Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

06 जून 2011

गांधी चौक पर अभय चौटाला ने सरकारी अधिकारियों को धोया

डबवाली (लहू की लौ) ऐलनाबाद के विधायक तथा इनेलो के वरिष्ठ युवा नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में भ्रष्टाचार, लूटपाट, मर्डर, बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जिसके चलते लॉ एण्ड ऑर्डर की स्थिति प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मिलीभगती के चलते बिगड़ रही है।
वे शनिवार देर शाम को इनेलो के जन जागरण अभियान के तहत शहर के गांधी चौक में आयोजित एक नुक्कड़ सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जिला सिरसा पुलिस और प्रशासन की जमकर खिंचाई करते हुए कहा कि अधिकारी जिला में लोगों की समस्याओं की तरफ ध्यान न देकर कांग्रेस के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समय राज्य की हालत इतनी दयनीय हो चुकी है कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से भी लोग वंचित चले आ रहे हैं। सरकार ने गांवों में बिजली के पोल लगा दिए, तारें डाल दी और चौबीस घंटे बिजली देने का वायदा किया। लेकिन उन्हें दो घंटे ही बिजली मुश्किल से मिल पा रही है। यही हालत शहरों की है।
चौटाला ने नगर की समस्याओं को उठाते हुए और डॉ. केवी सिंह का नाम लेते हुए कहा कि वह अपने चहेतों को प्रशासन से ठेके दिलाकर मोटा कमीशन वसूल रहा है। इन ठेकों के लिए कांग्रेसी आपस में लड़-झगड़ रहे हैं। इस बंदरबांट के चलते ही कांग्रेस को नपा चेयरमैन की कुर्सी खोनी पड़ी। अब जब इस कुर्सी पर इनेलो का चेयरमैन बनना तय है, तो प्रशासन कांग्रेस का एजेंट बनकर इसका चुनाव ही नहीं करवा रहा। उन्होंने कहा कि डबवाली नगर के लोगों को स्वच्छ पानी मिलना तो दूर बल्कि उन्हें गंदे पेयजल की आपूर्ति करके प्रशासन जनता को बीमार करने पर तुला हुआ है। इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन डॉ. सीता राम, राधेराम गोदारा, रणवीर सिंह राणा, डॉ. गिरधारी लाल, एडवोकेट कुलदीप सिंह सिधू, संदीप सिंह सन्नी गंगा, सर्वजीत सिंह मसीतां, विनोद अरोड़ा, दर्शन मोंगा, महेंद्र डूडी, प्रहलाद राय, टेकचन्द छाबड़ा,  लवली मैहता, केशो राम गुप्ता, नरेश मित्तल, सुरेंद्र छिंन्दा, सुभाष मित्तल, सुखविंद्र सरां, गुलजिंद्र सोना, केके सेठी, नरेंद्र बराड़, हरभगवान मैहता, ईश्वर देवी कटारिया, राकेश शर्मा, सीता देवी, पुष्पा दैड़ान, राजा पेन्टर, काका मोंगा, दीपक बागड़ी, धुनीदास गर्ग, अमरनाथ बागड़ी, लभू सेठी, महावीर सहारण, रिंका सेठी, परमजीत बराड़, जग्गा बराड़, हरबिलास निरंकारी, जगदीश अरोड़ा, नसीब गार्गी, बनी, भोला फौजी, रवि मैहता आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कालांवाली में लोग सड़कों पर

बाबा रामदेव तथा अनशनकारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में जनता का गुस्सा उफान पर
कालांवाली/डबवाली(नरेश सिंगला) दिल्ली के रामलीला मैदान में अनशन पर बैठे योग गुरू बाबा रामदेव तथा हजारों अन्य अनशनकारियों पर पुलिस द्वारा हमला करने के विरोध में पतंजलि योग समिति के बैनर तले मंडी में केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में धर्मपाल, हीरा सिंह, सूरत ङ्क्षसह पूनिया, ओम प्रकाश, सतपाल, शोभा राम, ओम प्रकाश गोयल, सुखदेव सिंह, राम किश्न, राजकुमार, सुनील कुमार, सीतो देवी, कांता जैन, शांति देवी, बिमला देवी, प्रेम कुमार आदि शामिल थे। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेश गर्ग ने बाबा रामदेव पर हमला करने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए खाकी का सहारा लेकर आंदोलन को खत्म करना चाहती है। पूर्व पार्षद प्रतिनिधि दर्शन कुमार दादू ने कहा कि सरकार के इशारे पर पुलिस ने शांतिपूर्वक ढंग से आंदोलन कर रहे लोगों पर हमला किया है, वह अति निंदनीय है। इस हमले से लोकतंत्र को दबाने की कोशिश की गई है।
इधर भारतीय जनता पार्टी के जिला महासचिव सतीश जग्गा, सतीश काला, मनोज शर्मा, विक्की शर्मा ने कहा है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में बाबा रामदेव के नेतृत्व में शांति से चल रहे अनशन का जिस बर्बतापूर्ण तरीके से दमन किया गया है, वो केन्द्र की यूपीए सरकार की हिटलरशाही का परिचायक है। मासूम और निहत्थे बर्जुगों, महिलाओं तथा बच्चों पर लाठीचार्ज बताता है कि केन्द्र और दिल्ली की सरकार किस कद्र संविधान की भावना के परखच्चे उड़ा रही है।

05 जून 2011

63 वर्ष की आयु में 23 का जज्बा

डबवाली- सेवानिवृत्त डाक सहायक एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के सदस्य मुख्तियार सिंह ने 63 वर्ष की आयु में वह कर दिखाया जो 23 वर्ष के युवा भी कठिनता से कर पाते हैं।
फरवरी 2008 में डाकघर मंडी डबवाली से सेवाविृत्त मुख्तियार सिंह अपने बचपन के एलएलबी कर वकील बनने के चिर स्वपन को साकार करने के लिए नेहरू मैमोरियल लॉ कॉलेज हनुमानगढ़ में दाखिला लेकर सभी विद्यार्थी व गुरूजनों से आयु में बड़े होकर एक अच्छे विद्यार्थी बन सदैव अग्रिम पंक्ति में रहे और अच्छे अंकों में एलएलबी परीक्षा पास की। गांव देसू मलकाना कालांवाली में 15 फरवरी 1948 में मुकन्द सिंह के घर जन्में मुख्तियार सिंह ने 1975 में बीए व 1979 में डाक विभाग में सेवा कार्य शुरू किया परन्तु वकील बनने की इच्छा सदैव बनी रही। जिसे उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद एलएलएम करके गरीब व बेसहारा लोगों की नि:शुल्क सेवा करने का मन बनाया है। डाक विभाग के सेवानिवृत कर्मचारी चमन लाल मिढ़ा, पीडी शर्मा और मेजर सिंह गिल ने इसका स्वागत किया है।

छेड़छाड़ में फंसे डॉक्टर की डेपूटेशन

डबवाली (लहू की लौ) एएनएम से छेड़छाड़ मामले में माफी मांगकर अपना पिंड छुड़वाने वाले डॉक्टर का अभी भी यह विवाद पीछा नहीं छोड़ रहा है। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने मामले का ठीकरा डॉक्टर पर फोड़ते हुए उसको डेपूटेशन पर भेज दिया है। विभाग के गांव मांगेआना में बने सब सैन्टर पर तैनात एएनएम सत्या देवी ने आरोप लगाया था कि 25 मई को चैकिंग पर आए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देसूजोधा के प्रभारी डॉ. गुरजीत सिंह ने उससे छेड़छाड़ की है। एएनएम के इस आरोप से हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। इधर मामले की भनक एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन हरियाणा को लग गई।
डॉक्टर के विरूद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर विभिन्न सरकारी कर्मचारी संगठनों के कार्यकर्ता लामबंद हो गए। डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर संगठनों ने एसोसिएशन की अध्यक्षा निर्मल बुलारा के नेतृत्व में 30 मई को अस्पताल में खूब बवाल काटा। पूरा दिन धरना, प्रदर्शन, नारेबाजी होती रही। यहां तक की डॉक्टर से मारपीट भी हुई। बाद में डॉक्टर ने अपने किए पर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगकर अपना पिंड छुड़वाया था।
हाथ जोड़कर माफी मांगने वाले डॉक्टर का अभी भी यह विवाद पीछा नहीं छोड़ रहा। अब हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने इसका नजला डॉ. गुरजीत सिंह तथा उनकी पत्नी अमनदीप कौर पर गिराया है। डॉक्टर दम्पति को चौदह दिन के लिए डेपूटेशन पर दड़बा कलां भेज दिया गया है। वहीं विभाग के आला अधिकारी गुपचुप तरीके से मामले की टोह लेने में जुटे हुए हैं।

पीएम इस्तीफा दें, बोले चौटाला

डबवाली (लहू की लौ) पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि देश में कुशासन का अंत करने के लिए वकीलों को आगे आना होगा। बात चाहे पाकिस्तान की हो या फिर मिस्र की क्रांति की। यहां भी वकील आगे आए वहां जनता को दबाने वाले शासन का खात्मा हो गया। चौटाला शनिवार को बार रूम में वकीलों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कार्यपालिका और मीडिया को भ्रष्टाचार की दलदल में धकेल दिया है। अब न्यायपालिका जो अभी तक भी ईमानदार है उसे भी भ्रष्ट बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से जनता बुरी तरह त्रस्त है। जो भी कोई भ्रष्टाचार, महंगाई या अन्य मुद्दों को लेकर बोलता है, जनता उसके साथ हो जाती है। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव और अन्ना हजारे के आंदोलनों से कुछ भी नहीं होने वाला। यह तभी संभव है, जब लोग जागरूक होंगे।उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को बेचारा कहते हुए संबोधित किया और कहा कि बेचारा ईमानदार है और जानता भी है कि सरकार की गलत नीतियां और भ्रष्टाचार देश को डूबा रहा है। लेकिन फिर भी परिस्थितियावश गद्दी से चिपका हुआ है। उन्होंने मनमोहन सिंह को सलाह दी कि वे नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे दे। इस अवसर पर एडवोकेट सुरेंद्र गर्ग, कुलदीप सिंह सिधू, सुखबीर सिंह बराड़, रामसरूप मैहता, रणजीत सिंह, बलजीत सिंह, दीपक कौशल, सुभाष गुप्ता, गंगा बिशन गोयल, जगदीश चंद्र गुप्ता, एससी शर्मा, युधिष्ठिर शर्मा, रमेश बिश्नोई, राजेश यादव, केके सेठी, डॉ. गिरधारी लाल आदि उपस्थित थे।

संचार और पेयजल सुविधा ठप्प

रेल पटरी के नीचे से पुली बनाते समय रेलवे ने तोड़ी पेयजल पाईप, बीएसएनएल की केबल कटी
डबवाली (लहू की लौ) रेलवे ने अपनी पुरानी पुली को बदलने में यहां तीन घंटे लगाए। वहीं इस पुली के नीचे से गुजरने वाली बीएसएनएल की तार को काट देने से पुराना डबवाली क्षेत्र के करीब 1500 लैंडलाईन फोन तथा उनसे संबंधित इंटरनेट सरवर ठप्प हो गया। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम उपभोक्ता को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पेयजल पाईप टूटने के कारण लोगों को पेयजल आपूर्ति में बाधा आई।
नई अनाज मण्डी रोड़ के साथ जा रही रेलवे लाईन के नीचे रामलीला ग्राऊंड के नजदीक एक पुली बनी हुई थी। जोकि रेलवे ट्रेक पर आने वाले बरसाती पानी को सड़क पर निकालने का काम करती थी। पुली की हालत खस्ता हो चुकी थी। बरसात के दिनों में रेलमार्ग को कोई नुक्सान न हो इसके दृष्टिगत शनिवार को उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर डिविजन के इंजीनियरों द्वारा इसे बदलने का काम किया गया।
सुबह 7.15 पर पुली बदलने का काम शुरू हुआ। लेकिन इसको बदलते-बदलते रेलवे को मात्र तीन घंटे लगे। इस काम को बीकानेर से मण्डलीय अभियंता विशाल गुप्ता, इंस्पेक्टर ऑफ वक्र्स लक्ष्मण बाई, एडीजीएन घनश्याम दबे, एसएसई बठिंडा आनंद स्वरूप की देखरेख में अंजाम दिया गया। इस कार्य को भले ही निबटाने में बहुत कम समय लगा। लेकिन जेसीबी ने पुरानी पुली को उखाड़ते समय भारत दूरसंचार निगम लिमिटेड की केबल भी उखाड़ डाली। जिससे डबवाली का पुराना क्षेत्र प्रभावित हुआ। टेलीफोन से जुड़ा यह क्षेत्र मिनटों में ही एक्सचैंज से कट गया।
बीएसएनएल उपमण्डल डबवाली के एसडीई मनमोहन शर्मा ने बताया कि रेलवे ने बीएसएनएल को सूचना दिए बिना उपरोक्त कार्य किया। जिससे बीएसएनएल को लगभग दो लाख रूपए का नुक्सान हुआ है। उनके अनुसार क्षेत्र के करीब 1500 लैंडलाईन फोन तथा इंटरनेट सेवा प्रभावित हुई। रविवार तक सेवा बहाल कर दी जाएगी।
जनस्वास्थ्य विभाग के जेई सतपाल ने बताया कि रेलवे विभाग द्वारा उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई थी। इसके बावजूद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पाईप लाईन बिछी होने के बारे में रेलवे अधिकारियों को बताया था। लेकिन इसके बावजूद पेयजल पाईप तोड़ दी गइ्र। पाईप टूटने से एक साईड की पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। शीघ्र ही पाईप को ठीक किया जाएगा।
रेलवे के एसएसई बठिंडा आंनद स्वरूप ने बताया पुली की हालत खराब होने के कारण इसे बदला गया है। पुलिस के साथ होकर जाने वाली बीएसएनएल की केबल अनाधिकृत है। इस बारे में करीब छह माह पहले बीएसएनएल को पत्र लिखकर केबल हटाने का अनुरोध किया जा चुका है। लेकिन बीएसएनएल ने इस बारे में कोई कदम नहीं उठाया। अब भी बीएसएनएल को सूचना दी गई थी।

मुख्यमंत्री बादल के हल्के में छह साल के बच्चे को पोलियो

डबवाली (लहू की लौ) सरकार सालों से पोलियो के खिलाफ अभियान चलाते हुए लाखों रूपए खर्च कर रही है। लेकिन इसके बावजूद भी पोलियो का संदिग्ध मरीज पाए जाने पर सरकार का टीकाकरण के द्वारा बनाया जा रहा पोलियो का सुरक्षा चक्र टूटता हुआ दिखाई दे रहा है।
मण्डी किलियांवाली की चर्च वाली गली में रहने वाले गाड़ी चालक राकेश कुमार के 6 वर्षीय बेटा विष्णु को करीब बीस दिन पूर्व तेज बुखार हुआ था। जोकि बाद में टाईफाईड में बदल गया। लेकिन पिछले 10 दिनों से वह बिल्कुल स्वस्थ था और विद्यालय में भी जाना आरंभ कर दिया था। गुरूवार सुबह अचानक वह लडख़ड़ाते हुए गिर गया। राकेश ने उसे उठाया और पुन: चलने के लिए कहा। लेकिन विष्णु लंगड़ाने लगा। राकेश के अनुसार बुधवार शाम को उसका बेटा बिल्कुल ठीक था। लेकिन आज सुबह चलते हुए अचानक गिर गया। उसके बाद वह अपनी दाईं टांग पर वजन सहन नहीं कर पा रहा। लंगड़ाकर चलते हुए गिरने लगा है।
विष्णु को पोलियो होने के संदेह के चलते यहां के सरकारी अस्पताल में लेजाया गया। यहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सरवन बांसल ने उसकी जांच की। चिकित्सक को उसमें पोलियो के लक्षण प्रतीत हुए। लेकिन मामला पंजाब का होने के कारण उन्होंने उसे पंजाब के जिला श्री मुक्तसर साहिब के हल्का लंबी के अस्पताल में रैफर कर दिया।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सरवन बांसल ने बताया कि छह वर्षीय विष्णु में पोलियो के लक्षण पाए गए हैं। लेकिन पक्के तौर पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। विष्णु साथ लगते पंजाब की मण्डी किलियांवाली का रहने वाला है। इसके चलते उसे लम्बी रैफर कर दिया गया। चिकित्सक के अनुसार इस बारे में पत्र भेजकर हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के जिला सिरसा के अधिकारियों को भी अवगत करवा दिया गया है।
जिला श्री मुक्तसर साहिब के लम्बी में स्थित सरकारी अस्पताल की कार्यकारी एसएमओ डॉ. रीटा गुप्ता ने बताया कि फिलहाल उनके पास ऐसा कोई रोगी नहीं आया है।

एक रात में लूटे पांच पेट्रोल पंप

थाना लम्बी पुलिस के लॉकप से फरार हुए आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम
डबवाली (लहू की लौ) डबवाली-बठिंडा मार्ग पर पंजाब क्षेत्र में स्थित पांच पेट्रोल पंपों से गुरूवार रात को कार सवार लुटेरे करीब ढाई लाख रूपए की नकदी, मोबाइल सैट तथा मोबिल लूट ले गए। रात करीब 11 बजे से शुरू हुआ वारदातों का सिलसिला शुक्रवार सुबह 4.30 बजे तक चलता रहा। पिस्तौल, नलके की हत्थी, रॉड बगैरा से लैस लुटेरे बेखौफ पेट्रोल पंप के करिंदों से मारपीट करके लूटपाट करते रहे। थाना संगत प्रभारी एसआई रिछपाल सिंह ने बताया कि लुटेरों की मारपीट का शिकार हुए करिंदों को कुछ तस्वीरें दिखाई गई। जिसमें से करिंदों ने दो की पहचान की है। पहचान के आधार पर कुलविंद्र तथा जसविंद्र सिंह निवासी जय सिंहवाला (बठिंडा) बगैरा के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तालाश शुरू कर दी है। उनके अनुसार लुटेरे 21 अप्रैल को जिला श्री मुक्तसर साहिब (पंजाब) के लॉकप से फरार हो गए थे।
डीएसपी (आर) बठिंडा गुरमेल सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप लूट की घटनाओं के बाद सीमाओं को सील कर दिया गया है। पड़ौसी राज्य हरियाणा की पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। संदिग्ध स्थानों पर छापामारी शुरू करके लुटेरों की तालाश जारी है। शीघ्र ही लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

झुंबा पेट्रोल पंप, गांव झुबां
(थाना सदर बठिंडा)
पेट्रोल पंप मालिक गुरजीत सिंह पटवारी ने बताया कि गुरूवार रात को करीब 11.00 बजे उसके पंप पर लुटेरे आए। करिंदे जीत पाल से सात हजार रूपए की नकदी। दो मोबाइल तथा 90 लीटर मोबिल लूट ले गए। जिसमें दो टीन बीस-बीस लीटर के तथा पांच टीन दस-दस लीटर के थे।


मै. स्वर्ण पेट्रो प्वाईंट, डूमवाली
(थाना संगत, जिला बठिंडा)
शुक्रवार सुबह करीब सवा दो बजे ग्रे रंग की होंडा सिटी कार आई। कार से तीन व्यक्ति निकले। दो ने अपने हाथ में रिवॉल्वर पकड़ी हुई थी। जबकि एक के हाथ में नलके की हत्थी थी। इन लोगों ने पंप के कमरे में सोये वीरेंद्र (18), अमनदीप (20), चमकौर सिंह (22), कुलविंद्र (20) निवासीगण मलोट, केहर सिंह (26) निवासी गांधीबड़ी (हनुमानगढ़) को पीटना शुरू कर दिया। मोबाइल, पर्स तथा अन्य सामान छीन लिया। रिवॉल्वर दिखाकर इन लोगों ने चमकौर तथा कुलविंद्र को बाथरूम में कैद कर दिया। जबकि वीरेंद्र, अमनदीप तथा केहर सिंह को सेल्जमैन रूम में रिवॉल्वर दिखाकर पीटते रहे। केहर सिंह के पास से 20 हजार रूपए की नकदी छीन ली। पंप के भीतर पड़ी सेफ को भी तोड़ डाला। लेकिन कुछ नहीं मिला। कुछ देर बाद तेल डलवाने के लिए पंप पर एक ट्राला आया। जान से मार देने की धमकी देकर लुटेरों ने केहर सिंह को तेल डालने के लिए कहा। दो घंटे तक तेल डलवाने के लिए पंप पर गाडिय़ों की कतार लगी रही। इस दौरान करीब 98 हजार 620 रूपए की सेल हुई। लुटेरे कुल एक लाख आठ हजार 620 रूपए लूट ले गए। वारदात के बाद लुटेरे कार को बठिंडा की ओर भगा ले गए। जाते हुए सभी को पंप के अंदर बंद कर गए। पंप के ऑफिस का शीशा तोड़कर बाहर निकले वीरेंद्र ने इसकी सूचना अपने पिता प्रभुदयाल निवासी मलोट को दी।
मै. गणेश पेट्रो वेज, पथराला
(थाना संगत, जिला बठिंडा)
सुबह करीब 4.30 बजे पेट्रोल पंप पर एक कार आकर रूकी। जिसमें से तीन व्यक्ति उतरे। सेल्जमैन हरपाल को कार में तेल डालने के लिए कहा। इंकार करने पर सेल्जमैन की कनपटी पर रिवॉल्वर लगा लिया। काऊंटर में पड़ी 22 हजार रूपए की नकदी निकाल ली। पंप पर लगे अन्य सेल्जमैन प्रिंस, बलवीर तथा रणदीप की नजर लुटरों पर पड़ी। वे चुपचाप छुपकर खड़े रहे। मौका पाकर प्रिंस ने चिल्लाना शुरू कर दिया। जिससे पंप के साईड में खड़ी गाडिय़ों के चालक तथा एक अन्य सेल्जमैन जेठू राम की आंख खुल गई। अपने तरफ लोगों को आता देख लुटेरे भाग खड़े हुए।

पंजाब एग्रो फूड ग्रेन (रायकेकलां) गांव झंडिय़ा
(थाना संगत, जिला बठिंडा)
गुरूवार रात करीब 12.30 बजे पंप पर एक कार आकर रूकी। जिसमें से चार व्यक्ति उतरे। इनमें से दो ने अपने हाथों में रिवॉल्वर तथा दो ने नलके की हत्थी तथा रॉड उठाई हुई थी। पंप के सेल्जमैन सुनील का नलके की हत्थी मारकर सिर फोड़ दिया। अन्य सेल्जमैन पिंटू, राजू से भी मारपीट की। यहां से लुटेरे 26 हजार रूपए की नकदी लूटकर चलते बने।

सेठ भानचंद एचपी सेंटर, बल्लुआना
(थाना सदर बठिंडा)
पंप मालिक अजय कुमार निवासी गिदड़बाहा ने बताया कि गुरूवार रात को एक कार आकर उनके पंप पर रूकी। उस समय पंप के कार्यालय की छत पर करिंदे सोये हुए थे। लुटेरों ने कार्यालय के शीशे तोड़ दिए। कार्यालय में पड़ी 80 हजार रूपए की नकदी और मोबाइल फोन उठाकर फरार हो गए।

पुलिस अधिकारी ने रिश्वत में लिए 30 लाख-अभय सिंह चौटाला

डबवाली (लहू की लौ) प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर इनेलो द्वारा 11 जून को प्रस्तावित सिरसा बंद ऐतिहासिक होगा। जिसमें करीब 30 हजार महिला पुरूष कार्याकत्र्ता सड़कों पर उतर कर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
ऐलनाबाद के विधायक चौ. अभय सिंह चौटाला ने गांव गंगा में पैक्स गोरीवाला के चेयरमैन संदीप सिंह गंगा के निवास स्थान पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि विधानसभा चुनावों में भयमुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का वायदा कर सत्ता में आई हुड्डा सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था लागू करने में पूरी तरह से असफल रही है। प्रदेश में जहां अपराधियों का बोलबाला है वहीं प्रदेश का संतरी से लेकर मंत्री, मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का इस कदर जनाजा निकल चुका है कि मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में ही औसतन रोजाना एक हत्या होती है। सिरसा जिले में पिछले दो वर्षों में 106 हत्याएं हो चुकी है। जिसमें अधिकांश अभी तक अनसुलझी पहेली बनी हुई है। उन्होंने जिले के एक आला पुलिस अधिकारी पर एक दोहरे हत्याकांड में एक आरोपी को बाहर निकालने के लिए 30 लाख रुपये की कथित तौर पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर इसकी जांच करवाये जाने की मांग की है।
ऐलनाबाद के विधायक ने बताया कि हजकां के बागी 5 विधायकों का फैसला जल्द आने की उम्मीद है और पांचों विधायकों की सदस्यता रद्द होना तय है और इसके साथ ही प्रदेश की हुड्डा सरकार की रवानगी भी जल्द होगी और प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने का रास्ता साफ होगा। इस मौके पर जिला परिषद के अध्यक्ष सीता राम, राधे राम गोदारा, रणवीर सिंह राणा, दर्शन मोंगा, लभू सेठी, गुलजारी सिंह सोना, सर्वजीत मसीतां, अधिवक्ता कुलदीप सिंह सिधू कुलदीप जम्मू, लवली मेहता, महिंद्र डूडी, टेक चंद छाबड़ा, सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

03 जून 2011

गुस्साए लोगों को देख भागे बिजली वाले

डबवाली (लहू की लौ) वार्ड नं. 10 के पुराना हनुमान मंदिर क्षेत्र में दो फीडरों पर चल रही बिजली को कट करने गए बिजली कर्मचारी लोगों के विरोध के चलते भाग खड़े हुए। बिजली कट करने से तिलमिलाए लोगों ने बवाल खड़ा कर दिया। लोगों के रोष की सूचना पाकर मौका पर पहुंचे बिजली अधिकारियों ने कनेक्शन को पुन: जोडऩा मुनासिब समझा।
बिजली आपूर्ति देने के लिए बिजली निगम ने शहर को तीन फीडरों में बांटा हुआ है। फीडर का क्षेत्र भी तय किया हुआ है। लेकिन पुराना हनुमान मंदिर क्षेत्र के लोग फीडर नं. 2, 3 से बिजली आपूर्ति ले रहे हैं। इस बात की भनक बिजली निगम के अधिकारियों को हुई तो उन्होंने क्षेत्र का कनेक्शन एक ही फीडर पर किए जाने के आदेश दिए। गुरूवार सुबह विभाग के एएलएम संजय तथा रविंद्र इस क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने कनेक्शन पर कैंची चला दी। जिससे करीब पचास घरों में बिजली गुल हो गई। बिजली कर्मियों द्वारा पोल से कनेक्शन काटे जाने से लोग भड़क गए। लोगों को आक्रोशित होकर अपनी ओर आता देख बिजली कर्मी मौका से भाग गए और इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी।
वार्ड नं. 10 के पार्षद टेकचंद छाबड़ा, पुराना हनुमान मंदिर क्षेत्र के निवासी धर्मपाल, बलदेव, वीरेंद्र, कृष्ण, शाम लाल, राकेश कुमार, हरीश, हरबंस, रमेश ग्रोवर, अशोक सेठी, पप्पू सेठी आदि ने बताया कि गुरूवार सुबह क्षेत्र में आए दो बिजली कर्मियों ने बिना सूचना दिए बेवजह उनके घरों को जाने वाले बिजली आपूर्ति की लाईन काट दी। जिससे उन्हें भारी परेशानी हुई।
इधर इसी क्षेत्र के निवासी अनिल कुमार, मदन लाल, नंद लाल, सुरेश बगैरा ने बताया क्षेत्र में कुछ घरों ने निजी तौर पर लाईन डालकर कनेक्शन किए हुए हैं। जिसके चलते उनके क्षेत्र में अक्सर बिजली की वोल्टेज कम रहती है। इसके चलते इसकी शिकायत निगम के अधिकारियों को की। इक्ट्ठे हुए लोगों को देखकर शिकायत पर कार्रवाई करने आए कर्मचारी भाग गए।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम मण्डल डबवाली के एक्सीयन वीके रंजन ने बताया कि पुराना हनुमान मंदिर क्षेत्र में कुछ लोग निजी केबल डालकर दो फीडरों से बिजली ले रहे हैं। जोकि गैर कानूनी है। निगम को इस बारे में शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर ही निगम कर्मी फीडरों के कनेक्शन अलग-अलग करने के लिए मौका पर गए थे। लेकिन वहां काफी लोग जमा हो गए। लोगों में पनपे रोष को देखते हुए कर्मी वहां से चले आए। उनके अनुसार संबंधित क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति संबंधित फीडर से सुनिश्चित की जाएगी। साथ में कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए एक ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।

02 जून 2011

चोटी के राष्ट्रीय राजनीतिक नेताओं और प्रमुख धार्मिक शख्शीयतों द्वारा बीबी सुरिन्द्र कौर बादल को भावभीनी श्रद्धांजलि

बठिंडा -चोटी के राष्ट्रीय राजनीतिक नेताओं और प्रमुख धार्मिक शख्शीयतों ने पंजाब के मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल की धर्म पत्नी सुरिन्द्र कौर बादल के  भोग के मौके पर आज यहां की नई अनाज मंडी में हुई अंतिम अरदास के अवसर पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
    पंजाब भर और पड़ौसी राज्यों से समाज के प्रत्येक वर्ग में से हज़ारों की संख्या में लोग सुबह से ही सरदारनी बादल की अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए पहुंचने आरंभ हो गये थे। दाना मंडी में लगाया गया विशाल पंडाल दोपहर 12 बजे तक भर गया था और उसके बाद लोगों को बाहर खड़े होकर श्रद्धांजलि समागम की कार्रवाई को सुनना पड़ा। सरदारनी बादल को श्रद्धांजलि भेंट करने वाले सभी ही प्रवक्ताओं ने कहा कि बीबी बादल ने प्रत्येक पक्ष से सफल और भरपूर जीवन व्यतीत किया और उनके व्यक्तित्व को अनूठे गुणों का संगम कहा। प्रवक्ताओं ने कहा कि धार्मिक वृति उनका प्रधान गुण था।
    भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता श्री लाल कृष्ण अडवाणी ने कहा कि राष्ट्रीय राजनीति में जो साकारत्मक एवं अग्रणीय भूमिका स. बादल ने निभाई है उसके पीछे सरदारनी बादल की प्रेरणा और शक्ति कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि सरदारनी सुरिन्द्र कौर बादल ने जहां परिवारिक जिम्मेवारियों का बोझ उठाकर स. प्रकाश सिंह बादल को चिन्तामुक्त कर रखा, वहां उनको नैतिक शक्ति भी दी। भाजपा के रह चुके राष्ट्रीय प्रधान श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरदारनी बादल दया, कोमलता, दृढता और शराफत का अनूठा संगम थे। लोकसभा में विरोधी पक्ष की नेता श्रीमति सुष्मा स्वराज ने कहा कि सरदारनी बादल ने हसमुख और खुशमिजाज शख्शीयत थी और उन्होंने राजनीति के कठोर क्षेत्र में रहते हुए भी अपनी आंतरिक नारी संवेदना को जीवित रखा।
    गुजरात के मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सरदारनी बादल से अपनी नीजि यादों को स्मरण करते हुए कहा कि बीबी बादल से उनक ो हमेशा ही मां वाला स्नेह मिलता रहा है। वह सामाजिक क्रांति की प्रतीक थी और भ्रूण हत्या के खिलाफ अभियान चलाकर उनको सच्ची श्रद्धांजलि भेंट करनी चाहिए। हरियाणा के  पूर्व मुख्यमंत्री श्री औम प्रकाश चौटाला ने सरदारनी बादल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सम्पूर्ण जीवन लोगों के  दुख तकलीफों को घटाने के लिए कार्य किया और इसलिए बीबी बादल की कमी लम्बे समय तक महसूस की जाती रहेगी। श्री चौटाला ने कहा कि उनको पूरी तसल्ली है कि स. सुखबीर सिंह बादल अपनी मां के नक्शे कदम पर चलते हुए पंजाब और पंथ की सेवा कर रहें हैं।
    कांग्रेसी पार्टी के  सीनियर नेता श्री जगमीत सिंह बराड़ ने कहा कि देश के महान राजनीति वेता के तौर पर उभरे स. प्रकाश सिंह बादल द्वारा लड़े गए लम्बे राजनीतिक संघर्षो के पीछे सरदारनी बादल की प्रेरणा मयी भूमिका थी। उन्होंने कहा कि सरदारनी  बादल राजनीति में रहते हुए भी राजनीतिक संकीर्णताओं से उपर उठकर सोचने एवं विचारने की समर्था रखती थी। लोक भलाई पार्टी के प्रधान श्री बलवंत सिंह रामूवालिया ने कहा कि सरदारनी बादल ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष गुरू घर और समाज की निष्काम सेवा करते हुए गुजारे। भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के केंद्रीय कमेटी के  सदस्य डॉ. जोगिन्द्र दयाल ने कहा कि सरदारनी बादल अपने परिवारिक और सामाजिक जिम्मेवारी पूरी तनदेही से निभाने वाली एक सफल महिला थी।
    श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गुरबचन सिंह ने सरदारनी बादल द्वारा गुरू रामदास लंगर की, की गई सेवा को याद करते हुए कहा कि सरदारनी बादल धार्मिक वृति वाले गुरूघर के नियमित सेवक थी। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन ईश्वर की निर्मल जीवन में रहकर गुजारा। दमदमी टक्साल के  मुखी बाबा हरनाम सिंह खालसा ने सिक्ख सिद्धांत प्रचारक संत समाज द्वारा श्रद्धांजलि भेंट करते हुए कहा कि सरदारनी बादल एक सिदकवान सिक्ख थी जिन्होंने हज़ारों व्यक्तियों को गुरू घर की सेवा की राह पर चलाया।
    अजीत प्रकाशन समूह के प्रबंधकीय सम्पादक डॉ. बरजिन्द्र सिंह हमदर्द ने सरदारनी बादल को याद करते हुए कहा कि बीबी बादल सच्चे शब्दों में एक कर्मयोगी थी। श्रद्धांजलि समागम से पूर्व भाई हरजिन्द्र सिंह श्रीनगर वाले और हज़ूरी रागी भाई रविन्द्र सिंह सहित प्रसिद्ध रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन किया और प्रसिद्ध कथावाचक भाई पिंदरपाल सिंह ने गुरूशब्द की कथा की। श्री हरमंदिर साहिब के अरदासीये भाई कुलविन्द्र सिंह ने बिछुड़ी आत्मा की आत्मिक शांति के लिए श्री गुरूग्रंथ साहिब के हज़ूर अरदास की और हैड ग्रंथी भाई जसविन्द्र सिंह ने हुक्म नामा लिया।
    श्रद्धांजलि समागम के अंत में पंजाब के  मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि धार्मिक शख्शीयतों के आर्शीवाद और राष्ट्रीय नेताओं के प्रेरणामयी बोलों से हमारा दुख भी घटा है और हमें ढंढास भी बंधी है। अपनी स्वर्गीय धर्मपत्नी सुरिन्द्र कौर बादल के गुणों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह आरंभ किए हर कार्य को संपूर्ण कर दम लेती थी। सरदारनी बादल के बिछोड़े को बेवक्त और दर्दनाक बताते हुए स. बादल ने कहा कि इस दुख की घड़ी में देश के प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से लेकर प्रत्येक राजनीतिक पार्टी के नेताओं ने राजनीतिक संकीर्णताओं से उपर उठकर उनके परिवार का दुख बटाया है। सरदारनी बादल की पुत्रवधु हरसिमरत कौर बादल संसद सदस्य, बेटी सरदारनी परनीत कौर और दामाद स. आदेश प्रताप सिंह कैंरों क ैबिनेट मंत्री सहित बादल परिवार के सभी सदस्य और रिश्तेदार अंतिम अरदास और श्रद्धांजलि समागम में उपस्थित थे।
    इस अवसर पर विभिन्न राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टीयों के नेता, पंजाब के कैबिनेट मंत्री, मुख्य संसदीय सचिव, संसद सदस्य, विधायक, शिरोमणि कमेटी सदस्य, शिक्षा शास्त्री, सिविल एवं पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारी और अकाली-भाजपा कार्यकत्र्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर गड़बड़झाला


डबवाली (लहू की लौ) खण्ड डबवाली में चल रहे आंगनवाड़ी केंद्र इन दिनों खास चर्चा में हैं। सरकार के नियमों के विपरीत महकमे में लगे लोगों के घरों पर खुले इन केंद्रों पर बच्चों को राशन तक नसीब नहीं हो रहा। यहां तक की इन पर तैनात अधिकतर वर्कर संबंधित विभाग के ही कर्मचारियों के परिवारों से हैं।
खण्ड डबवाली के अंतर्गत आने वाले 48 गांवों में 144 आंगनवाड़ी केंद्र चल रहे हैं। सरकार की ओर से केंद्रों पर आने वाले बच्चों को प्रतिदिन खाना देने का एक मेन्यू बनाया गया है। मेन्यू के मुताबिक आंगनवाड़ी केंद्र में सोमवार को मीठा दलिया, मंगलवार को आलू पुरी, बुधवार को मीठे चावल, गुरूवार को गुलगुले, शुक्रवार को परांठे तथा शनिवार को नमकीन दलिया बनाया जाना तय किया गया है। लेकिन पिछले कुछ माह से मेन्यू के विपरीत नमकीन दलिया ही बच्चों को परोसा जा रहा है। इस दलिया में भी कीट मौज कर रहे होते हैं। ऐसा भोजन बच्चों को स्वास्थ्य देने की बजाए कभी भी अस्पताल भेज सकता है। नियमानुसार आंगनवाड़ी केंद्र सार्वजनिक जगह पर खोले जाते हैं। यहां तक की बिना पंचायत की मंजूरी के बिना कोई भी केंद्र किसी भी जगह नहीं खोला जा सकता। लेकिन इस क्षेत्र में तो नियम बताने वाले महकमे के कर्मचारियों के घरों में ये केंद्र चलाए जा रहे हैं।
गांव लोहगढ़ की महिला सरपंच के प्रतिनिधि नछत्तर सिंह, मां भगवती वैल्फेयर युवा क्लब लोहगढ़ के अध्यक्ष प्रदीप कुमार, विक्रम सेठी, रामकरण, कर्मजीत, अमरजीत, रविदास, ज्योति लाल, तरसेम कुमार राकेश कुमार आदि ने बताया कि उनके गांव में पांच आंगनवाड़ी केंद्र चल रहे हैं। पिछले तीन माह से इन केंद्रों में आने वाले बच्चों को भोजन के नाम पर केवल नमकीन दलिया ही परोसा जा रहा है। इस दलिया में भी कीट होते हैं। ऐसे में बच्चों को स्वास्थ्यप्रद भोजन देने के सरकार के दावे बेमानी लगते हैं। सरपंच प्रतिनिधि के अनुसार इन केंद्रों पर तैनात वर्कर कभी-कभी ही उपस्थित होती हैं। इन केंद्रों पर कितने बच्चे हैं, कितना राशन आता है या कितना राशन आया है, इसके हिसाब-किताब वाला रजिस्टर केंद्र में होने की बजाए वर्करों के घरों में मिलता है। यहां तक की गांव का एक सैंटर विभाग का ही एक कर्मचारी चला रहा है। केंद्रों हो रही गड़बडिय़ों के संबंध में पंचायत कई दफा प्रस्ताव पास करके प्रशासन से कार्रवाई की गुहार लगा चुकी है। लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
इस संबंध में जब सीडीपीओ डबवाली रमावती से बातचीत की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि राशन न आने की वजह से खण्ड के आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को नमकीन दलिया ही दिया जा रहा है। राशन उपलब्ध होते ही सुपरवाईजरों की मार्फत संबंधित केंद्रों को भेज दिया जाएगा। उनके अनुसार आंगनवाड़ी केंद्र घर के किसी कमरे में नहीं खोला जाता। नियमानुसार यह केंद्र पंचायत की सहमति से सार्वजनिक जगह पर ही खोला जा सकता है। घरों में खुले केंद्र को सार्वजनिक जगह पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। सीडीपीओ के अनुसार केंद्रों पर आने वाले राशन का पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है। यह रिकॉर्ड केंद्र में पड़ा होता है। कोई वर्कर इसे अपने घर पर नहीं ले जा सकता।
इस संदर्भ में उपमण्डलाधीश डॉ. मुनीश नागपाल से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग को आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी केंद्र में गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गड़बड़ी की आशंका
आंगनवाड़ी केंद्रों पर भेजे जाने वाले राशन में हेरफेर की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। चूंकि इन केंद्रों पर भेजा जाने वाला राशन केंद्र पर जाने की बजाए रास्ते में ही कहीं गायब हो जाता है। लोहगढ़ के आंगनवाड़ी केंद्रों पर तैनात हैल्पर श्वेता रानी, रानी  देवी, सरोज रानी ने बताया कि वे नहीं जानती कि विभाग की ओर से केंद्र में तैनात बच्चों के लिए कितना राशन भेजा जाता है। उनके अनुसार केंद्र पर तैनात वर्कर मात्र एक सप्ताह का राशन लेकर आती हैं। वही राशन वे बच्चों में बांट देती हैं।

31 मई 2011

रोड़ी में रोड़वेज परिचालक को लूटा

डबवाली (लहू की लौ) रोड़ी-सरदूलगढ़ मार्ग पर हरियाणा रोड़वेज के एक परिचालक को बाईक सवार तीन युवकों ने लूट लिया और फरार हो गए। घटना रविवार रात करीब पौने नौ बजे की बताई जाती है।
हरियाणा रोड़वेज की बस नं. एचआर57-0954 रविवार शाम 6.30 बजे डबवाली बस अड्डा से रोड़ी के लिए निकली थी। बस को चालक जीवन सिंह चला रहा था। यह बस करीब 8.30 बजे रोड़ी पहुंची। रोड़ी के स्वास्थ्य केंद्र के सामने बस को रोक कर बस का परिचालक गोमा राम निवासी बरूवाली (सिरसा) बाईक से खाना खाने के लिए अपने मित्र भागा राम के गांव कन्हैयावाला की ओर चल दिया।
गोमा राम के अनुसार उसने जैसे ही सरदूलगढ़ रोड़ पर रोड़ी पुलिस द्वारा लगाए गए नाके को क्रॉस किया तो पीछे से आए बाईक सवार तीन युवकों ने धक्का देकर उसे गिरा दिया। उसके हाथ में पकड़ा बैग जिसमें 1500 रूपए तथा 25-30 हजार रूपए की रोड़वेज की टिकट थी, आरोपी छीन कर फरार हो गए। परिचालक के अनुसार उसने इसकी शिकायत रोड़ी थाना में की। लेकिन पुलिस ने पंजाब क्षेत्र कहकर उसे टरका दिया। जब वह सरदूलगढ़ थाना में शिकायत लेकर गया तो वहां के कर्मचारियों ने मौका का मुआयना करने के बाद उसे हरियाणा का क्षेत्र कहकर उसे रोड़ी थाना में जाने की सलाह दी।
थाना रोड़ी के प्रभारी इंस्पेक्टर महा सिंंह ने बताया कि परिचालक के ब्यान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस को परिचालक गोमा राम ने बताया कि लुटेरे युवक 22-28 वर्ष के बीच के थे और देहाती मालूम हो रहे थे।

अस्पताल में पिटा डॉक्टर, मिली माफी


गांव मांगेआना में एएनएम से छेड़छाड़ मामले में पूरा दिन होती रहीं बैठकें, धरना तथा नारेबाजी

डबवाली (लहू की लौ) एएनएम से छेड़छाड़ का मामला सोमवार को धरना, प्रदर्शन, नारेबाजी और आरोपी डॉक्टर की पिटाई के बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के बाद निबट गया।
सोमवार को सब सैन्टर मांगेआना पर तैनात एएनएम सत्या देवी छेड़छाड़ प्रकरण को लेकर सरकारी अस्पताल में निर्मल बुलारा प्रदेशाध्यक्ष एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन हरियाणा, लक्ष्मी देवी बेगू प्रेस सचिव हरियाणा कर्मचारी महासंघ, प्रताप सिंह जाखू जिला सचिव एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन, कृष्ण लाल मांडा डिंग स्टेट सलाहकार एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन, राजकुमार प्रदेश उपप्रधान पब्लिक हैल्थ मैकेनिकल यूनियन, ओमप्रकाश शर्मा डबवाली ब्लाक प्रधान हरियाणा कर्मचारी महासंघ, मनोज शर्मा जिला उपप्रधान हरियाणा कर्मचारी महासंघ, केवल कृष्ण डबवाली यूनिट प्रधान हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रीसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन, पवन शर्मा प्रधान पीडब्ल्यूडी बीएण्डआर कर्मचारी यूनियन डबवाली आदि पहुंचे। उन्होंने जमकर आरोपी डॉक्टर गुरजीत सिंह तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इंसाफ की मांग को लेकर ये लोग धरने पर बैठ गए। मामले को सुलझाने के लिए कर्मचारी संगठनों की ओर से 9 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। जिसमें कर्मचारियों की ओर से निर्मल बलारा, प्रताप सिंह, सुमन, मनोज शर्मा, रमेश कुमार, लक्ष्मी  देवी, जगविंद्र पाल कौर, कृष्ण लाल, राम विलास आदि शामिल थे। इनकी उपस्थिति में डॉ. विनोद महिपाल के समक्ष मामले को सुलझाने के लिए प्रशासन की ओर से बनाई गई दो सदस्यीय कमेटी डॉ. एमके भादू तथा लेडी डॉ. अमरदीप कौर जस्सी ने पीडि़त एएनएम सत्या देवी तथा आरोपी डॉ. गुरजीत सिंह के ब्यान दर्ज किए। मामले को सुलझाने के पूरा दिन कर्मचारी नेताओं और सरकारी अस्पताल प्रशासन के बीच बातचीत के कई दौर चले।
इसी दौरान डॉ. गुरजीत सिंह माफी मांगने पर रजामंद हो गए। लेकिन पीडि़ता सत्या देवी के यह कहने पर की डॉ. गुरजीत सिंह उसे दिखाई नहीं देना चाहिए। मामला फिर तूल पकड़ गया जब डॉक्टर ने हंसते हुए अपने को गोली मार देने की बात कही, तो कर्मचारी नेता गर्मा गए। बैठक का बहिष्कार करके बाहर चले गए।
लेकिन एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन की प्रदेशाध्यक्षा निर्मल बलारा अपने साथियों के साथ दोबारा एसएमओ रूम में आ गई। इन लोगों ने डॉक्टर गुरजीत सिंह की पिटाई शुरू कर दी। 5-10 मिनट तक कर्मचारी नेताओं का गुस्सा डॉक्टर पर फूटता रहा। एसएमओ विनोद महिपाल तथा डॉ. एमके भादू ने हस्तक्षेप करके पिट रहे डॉक्टर को कर्मचारी नेताओं से छुड़ाया। इसकी सूचना पाकर मौका पर थाना शहर के प्रभारी इंस्पेक्टर बलवंत जस्सू, थाना सदर प्रभारी एसआई रतन सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल पहुंच गया। अस्पताल में स्थिति अत्यन्त तनावपूर्ण हो गई।
तनाव की सूचना पाकर मौका पर डीएसपी बाबू लाल भी पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर राजी किया। कर्मचारी नेताओं की मांग के आधार पर आरोपी डॉक्टर गुरजीत सिंह ने लिखित रूप से तथा सार्वजनिक रूप से माफी मांगकर अपना पिंड छुड़ाया।
एसएमओ डॉ. विनोद महिपाल ने बताया कि दोनों पक्षों को सुना गया। डॉक्टर की ओर से माफी मांग लेने के बाद मामला वहीं सुलझ गया। लेकिन सत्या देवी की मांग के आधार पर डॉक्टर का तबादला डबवाली उपमण्डल से बाहर करने के लिए उन्होंने हैल्थ कमीश्नर हरियाणा को अपनी रिपोर्ट भेज दी है।


एएनएम ने डॉक्टर पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप

डबवाली (लहू की लौ) स्वास्थ्य विभाग हरियाणा के सब सैन्टर (डिलीवरी हट) गांव मांगेआना में तैनात एएनएम (आरसीएच) ने गांव देसूजोधा के पीएचसी इंचार्ज मैडीकल अफसर पर चैकिंग के बहाने उससे अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए उपमंडलाधीश डबवाली को एक दरख्वास्त देकर इंसाफ की गुहार लगाई है।
सब सैन्टर मांगेआना की एएनएम सत्या देवी निवासी डबवाली ने बताया कि 25 मई 2011 को वह सब सैंटर मांगेआना में अपनी डयूटी पर कार्यरत थी। करीब 10.30 बजे डॉ. गुरजीत सिंह मैडीकल अफसर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र देसूजोधा उसके सब सैन्टर पर आये और उसे स्टॉक, एएनसी, टीकाकरण रजिस्टर के बारे में पूछा। इसके बाद डॉक्टर यह कहते हुए कि वह बहुत सोहनी है, उसकी आंखें बहुत सुन्दर हैं,  उसकी टांगों के साथ टांगें सटा कर बैठ गया। फिर कहने लगा कि वह उसकी बात मान ले अन्यथा उसे परेशान करेगा।
पीडि़ता के अनुसार इतना कह कर डॉक्टर गुरजीत सिंह डिलीवरी हट में चला गया और किसी न किसी बहाने से उसे बार-बार बुलाने लगा। इसी दौरान डॉक्टर ने अत्यन्त गलत तरीके से परिवार नियोजन मैथेड के बारे में पूछा और बहाने से उसका हाथ पकड़ कर कहने लगा कि लाईन पर आ जाओ, वरना तुम नहीं जानती मेरी पावर कितनी है और मैं क्या कर सकता हूं। पीडि़ता के अनुसार डॉक्टर ने उससे कहा कि अगर उसकी बात नहीं मानीं तो वह उसका बोरिया बिस्तर गोल करवा देगा। उसने कहा कि उसने अपनी शिकायत यूनियन की जिला प्रधान सुमन शर्मा के पास रखी और यूनियन प्रधान को इस बात से भी अवगत करवाया कि डॉक्टर उसके सब सैन्टर पर सुबह 10.30 से दोपहर बाद 3 बजे तक रहा। शनिवार को इस मामले को उपमंडलाधीश के पास लेकर गई।
गांव देसूजोधा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ. गुरजीत सिंह ने अपने पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह 25 मई को सब सैन्टर पर रूटीन चैकिंग में गया था। वहां पर कई प्रकार की अनियमितताएं उसी मिलीं जिसमें डिलीवरी हट में एमटीपी किट बरामद हुई जो कि गर्भपात के काम आती है जिसे सरकारी संस्था में रखना गलत है। उसने यह भी कहा कि डीपीटी वैक्सीन, आयरन की गोलियां, विटामिन ए की शीशी डस्टबीन में फेंकी हुई मिली, जो अभी तक एक्सपायरी नहीं हुई थीं। सत्या देवी ने अपनी लापरवाही को छुपाने और उस पर कोई कार्यवाही न हो इसलिए उस पर मनगढंत आरोप लगा रही है। पीएचसी देसूजोधा में कार्यरत लेडी डॉक्टर तथा डॉ. गुरजीत सिंह की पत्नी अमनदीप कौर ने कहा कि वह अपने पति के साथ पिछले दो वर्षों से पीएचसी में कार्यरत है। उसे उसके पति के चरित्र के संबंध में आज तक कोई शिकायत नहीं मिली है। उसने अपने पति के बचाव में उतरते हुए कहा कि उसका पति बेकसूर है और सत्या देवी उस पर झूठे आरोप लगा कर अपनी लापरवाही से बचना चाहती है।
सब सैन्टर पर कार्यरत आशा वर्कर चरणजीत कौर ने बताया कि वह बुधवार को 2 बजे तक सब सैन्टर पर थी। उस समय डॉ. गुरजीत सिंह वहां उपस्थित थे। उसकी उपस्थिति में डॉक्टर ने सत्या देवी से कोई छेड़छाड़ नहीं की। इतना जरूर कहा कि सब सैन्टर से डिलीवरी केस कम क्यों आ रहे हैं।
उपमंडलाधीश डॉ. मुनीश नागपाल ने कहा कि उन्होंने सत्या देवी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इस मामले की जांच का काम सीएचसी के कार्यकारी एसएमओ डॉ. एमके भादू को सौंपते हुए निर्देश दिये हैं कि एक महिला चिकित्सक को जांच में शामिल करते हुए जांच रिपोर्ट सोमवार तक प्रस्तुत की जाये।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के कार्यकारी एसएमओ डॉ. एमके  भादू ने बताया कि दोनों तरफ से उन्हें शिकायतें मिली हैं। लेकिन इसकी जांच को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को दोनों पक्षों को बुलाया गया है।

30 मई 2011

मंत्री की चिट्ठी से काम पर ब्रेक

सफेदपोश डूबो रहे हैं विकास की नैया
डबवाली। शहर में करीब तीस लाख रूपए की लागत से शुरू हुए विकास कार्यों पर स्थानीय शहरी निकाय मंत्री हरियाणा गोपाल काण्डा के एक पत्र ने ब्रेक लगा दिया है। मंत्री को शिकायत मिली थी कि कार्य से पूर्व होने वाली प्रक्रिया में प्रशासन ने गड़बड़ी की है। दूसरी ओर डबवाली प्रशासन ने किसी प्रकार की गड़बड़ी करने से पल्ला झाड़ते हुए कार्य शुरू करने से पूर्व प्रक्रिया पूर्ण करने का दावा किया है।
शहर में विकास कार्यों के लिए नगरपालिका डबवाली में लाखों रूपए की ग्रांट पड़ी हुई है। जून 2011 तक इसे खर्च करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समयावधि समाप्त होने के साथ ही ग्रांट का लैप्स हो जाना तय है। इसको ध्यान में रखते हुए करीब पंद्रह दिन पूर्व उपमण्डलाधीश डॉ. मुनीश नागपाल ने अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए करीब तीस लाख रूपए की लागत से शहर में विभिन्न विकास कार्य करवाने की योजना को अमलीजामा पहनाया। जिसमें शहर में नई गलियों के निर्माण, रिपेयर तथा निचले क्षेत्रों में मिट्टी डालना तय किया गया। इस कार्य के लिए नपा से लाईसेंस प्राप्त आठ ठेकेदारों को निर्माण सामग्री की आपूर्ति के लिए बराबर-बराबर ठेका दिया गया। साथ में यह भी प्रावधान किया गया कि ठेके की अपेक्षा नपा अपने स्तर पर निर्माण कराएगी। ठेकेदारों ने चुस्ती दिखाते हुए संबंधित जगहों पर निर्माण सामग्री गिरानी शुरू कर दी। लेकिन बराबर का हक मिलने के बावजूद कुछ ठेकेदार काम वितरण से असंतुष्ट थे।
माना जा रहा है कि ठेकेदारों में से किसी एक ने गुपचुप तरीके से स्थानीय शहरी निकाय मंत्री गोपाल काण्डा को शिकायत रिसका दी। गोपाल काण्डा ने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 मई को काम बंद करने तथा प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने के आदेश जारी कर दिए। 25 मई को आदेश संबंधी कॉपी मिलते ही डबवाली प्रशासन ने काम रूकवा दिया।

पारदर्शिता के लिए किया ऐसा
स्थानीय शहरी निकाय मंत्री गोपाल काण्डा को शिकायत मिली थी कि डबवाली नपा में करीब तीस लाख रूपए की लागत से कराए जा रहे कार्यों संबंधी बरती गई प्रक्रिया ठीक नहीं है। ये कार्य बिना टैण्डर के कराए जा रहे हैं। मंत्री के आदेश पर विभाग ने उपरोक्त कार्य रोके जाने के निर्देश जारी किए। निर्माण कार्य कराने से पूर्व अपनाई गई प्रक्रिया बताने के भी आदेश दिए गए हैं। बिना टैण्डर के उपरोक्त कार्यों को हरगिज नहीं किया जा सकता। कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए ही ऐसा किया गया है।
-देवकांत शर्मा, पीएस, मंत्रालय स्थानीय शहरी निकाय, चण्डीगढ़

कार्य पूर्ण प्रक्रिया से हुए थे शुरू
उपायुक्त सिरसा से प्राप्त शक्तियों के आधार पर प्रक्रिया पूर्ण करके कार्य शुरू किए गए थे। स्थानीय शहरी निकाय चण्डीगढ़ से मिले पत्र में प्रक्रिया संबंधी पूछा गया है। उपायुक्त सिरसा को प्रक्रिया से अवगत करा दिया गया है।
-डॉ. मुनीश नागपाल, एसडीएम डबवाली


यहां होना था काम
1. गली हरमेल पेंटर वाली
2.राजीव नगर में गली पटवारी वाली
3. राजीव नगर में गली दलीप जेई वाली
4. मस्जिद के पास वाली गली
5. वार्ड 5 में नागपाल वाली गली
6. ए-वन धर्मकांटा के सामने गली नं. 1
7. कलोनी रोड़ पर बजरंग दास वाली गली
8. मलोट रोड़ से गलियों को मिलने वाला भाग
9. जवाहर नगर में
कहां डलनी थी मिट्टी
1. उत्तम नगर में
2. जम्भेश्वर नगर
इन गलियों की होनी थी रिपेयर
1. वार्ड नं. 9,10,11 की गलियां।
2. डॉ. राजकपूर वाली गली।
3. बिन्दिया महंत वाली गली।
4. सुरेंद्र सिंह ठेकेदार वाली गली।


सफेदपोश डूबो रहे हैं विकास की नैया
डबवाली (लहू की लौ) कुछ दिन पूर्व शहर में शुरू हुए विकास कार्यों पर एक मंत्री के पत्र ने विराम लगा दिया। विराम क्यूं लगा, इसका क्या कारण रहा यह जानने के लिए इस संवाददाता ने पड़ताल की। पड़ताल में रिजल्ट आया कि सत्ता पक्ष के सफेदपोशों की आपसी राजनीतिक दुश्मनी शहर के लोगों के हितों पर भारी पड़ रही है। इन लोगों के गुर्गों के रूप में मलाईखोर ठेकेदार शहर में फिट हैं। जो एक नेता के ऑफिस की खुफिया रिपोर्ट यहां-वहां करते रहते हैं। रिपोर्ट के बदले नेता के आशीर्वाद के तौर पर शहर में विकास कार्य का ठेका लेकर जमकर मलाई चाट रहे हैं।
नगरपालिका डबवाली की ओर से पिछले दिनों तीस लाख रूपए की लागत से शुरू करवाए गए विकास कार्यों पर ब्रेक लगना इसी का नतीजा रहा। नपा से निर्माण सामग्री की आपूर्ति के लिए आठ ठेकेदार लाईसेंसशुदा हैं। ये सभी सत्ताधारी कांग्रेस से संबंधित हैं। सत्ता पक्ष से जुड़े होने के बावजूद इन लोगों ने अपने नेताओं का बंटवारा किया हुआ है। इनमें से चार अपने आपको डॉ. केवी सिंह, दो गोपाल काण्डा तथा दो कुमारी सैलजा को अपना नेता मानते हैं। ये आपस में काम के बंटवारे को लेकर झगड़ते रहते हैं।
तीस लाख की लागत से करवाए जा रहे विकास कार्यों का ठेका डॉ. केवी सिंह के समर्थक कहे जाने वाले कांग्रेसियों को मिल गया था। लेकिन गोपाल काण्डा और सैलजा गुट को यह रास नहीं आया। बताते हैं कि इनमें से एक ठेकेदार की घरवाली ने गोपाल काण्डा से इसकी यह कहते हुए शिकायत कर दी कि ठेका की प्रक्रिया को पूर्ण नहीं किया गया है। इसी को आधार बनाते हुए गोपाल काण्डा के आदेश पर उनके पर्सनल सेक्रेटरी देवकांत शर्मा ने डीसी सिरसा को एक पत्र लिखकर नपा के कार्यों में ठेका देते समय प्रक्रिया न अपनाने की वजह बताते हुए शुरू किए गए कार्यों को तुरंत प्रभाव से रोकने के लिए कहा।

28 मई 2011

बारह साल बाद गिरफ्त में हत्यारोपी

डबवाली | दिल्ली पुलिस द्वारा शक के आधार पर गिरफ्तार किया गया एक व्यक्ति हरियाणा के उपमण्डल डबवाली के गांव राजपुरा माजरा में साल 1999 में एक बिहारी युवक की हत्या करने का आरोपी निकला। दिल्ली पुलिस के सहयोग से सदर डबवाली पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया।
बिहार के गांव मलटोली का निवासी धर्मपाल पुत्र सतोराय साल 1999 में हरियाणा के उपमण्डल डबवाली के गांव राजपुरा माजरा में कृषि कार्य करने आया था। यहां उसे किसान लक्ष्मण पुत्र गणेशाराम के खेत में एक हजार रूपए प्रति माह की पगार पर काम मिल गया। लेकिन 10 अगस्त की रात को किसी व्यक्ति ने तेजधार हथियार से उसकी हत्या कर दी। 11 अगस्त को उसका शव नरमा के खेत से मिला। उस समय सदर पुलिस को दिए ब्यान में गणेशाराम पुत्र बसावा राम निवासी राजपुरा माजरा ने बताया था कि मृतक धर्मपाल करीब 10 दिन पूर्व ही उनके यहां काम पर लगा था। वह पास के खेतों में काम करने वाले रामप्रवेश, नवीन राय, बिन्दा राम निवासीगण मलटोली तथा नवल राय निवासी खरहुआ (बिहार) के साथ उठता-बैठता था।
गणेशाराम ने बताया था कि 10 अगस्त की रात को धर्मपाल उनके यहां खाना खाने के बाद प्रतिदिन की तरह रामप्रवेश बगैरा के पास चला गया। लेकिन 11 अगस्त की सुबह वह काम पर नहीं आया। जब उन्होंने रामप्रवेश बगैरा से धर्मपाल के बारे में पूछा तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और उपरोक्त चारों गांव छोड़कर भाग गए। इसी दिन गांव के किसान बुल्ला राम के नरमा के खेत से धर्मपाल का शव मिला।
थाना सदर प्रभारी एसआई रतन सिंह ने बताया कि उस समय पुलिस ने गणेशाराम के ब्यान पर दफा 302/201/34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों की तालाश शुरू कर दी थी। 2-2-2001 में एडीशनल सैशन जज सीबी जगलान ने उपरोक्त चारों आरोपियों को भगौड़ा करार दे दिया था। थाना प्रभारी के अनुसार साल 2008 में पुलिस ने घटना की गुत्थी को सुलझाते हुए घटना के एक आरोपी नवीन राय पुत्र रामशोभितराय निवासी मलटौली (बिहार) को काबू कर लिया था। अब दिल्ली पुलिस के सहयोग से इस मामले में वांछित उद्घोषित अपराधी रामप्रवेश पुत्र रामशोभित निवासी मलटोली (बिहार) को काबू किया है। पकड़े गए आरोपी को उपमण्डल न्यायिक दण्डाधिकारी डॉ. अतुल मडिया की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।

प्रशासन को जगाने के लिए कविता का सहारा

डबवाली (लहू की लौ) समस्या का समाधान न हो तो लोग आंदोलनरत होते हैं। कोई झण्डा, तो कोई डंडा पकड़कर आंदोलन में कूदता है। नारेबाजी, प्रदर्शन, अनशन, भूख हड़ताल आंदोलन के अंग हैं। शहर में विकराल होती जा रही गंदे पानी की समस्या को लेकर नारेबाजी, प्रदर्शन, मटका फोड़ प्रोग्राम जैसा सबकुछ हो लिया है। लेकिन इसके बावजूद विभाग मौन है।
    गंदे पेयजल की आपूर्ति आज शहर की सबसे प्रमुख समस्या है। लेकिन इस समस्या को दूर करने के लिए विभाग कोई प्रयास नहीं कर रहा। एक बार मामूली बरसात आ जाती है तो शहर के लोगों को पंद्रह दिनों तक लगातार गंदा पानी नसीब होता है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। थोड़ी सी बरसात आने भर से शहर में गंदे पेयजल की आपूर्ति शुरू हो गई। समस्या के समाधान के लिए चार दिनों से लोग प्रशासन से चीख-पुकार करके अपनी बात कह रहे हैं। लेकिन समस्या के प्रति न तो विभाग संजीदा है और न ही प्रशासन। प्रशासन और विभाग के अधिकारियों को जगाने के लिए शहर का एक युवक आगे आया है। बिना झण्डा और बिना लट्ठ बजाए इस युवा ने विभाग के खिलाफ एक नया आंदोलन खड़ा किया है।
    गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान चल रहा यह युवक वार्ड नं. 15 का निवासी कमल छाबड़ा है। जिसने अपनी कविता की पंक्तियों के माध्यम से जनस्वास्थ्य विभाग की हठधर्मिता पर करारी चोट की है। छाबड़ा के अनुसार वह अपनी व्यंग्यात्मक कविता को शिकायत के तौर पर जनस्वास्थ्य विभाग तथा प्रदेश सरकार के आला मंत्रियों तक पहुंचाएंगे। ताकि चुनाव के दिनों में स्टेज पर अपने शायरों तथा चुटकुलों की मार्फत लोगों के वोट हथियाने वाले नेता शायद इस कविता से प्रभावित होकर शहर के लोगों के लिए स्वच्छ पानी का बंदोबस्त करवा सकें।

यह है कविता
जनस्वास्थ्य विभाग का नया उत्पाद
पिछले दो दिनों से मैंने जब भी खोला नल,
तो उसमें से निकला काले रंग का जल।
सीवरेज युक्त बदबूदार पानी है इतना मलिन और खराब,
पेश किया है जैसे जनस्वास्थ्य विभाग ने कोई नया उत्पाद।
संबंधित विभाग अति शीघ्र इसे पेटेंट करवा ले,
कहीं कोई बहुराष्ट्रीय कंपनी इसका फार्मूला ना चुरा ले।
शिकायत करने पर भी आंख मूंद बैठे हैं अधिकारी,
इस पानी के सेवन से लग सकती है कोई भी बीमारी।
    -कमल छाबड़ा, वार्ड नं. 15, डबवाली

    वार्ड नं. 19 की बराड़ों वाली गली के निवासी राकेश कुमार, डॉ. ललजीत गर्ग, मोहन लाल, कुलवन्त सोनी, लखबीर सिंह, पम्मी ने बताया कि उनके घरों में  पिछले तीन दिनों से जनस्वास्थ्य विभाग की सप्लाई में सीवरेजयुक्त पानी की आपूर्ति हो रही है। उनके अनुसार यह पानी नहाने के भी योग्य नहीं है। इस संबंधी विभाग में शिकायत करने के बावजूद उनकी सुध लेने कोई नहीं पहुंचा। उन्हें अंदेशा है कि इस पेयजल से उनके वार्ड में कोई गंभीर रोग फैल सकता है।
    इसी प्रकार से वार्ड नं. 15 में स्वामी दयानन्द स्कूल वाले एरिया के निवासी कमल और विकास, वार्ड नं. 16 का नगर सुधार मंडल क्षेत्र के महिन्द्र कुमार, विपिन, सर्वजीत ने भी आरोप लगाया है कि उनके वार्ड  में भी पिछले तीन दिनों से गन्दे पेयजल की आपूर्ति हो रही है।

    लोगों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल   
स्वच्छ पेयजल आपूर्ति करने के आदेश जनस्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं। मानसून से पूर्व शहर के मुख्य चैम्बरों की मशीन से सफाई करने के लिए भी विभाग को कहा गया है।
    -डॉ. मुनीश नागपाल, एसडीएम डबवाली

    चैम्बर जाम होने की वजह से आई समस्या
    पिछले दिनों तेज अंधड व बारिश के कारण चैम्बर में गंदगी चले जाने के चलते जीटी रोड़ पर एक चैम्बर जाम हो गया था। जिसकी वजह से प्रॉबल्म सामने आई। प्रॉबल्म ढूंढकर उसे हल किया गया। जिससे वार्ड नं. 15, 16 में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति शीघ्र बहाल हो जाएगी। जबकि वार्ड नं. 19 में जल्द ही स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
    -सतपाल, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग, डबवाली

27 मई 2011

मुसलमान ने दी हिन्दू की चिता को अग्नि

कट्टरता पर चोट : धर्म से ऊंची है इंसानियत
डीडी गोयल (093567-22045)
डबवाली।
एक मुसलमान ने हिन्दू को मरणोपरांत अग्नि देकर हिन्दू-मुसलमान के बीच फूट डालने वालों को करारा जवाब दिया है। यह मिसाल कहीं ओर नहीं बल्कि मण्डी किलियांवाली में कायम हुई। हिन्दू बहुल क्षेत्र होने के बावजूद भी एक हिन्दू साधु को मुसलमान ने केवल कंधा ही नहीं दिया, बल्कि डबवाली के रामबाग में उसके मृतक शरीर को अग्नि देकर उसे पंचतत्वों में विलीन भी किया।
धर्म के नाम पर लड़ाई-झगड़े तो अक्सर होते रहते हैं। लेकिन धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत के लिए काम करने वाली मिसालें अक्सर कम ही मिलती हैं। अलग-अलग धर्मों के होने के बावजूद भी एक मुसलमान मुन्ना ने एक हिन्दू साधु राजेंद्र शुक्ला को पहले शरण दी और मृत्यु हो जाने पर उसे कंधा दिया। मूल रूप से कानपुर निवासी राजेंद्र कुमार शुक्ला पुत्र गंगा नारायण शुक्ला साधु वेष में काफी समय से मालवा बाईपास पर घूम रहा था। करीब डेढ़ साल पूर्व उसका संपर्क मालवा बाईपास पर सर्विस स्टेशन चलाने वाले मुन्ना से हुआ। मुन्ना मुसलमान है, लेकिन इसके बावजूद उसने हिन्दू साधु को अपने सर्विस स्टेशन पर जगह दी। मुन्ना हर रोज की तरह शाम को अपना सर्विस स्टेशन बंद करके घर जाता और राजेंद्र शुक्ला वहीं सर्विस स्टेशन के आगे चारपाई पर लेटकर रात बिताता।
मंगलवार को भी प्रतिदिन की तरह मुन्ना सर्विस स्टेशन बंद करके घर चला गया। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह सर्विस स्टेशन पर आया। चारपाई पर लेटे राजेंद्र को आवाज लगाई। उसने कोई जवाब नहीं दिया। राजेंद्र के ओढ़े कंबल को हटाया तो देखा कि वह खून से लथपथ मृत पड़ा था। किलियांवाली पुलिस ने मुन्ना की शिकायत पर मौका पर पहुंचकर राजेंद्र के शव को कब्जे में लिया। मलोट से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को मुन्ना को सौंप दिया। लेकिन मुन्ना की आर्थिक हालत दयनीय होने के कारण शव का संस्कार करने के लिए मुन्ना को डबवाली जन सहारा सेवा संस्था के अध्यक्ष आरके नीना ने सहयोग दिया।
हिन्दू संस्कार के अनुसार मुन्ना ने मुसलमान होते हुए भी डबवाली के रामबाग में बुधवार देर शाम को मुखाग्नि देकर राजेंद्र शुक्ला के शरीर को पंचभूतों में समाहित कर दिया। मण्डी किलियांवाली में रहने वाले मुन्ना ने बताया कि उसने शुक्ला के परिवार से कानपुर संपर्क किया। उसके परिजनों से अनुमति मिलने के बाद ही शुक्ला के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।

कौन था राजेंद्र शुक्ला
कानपुर में कपड़ा के बिजनेस मैन संजय शुक्ला के अनुसार राजेंद्र शुक्ला उसका चाचा था। जोकि हिन्दुस्तानी फौज के असला खाना में बतौर बाबू तैनात था। किसी कारणवश असला खाना की नौकरी छोड़कर उसका चाचा बाबू से साधु बन गया। पिछले करीब सात सालों से वह साधु के रूप में घर से चला गया था। राजेंद्र शुक्ला की बीवी पुष्पा देवी, दो बच्चे कमल शुक्ला तथा लड़की बबली शुक्ला हैं। दोनों विवाहिता हैं। कमल आर्मी में है। संजय के अनुसार वे जल्द डबवाली आएंगे और राजेंद्र शुक्ला की अस्थियां कानपुर लेजाकर, अन्य संस्कार वहीं करेंगे। संजय के मुताबिक मुन्ना ने मुसलमान होते हुए भी उसके चाचा के शव को कंधा दिया और मुखाग्नि दी। इससे बढ़कर इंसानियत का उदाहरण कहीं और नहीं मिल सकता।

बीवी के वियोग में डेरा प्रेमी ने दी जान

डबवाली (लहू की लौ) पत्नी के वियोग में एक डेरा प्रेमी ने किलियांवाली जलघर की डिग्गी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक की पहचान राजपाल बठला उर्फ अंग्रेज सिंह (32) निवासी अबोहर हाल एकता नगरी, वार्ड नं.11, डबवाली के रूप में की है।
गुरूवार सुबह 9 बजे किलियांवाली जलघर में तैनात बेलदार सतपाल ने जलघर की डिग्गी में एक शव बहता हुआ देखा। उसने तत्काल इसकी जानकारी जनस्वास्थ्य विभाग डबवाली के जेई सतपाल तथा किलियांवाली पुलिस को दी। इधर इसकी जानकारी पाकर डबवाली जन सहारा सेवा संस्था के सदस्य भी मौका पर आ गए। संस्था के सदस्यों ने मण्डी किलियांवाली के तैराक रतन लाल उर्फ जयसूर्या की सहायता से शव को डिग्गी से बाहर निकाला। मौका पर पहुंची किलियांवाली पुलिस को युवक के पहनी पेंट की जेब से डेरा सच्चा सौदा सिरसा का लॉकेट मिला। जिससे पता चला कि मृतक डेरा प्रेमी है। मृतक की दाई बाजू पर राजपाल बठला लिखा हुआ पाया। पुलिस ने लॉकेट के आधार पर युवक की पहचान करने के लिए डेरा सच्चा सौदा के स्थानीय मैम्बरों से संपर्क साधा।
करीब दो घंटे बाद मृतक की पहचान मौका पर पहुंचे उसके भाई कालू राम (36) निवासी एकता नगरी, डबवाली ने की। कालू राम ने पुलिस को बताया कि उसका भाई राजपाल उर्फ अंग्रेज उसके पास रहता था और सब्जी रेहड़ी में उसका हाथ बंटाता था। बुधवार सुबह 8 बजे वह घर से रेहड़ी पर जाने का कहकर निकला था। लेकिन उसके बाद घर वापिस नहीं आया। कालू राम ने बताया कि राजपाल की शादी साल 1995 में अबोहर की एक युवती से हुई थी। पति-पत्नी में अनबन के चलते दोनों में करीब डेढ़ साल पूर्व तलाक हो गया। वह बिल्कुल अकेला हो गया था। इसी के चलते उसका भाई मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा। करीब डेढ़ माह पूर्व वह अबोहर छोड़कर उसके पास डबवाली आ गया और यहीं उसके पास रहने लगा। पत्नी के वियोग में मानसिक परेशानी के चलते उसने उपरोक्त कदम उठाया।
किलियांवाली पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई जीत सिंह ने बताया कि कालू राम के उपरोक्त ब्यान पर पुलिस ने दफा 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई करते हुए शव का मलोट के सरकारी अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे उसके वारिसों को सौंप दिया।