Adsense
Lahoo Ki Lau
09 सितंबर 2026
15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विकसित भारत के निर्माण में दिखाएं प्रतिभा: धनपत सिंह
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 के लिए पंजीकरण शुरू; 10 से 12 जनवरी तक नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय कार्यक्रम
डिजिटल सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता से शुरू होगी चयन प्रक्रिया; निबंध लेखन व राज्य स्तरीय संवाद के बाद राष्ट्रीय मंच पर मिलेगा मौका
सिरसा/डबवाली (लहू की लौ)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत 'मेरा युवा भारत' द्वारा आयोजित किए जा रहे 'विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027' के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपने विचार व नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने सिरसा जिले के युवाओं से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया और गतिविधियां: जिला युवा अधिकारी ने बताया कि चयन प्रक्रिया का पहला चरण डिजिटल माध्यम से आयोजित होने वाली 'विकसित भारत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता' होगी। इसमें चयनित प्रतिभागियों को डिजिटल निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुति और राज्य स्तरीय संवाद में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय संवाद, विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक गतिविधियों, युवा उद्यमिता और युवा संसद में शामिल होने का मौका मिलेगा।
15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग: इस कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं। पूरा पंजीकरण व गतिविधियां 'मेरा युवा भारत' पोर्टल के माध्यम से संचालित होंगी। पूर्व में पंजीकृत युवाओं को दोबारा पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने एनसीसी, एनएसएस, युवा मंडलों व शिक्षण संस्थानों के युवाओं से अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की है।



