देश को एक सूत्र में पिरोयारू सांसद सुभाष बराला

 

- पंचायत भवन से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन
- सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

सिरसा, 31 अक्टूबर।
 सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को स्थानीय पंचायत भवन में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पंचायत भवन से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस तक रन फॉर यूनिटी दौड़ आयोजित की गई, जिसमें स्कूली बच्चों, खिलाड़ियों और नर्सिंग स्टाफ सहित आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, एसडीएम राजेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व अद्वितीय था। देश की आजादी के बाद भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती 562 रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोने की थी। सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से इस चुनौती को स्वीकार किया और सभी रियासतों के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ किसानों के हितों के लिए भी संघर्ष किया।
सांसद ने कहा कि गुजरात में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा उनके महान व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का प्रतीक है। इस प्रतिमा के निर्माण के लिए देशभर के गांवों से किसानों के खेतों की मिट्टी और खेती में उपयोग होने वाला लोहा एकत्रित किया गया था। हरियाणा में भी इस अभियान के तहत मिट्टी और लोहा एकत्रित कर गुजरात भेजा गया था। उन्हें इस अभियान में हरियाणा प्रदेश की स्टेट यूनिट का समन्वयक बनने का अवसर मिला था।

उन्होंने कहा कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे गुजरात जाकर सरदार पटेल की प्रतिमा के दर्शन करें और उनके जीवन से प्रेरणा लें। स्वतंत्रता सेनानियों ने एक मजबूत और एकजुट भारत का सपना देखा था। हम सभी को अपने कार्यक्षेत्र में रहते हुए देश के विकास और मजबूती में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।

वहीं जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की आजादी के बाद 562 रियासतों का भारतीय संघ में विलय करवाकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। यदि उस समय सरदार पटेल ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ यह कार्य नहीं किया होता तो भारत अनेक हिस्सों में बंटा रह सकता था।
उन्होंने युवाओं और बच्चों से आह्वान किया कि वे देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम देशभक्ति और एकजुटता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, वरिष्ठ भाजपा नेता रत्नलाल बामणिया, हनुमान कुंडू, अंबर मेहता, श्याम बजाज, अमर सिंह घोटिया, सुमन शर्मा, भावना शर्मा, सुमन सैनी, अंग्रेज सिंह ओलख, विष्णु शर्मा और सागर केहरवाला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।