Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

26 अक्टूबर 2026

हरियाणा के 610 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में यूपीआई से भुगतान की सुविधा शुरू

 

118 संस्थानों में स्कैन एंड रजिस्टर व्यवस्था लागू, घर बैठे ओपीडी पंजीकरण से मरीजों को मिलेगी राहत

चंडीगढ़ (लहू की लौ) हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब पंजीकरण और शुल्क भुगतान के लिए लंबी कतारों में लगने से राहत मिलेगी। प्रदेश सरकार ने सभी 23 जिला नागरिक अस्पतालों समेत 610 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान सुविधा शुरू की है। इसके अलावा 118 स्वास्थ्य संस्थानों में बिना पारंपरिक कतार में लगे ओपीडी पंजीकरण के लिए ‘स्कैन एंड रजिस्टर’ सुविधा भी शुरू की गई है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य अस्पतालों में पंजीकरण और भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाना तथा मरीजों का प्रतीक्षा समय कम करना है। डिजिटल भुगतान के जरिए मरीज ओपीडी, आईपीडी, मेडिको-लीगल मामलों और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर सकेंगे।

घर बैठे करा सकेंगे ओपीडी पंजीकरण

विभाग ने ई-उपचार अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली से जुड़े 23 जिला नागरिक अस्पतालों, 31 नागरिक एवं उप-नागरिक अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में ऑनलाइन ओपीडी पूर्व-पंजीकरण की सुविधा को मजबूत किया है। मरीज अस्पताल पहुंचने से पहले पंजीकरण करा सकेंगे। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने वालों को निर्धारित तिथि और समय पर अस्पताल पहुंचना होगा। अस्पतालों में पूर्व-पंजीकरण के लिए अलग काउंटर भी बनाए गए हैं।

नकद भुगतान की सुविधा भी रहेगी जारी

डॉ. मिश्रा ने बताया कि 118 स्वास्थ्य संस्थानों में शुरू की गई ‘स्कैन एंड रजिस्टर’ सुविधा से पंजीकरण काउंटरों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी। वहीं, शुल्क जमा करने के लिए ‘स्कैन एंड पे’ की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल व्यवस्था के साथ नकद भुगतान और अस्पताल पहुंचकर सीधे पंजीकरण कराने का विकल्प भी जारी रहेगा। स्मार्टफोन या डिजिटल भुगतान एप का इस्तेमाल नहीं करने वाले मरीज पहले की तरह इन सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।

पानीपत में परीक्षण के बाद प्रदेशभर में लागू

यूपीआई भुगतान व्यवस्था का पहले पानीपत के जिला नागरिक अस्पताल में परीक्षण किया गया था। सकारात्मक परिणामों के बाद इसे प्रदेश के सभी 23 जिलों में लागू किया गया। डॉ. मिश्रा के अनुसार, डिजिटल सुविधाओं से अस्पतालों की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगी तथा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में आसानी होगी।

#HaryanaGovernment #HealthDepartmentHaryana #DigitalIndia #UPIPayment #DigitalHaryana #PublicHealth #LahuKiLau #DabwaliNews #SirsaNews #HaryanaNews #lahookilau

कोई टिप्पणी नहीं: