Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

29 जून 2026

बेसहारा पशु फिर बना काल : आवारा जानवर को बचाने के चक्कर में भाखड़ा नहर में गिरे दो ममेरे-फुफेरे भार्र्ईंं, 23 वर्षीय मनीष की डूबने से मौत

> संगरिया से मजदूरी कर लौट रहे थे युवक, अबूबशहर के पास पुलिया की ग्रिल से टकराकर हुआ हादसा

> 5 माह के दुधमुंहे बच्चे के सिर से उठा पिता का साया, रविवार को गोताखोरों ने निकाला मनीष का शव


डबवाली (लहू की लौ) सडक़ों पर घूम रहे बेसहारा और आवारा पशु किस कदर आम बेकसूर नागरिकों के लिए काल बनते जा रहे हैं, इसका एक और बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला मामला शनिवार रात को सामने आया। गांव अबूबशहर के पास आवारा पशु को बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल सवार दो युवक अनियंत्रित होकर सीधे भाखड़ा नहर में जा गिरे। इस भीषण हादसे में एक 23 वर्षीय युवक की नहर के गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका फुफेरा भाई झाडिय़ों में फंसने के कारण बाल-बाल बच गया। मृतक अपने पीछे महज 5 महीने का दुधमुंहा बच्चा और रोता-बिलखता परिवार छोड़ गया है।

पशु को बचाते समय पुलिया की ग्रिल से टकराई बाइक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के संगरिया क्षेत्र में इन दिनों पाइप लाइन जोडऩे का काम चल रहा है। डबवाली के गांव राजपुरा माजरा निवासी मनीष (23) पुत्र पप्पू अपने बुआ के लडक़े विनोद के साथ वहीं मजदूरी करता था। शनिवार रात को दोनों भाई काम खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव राजपुरा माजरा लौट रहे थे। जैसे ही वे अबूबशहर के पास भाखड़ा नहर के पुल पर पहुंचे, तो अचानक एक बेसहारा पशु उनकी बाइक के सामने आ गया। पशु से बचाने के चक्कर में जैसे ही उन्होंने एकदम से ब्रेक लगाई, मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सीधे नहर के पुल पर लगी लोहे की ग्रिल से जा टकराई और दोनों भाई उछलकर नहर में जा गिरे।


झाडिय़ों में अटका विनोद, मनीष गहरे पानी में डूबा

हादसे के दौरान विनोद तो नहर मेें उगी केलियों में फंस गया, जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन मनीष सीधे नहर के तेज बहाव और गहरे पानी में जा गिरा और पलक झपकते ही डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और भारी संख्या में ग्रामीण व पुलिस मौके पर पहुंचे।


लोहगढ़ के गोताखोरों ने निकाला शव

मनीष की तलाश के लिए तुरंत रविवार सुबह लोहगढ़ से गोताखोरों की विशेष टीम को बुलाया गया। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह मनीष के शव को नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। जवान बेटे का शव देख पिता पप्पू, चाचा दर्शन लाल व मुख्तियार सिंह सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।


चौटाला पुलिस ने की इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई

इस दर्दनाक हादसे और मौत की सूचना पाकर चौटाला पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने रविवार को शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस जांच अधिकारी के अनुसार, मृतक मनीष के पिता पप्पू और अन्य परिजनों के बयानों के आधार पर इस मामले में नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद इत्तेफाकिया (हादसा) मौत की कार्रवाई अमल में लाई गई है और शव वारिसों को सौंप दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने आवारा पशुओं की समस्या से निजात न दिलाने पर प्रशासन के प्रति गहरा रोष जताया है।


डबवाली, Dabwali, अबूबशहर, राजपुरा माजरा, भाखड़ा नहर, सड़क हादसा, दुर्घटना, आवारा पशु, बेसहारा पशु, हरियाणा समाचार, सिरसा समाचार, चौटाला पुलिस, गोताखोर, डूबने से मौत, Bhakra Canal, Road Accident, Stray Animals, Breaking News, Local News, Lahu Ki Lau  

कोई टिप्पणी नहीं: