रिश्तेदारों, पुलिस अधिकारियों व कंपनी अधिकारियों की नकली आवाज और वीडियो से रहें सतर्क: साइबर सेल
सोशल मीडिया से डाटा चुराकर AI की मदद से ठगी कर रहे शातिर, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तुरंत दें सूचना
मंडी डबवाली (लहू की लौ)।
पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर के दिशा-निर्देशों के तहत डबवाली पुलिस द्वारा आमजन को अत्याधुनिक साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में साइबर अपराध शाखा प्रभारी एवं पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग कर साइबर अपराधी अब 'डीपफेक' आवाज और वीडियो के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।
साइबर अपराधी सोशल मीडिया पर उपलब्ध फोटो, वीडियो और ऑडियो का इस्तेमाल कर नकली चेहरा व आवाज तैयार कर लेते हैं। इसके बाद किसी रिश्तेदार या परिचित की दुर्घटना, गिरफ्तारी अथवा आपात स्थिति का बहाना बनाकर तत्काल पैसे भेजने का दबाव बनाते हैं।
ठगी से बचने के लिए बरतें यह सावधानी:
पुष्टि करें: किसी परिचित या अधिकारी की आवाज या वीडियो देखकर तुरंत पैसे न ट्रांसफर करें। उनके सत्यापित नंबर पर कॉल करके सच्चाई जानें।
गोपनीयता रखें: अपना ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड, पिन अथवा संवेदनशील जानकारी कभी किसी से साझा न करें।
पारिवारिक कोड: आपात स्थिति के सत्यापन के लिए परिवार के सदस्यों के साथ कोई गोपनीय शब्द तय करें।
डबवाली पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर अपनी निजी फोटो व वीडियो शेयर करते समय सावधानी बरतें। यदि कोई व्यक्ति डीपफेक ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें।
#DeepfakeAlert #CyberCrimeAwareness #AIFraud #DabwaliPolice #HaryanaPolice #CyberSafeHaryana #JasleenKaurIPS #LahuKiLau #DabwaliNews #CyberSecurity1930 #lahookilau


















































