Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

10 मार्च 2010

विकलांग वृद्ध भिखारी की नृशंस हत्या

बीकानेर। बीकानेर रेलवे स्टेशन के सामने फुटपाथ पर एक विकलांग वृद्ध भिखारी की अज्ञात व्यक्तियों ने नृशंस हत्या कर दी। यह भिखारी आज सुबह अपनी ट्राई साईकिल के समीप चारपाई पर रक्त-रंजित अवस्था में मृत पाया गया। बीती रात इस भिखारी को तीन साधू वेशधारी व्यक्तियों के साथ शराब का सेवन करते हुए देखा गया था। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार बीकानेर रेलवे स्टेशन परिसर से इन दिनों जीआरपी-आरपीएफ ने भिखारियों-खानाबदोश व्यक्तियों को खदेड़ा हुआ है। ऐसे व्यक्तियों में से अधिकांश ने अपना ठिकाना स्टेशन के सामने के फुटपाथ को बना लिया है। इसी फुटपाथ पर पिछले कुछ समय डेरा जमाये हुए विकलांग वृद्ध की रात को हत्या हो गई। नजदीक चाय-दूध का खोखा चलाने वाला व्यक्ति आज सुबह जब आया तो उसने भिखारी को मृत देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर डीएसपी (शहर) मुरलीधर किराडू और कोटगेट थानाप्रभारी धर्मसिंह पूनिया पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही उस वजनी वस्तु को तलाश किया, जिससे भिखारी के सिर में चोट मारी गई। थानाप्रभारी श्री पूनिया के अनुसार करीब 60 वर्षीय यह भिखारी पैरों से विकलांग था। उसने अपनी ट्राई साईकिल को फुटपाथ पर लगाकर इसी पर अपना आशियाना बनाया हुआ था। रात को वह नजदीक खोखेवाले की चारपाई पर सो जाता था। इस खोखेवाले के घर से ही उसके लिए खाना आता था। खोखेवाले ने बताया कि वह रात को जब 11 बजे घर जाने लगा, तब उसने भिखारी को साधू वेशधारी तीन भिखारियों के साथ शराब का सेवन करते हुए देखा था। थानाप्रभारी ने बताया कि मृतक गांजे की चिलम भी पीता था। उसके एक हाथ पर अस्पष्ट नाम गुदा हुआ है। यह नाम पढऩे में कैलाशचंद्र अथवा कृष्णचंद्र पराशर आता है। मृतक उत्तरप्रदेश का निवासी होने की संभावना है। उसके शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं। शिनाख्त नहीं होने पर उसका नाबालिग के रूप में अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया लगता है कि रात को शराब-चिलम का सेवन करते समय इस भिखारी का झगड़ा हो गया और उसके सिर में वजनी वस्तु मारकर हत्या कर दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं: