Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

30 अक्टूबर 2026

अवैध हथियारों के दम पर अपराध की साजिश रचने वालों पर डबवाली पुलिस का शिकंजा, 4 आरोपी गिरफ्तार

एसपी जसलीन कौर आईपीएस की विशेष पहल के तहत पुलिस टीमों ने  4 अवैध पिस्तौल व 2 जिंदा कारतूस किए बरामद, एक आरोपी को वारदात से पहले दबोचकर नाकाम किए आपराधिक मंसूबे

डबवाली, 30 अक्टूबर। अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर आईपीएस के निर्देशानुसार डबवाली पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डबवाली द्वारा सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को अवैध हथियारों व हथियार धारकों की धरपकड़ एवं संभावित आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए 13 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक अवैध हथियार धारकों की धरपकड़ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने एक अवैध हथियार की बरामदगी पर 5,000 रुपये ईनाम घोषित किया था । जिसके तहत पुलिस टीमों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए साकारत्मक परिणाम हासिल किए । इस दौरान पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 अवैध पिस्तौल एवं 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में तीन पिस्तौल .312 बोर तथा एक पिस्तौल .32 बोर शामिल है। अभियान के दौरान एक आरोपी को पुलिस टीम ने किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही काबू कर लिया, जिससे उसके आपराधिक मंसूबों को नाकाम करने में सफलता मिली।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान डबवाली पुलिस की विभिन्न टीमों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं आपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए लगातार कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल .312 बोर, एक अवैध पिस्तौल .32 बोर तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।

पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर आईपीएस के इस सराहनीय कदम से पुलिस टीमों ने इन परिणामों से स्पष्ट किया है कि डबवाली में अपराध और आपराधिक गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। अवैध हथियार रखने, उनका प्रदर्शन करने अथवा उनका इस्तेमाल कर आपराधिक वारदातों की योजना बनाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ।प पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समय रहते आपराधिक मंसूबों को नाकाम कर संभावित वारदातों को रोकना और आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल कायम रखना भी है।

डबवाली पुलिस आमजन से अपील करती है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध हथियार या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने नजदीकी थाना, चौकी अथवा डबवाली पुलिस के मो.न. 9138999748 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अपराध मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

कोई टिप्पणी नहीं: