Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

25 अक्टूबर 2026

डबवाली पुलिस का दोहरा प्रहार—तस्करों पर कार्रवाई, नशा पीड़ितों को उपचार

एक सप्ताह में नशा मुक्ति टीम डबवाली व 47 गांवों व 03 वार्डों में गठित नशा मुक्ति कमेटियों ने 38 नशा पीड़ितों को दिखाई नवजीवन की दिशा

डबवाली, 25 अक्टूबर । नशे के खिलाफ डबवाली पुलिस की मुहिम अब केवल नशा तस्करों तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की चपेट में आए लोगों को उपचार और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी समान रूप से जोर दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के नेतृत्व में पुलिस द्वारा एक ओर नशे की सप्लाई करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर नशा पीड़ितों तक पहुंचकर उन्हें उपचार, परामर्श और पुनर्वास से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि बीते एक सप्ताह के दौरान नशा मुक्ति टीम डबवाली ने 28 गांवों और 02 वार्डों में डोर-टू-डोर अभियान चलाया। टीमों ने घर-घर पहुंचकर नशे से पीड़ित लोगों की पहचान की तथा 28 नशा पीड़ितों को उपचार एवं परामर्श से जोड़ा। उपचार से जुड़ने वाले लोगों के साथ लगातार संपर्क रखते हुए उनकी स्थिति और प्रगति की जानकारी ली जा रही है।

गांवों की भागीदारी से मजबूत हुआ अभियान

नशे के खिलाफ जमीनी स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से डबवाली पुलिस द्वारा पंचायतों के सहयोग से  47 गांवों तथा मंडी कालांवाली व डबवाली के 03 वार्डों में नशा मुक्ति कमेटियों का गठन किया गया है। ये कमेटियां अपने-अपने क्षेत्रों में नशे की समस्या से प्रभावित लोगों की पहचान करने, उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करने और युवाओं को नशे से दूर रखने में पुलिस की सहयोगी के रूप में कार्य कर रही हैं।

बीते सप्ताह नशा मुक्ति कमेटियों के सदस्यों ने 10 नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें उपचार एवं परामर्श से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कमेटियों द्वारा युवाओं को खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने व उन्हें सुरक्षित व उज्जवल भविष्य की दिशा में मार्गदर्शित किया जा रहा है।

नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ मानवीय दृष्टिकोण

डबवाली पुलिस का प्रयास है कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को अपराधी की नजर से देखने के बजाय उसे उपचार और सुधार का अवसर दिया जाए। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, पंचायतों, परिवारों और समाज के सामूहिक प्रयास से नशा पीड़ितों को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद मिल सकती है।

इसी कड़ी में गांवों, स्कूलों, चौपालों, खेल मैदानों तथा संध्या संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस द्वारा युवाओं को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

तस्करी की सूचना दें, नशा पीड़ित को उपचार तक पहुंचाएं

डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की तस्करी या बिक्री से संबंधित कोई भी जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं। साथ ही यदि आसपास कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसे उपचार के लिए प्रेरित करें। सूचना मानस पोर्टल एवं हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना/चौकी में दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

डबवाली पुलिस का संदेश है—नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्ती जरूरी है, लेकिन नशे की गिरफ्त में आए व्यक्ति को उपचार और सहयोग देकर वापस सामान्य जीवन में लाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। 
#Dabwali #Sirsa #HaryanaPolice #DabwaliPolice #NashaMuktHaryana #DrugFreeHaryana #AntiDrugCampaign #LahuKiLau #SocialAwakening #HaryanaNews

25 Oct. 2026





 

24 अक्टूबर 2026

नाबालिगा से दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी के मामले में गिरफ्तार

 
डबवाली पुलिस ने नाबालिगा से दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी के मामले में एक महीने से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला थाना और पीओ स्टाफ डबवाली ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की है। 22 सितंबर 2026 को पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फोटो डबवाली पुलिस दुबारा मीडिया में दी गईं है।

24 Oct. 2026





 

15 अक्टूबर 2026

पराली को जलाने की बजाय बनाया कमाई का जरिया, जितेंद्र संधू का सालाना कारोबार नौ करोड़ के पार

-2009 में स्थापित की कंपनी, 12 बेलर से हर सीजन में दो लाख क्विंटल पराली का कर रहे प्रबंधन, 60 से अधिक लोगों को दिया रोजगार

सिरसा, 15 अक्टूबर।

खेतों में धान के फसल अवशेषों को आग लगाने से होने वाले नुकसान को देखते हुए बरूवाली प्रथम निवासी जितेंद्र सिंह संधू ने पराली प्रबंधन को रोजगार का माध्यम बना लिया। वर्ष 2009 में उन्होंने संधु एग्री वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी बनाई। आज उनके पास 12 बेलर हैं, जिनकी मदद से वह हर सीजन में दो लाख क्विंटल से अधिक पराली एकत्रित करते हैं। पराली की गांठें बनाकर भादरा पावर प्लांट सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को आपूर्ति की जाती है। इस व्यवसाय से उनका सालाना कारोबार करीब नौ करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

लुधियाना में पहली बार देखा बेलर, 2009 में खरीदी मशीन
स्नातक पास जितेंद्र सिंह संधू ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले लुधियाना में एक विश्वविद्यालय के कार्यक्रम दौरान बेलर मशीन देखी थी। इसकी कार्यप्रणाली और फसल अवशेषों के प्रबंधन की संभावनाओं को देखकर उन्होंने बेलर खरीदने का निर्णय लिया। वर्ष 2009 में पहली मशीन खरीदकर लाने के साथ ही उन्होंने इस दिशा में काम शुरू किया। जितेंद्र के पास 12 बेलर के अलावा 25 ट्रैक्टर अपने हैं। सीजन के दौरान काम बढ़ने पर उन्हें लगभग इतने ही ट्रैक्टर किराये पर लेने पड़ते हैं। उनके पास 40 से अधिक ट्रेलर हैं, जिनके माध्यम से खेतों से एकत्रित फसल अवशेषों को संबंधित औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचाया जाता है। इस व्यवसाय के माध्यम से 60 से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है। पराली के साथ-साथ वह गेहूं के अवशेषों को भी एकत्रित करते हैं और उनकी गांठें बनाकर उपयोग के लिए भेजते हैं। इस तरह धान और गेहूं, दोनों फसलों के अवशेषों का समुचित प्रबंधन किया जा रहा है।

35 एकड़ जमीन के मालिक, कभी नहीं जलाई फसल अवशेषों में आग
जितेंद्र सिंह संधू के पास अपनी 35 एकड़ जमीन है। उनका कहना है कि उन्होंने कभी अपने खेतों में फसल अवशेष नहीं जलाए। पहले भी वह अवशेषों को खेत में मिलाकर उनका उपयोग करते रहे हैं। जब पराली जलाने से वातावरण में धुआं फैलने और प्रदूषण की समस्या बढ़ने लगी तो उन्होंने इस चुनौती के समाधान में योगदान देने के साथ इसे रोजगार के रूप में आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। आज वह लगातार अपने व्यवसाय का विस्तार कर रहे हैं और किसानों को फसल अवशेषों के निपटान का एक विकल्प उपलब्ध करा रहे हैं।

पराली में आग न लगाएं किसान, मित्र कीट भी होते हैं नष्ट
सहायक कृषि अभियंता डॉ. विजय जैन ने किसानों से धान के फानों को आग नहीं लगाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि खेतों में फसल अवशेष जलाने से जमीन में मौजूद मित्र कीट नष्ट हो जाते हैं, जिसका फसलों के उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा आग से निकलने वाला धुआं वातावरण को दूषित करता है और प्रदूषण की समस्या बढ़ाता है। उन्होंने किसानों को पराली प्रबंधन की तकनीकें अपनाने तथा फसल अवशेषों का उचित उपयोग करने की सलाह दी, ताकि मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।

15 Oct. 2026





 

14 अक्टूबर 2026

बाल दिवस पर 21 से 28 अक्टूबर तक होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं


- 14 अक्टूबर से शुरू हुआ बच्चों का पंजीकरण, चार आयु एवं कक्षा समूहों में आयोजित होंगी प्रतियोगिताएं

सिरसा, 14 अक्टूबर। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, चंडीगढ़ के निर्देशानुसार जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बाल दिवस के उपलक्ष्य में 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के लिए 14 अक्टूबर से बच्चों का पंजीकरण शुरू हो गया है।

जिला बाल कल्याण अधिकारी नरेन्द्र सिंह मलिक ने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए विद्यार्थियों को चार समूहों में विभाजित किया गया है। प्रथम समूह में पांचवीं कक्षा तक, द्वितीय समूह में छठी से आठवीं कक्षा तक, तृतीय समूह में नौवीं और दसवीं कक्षा तथा चतुर्थ समूह में 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थी शामिल होंगे। विभिन्न समूहों के लिए सोलो डांस, पोस्टर मेकिंग, फैंसी ड्रेस, लड़कों एवं लड़कियों के लिए फन गेम्स, रंगोली, सोलो सॉन्ग, ग्रुप डांस, स्केचिंग ऑन द स्पॉट, बेस्ट ड्रामेबाज, कलश सजावट, क्लासिकल सोलो डांस, डिक्लेमेशन कॉन्टेस्ट, हिंदी एवं अंग्रेजी हस्तलेखन, देशभक्ति समूहगान, क्ले मॉडलिंग, दीया एवं कैंडल मेकिंग, कार्ड मेकिंग, वन एक्ट प्ले, क्विज और मेहंदी रचाओ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अन्य प्रतिभाओं को भी बढ़ावा मिलता है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। इस वर्ष अधिक संख्या में बच्चों की भागीदारी की उम्मीद है। प्रतियोगिताओं में जिला स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चे मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र होंगे।

प्रतियोगिताओं एवं पंजीकरण संबंधी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक बच्चे और अभिभावक कार्यदिवसों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जिला बाल कल्याण परिषद, सिरसा के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अमन रहेजा (8814900157) और अंशु बाला (70155-74839) से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

14 Oct. 2026