12 वर्षीय बेटे ने 5 किले दूर भागकर पड़ोसियों को दी सूचना; मां-बाप मर गए सुनकर दहल उठा गांव
जहर खाने से पहले पिता ने बच्चों को भी पीटा; 5 मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
डबवाली (लहू की लौ) गांव चौटाला के संगरिया रोड़ पर स्थित जवाहर कॉलोनी एक ढाणी में बुधवार शाम को पारिवारिक विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। 35 वर्षीय सुभाष ने अपनी पत्नी सुनीता उर्फ ममता के साथ विवाद के बाद जहर खा लिया। इस घटना में सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनीता को गंभीर हालत में हनुमानगढ़ रेफर किया गया है।
मासूम बेटे की पुकार पड़ोसी अंकल, मेरे मां-बाप को बचा लो
घटना के समय घर पर पांच बच्चे मौजूद थे। जैसे ही सुभाष और सुनीता ने जहर खाया और उनकी हालत बिगडऩे लगी, उनका 12 वर्षीय बड़ा बेटा घबराकर करीब 5-6 किले (खेत) दूर स्थित पड़ोसी रोहताश के घर की ओर भागा। उसने चिल्लाते हुए पड़ोसियों को बताया कि मां को मार दिया और पापा मर गए। पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और डायल 112 व खेत मालिक को सूचना दी।
खेत मालिक ने दिखाई तत्परता
सूचना मिलते ही खेत मालिक चुन्नी राम का बेटा मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सुभाष की धडक़न रुक चुकी थी, लेकिन सुनीता की सांसें चल रही थीं। बिना समय गंवाए उन्होंने अपनी गाड़ी में सुनीता को राजस्थान के संगरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत के चलते हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया।
साला सामान लेने गया था, पीछे से हो गया हादसा
मृतक सुभाष का साला संजय (निवासी अबूबशहर) उस समय घर पर ही था। वह अपने बड़े भांजे को लेकर मोटरसाइकिल पर चीनी और चायपत्ती लेने गांव गया था। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने के कारण उसे देरी हो गई। इसी बीच उसकी मां का फोन आया कि ढाणी में झगड़ा हो रहा है। जब वह पहुंचा तो सुभाष मृत पड़ा था और बहन बेसुध थी। इसी बीच वह भी अपनी सुध खो बैठा
नशे या गुस्से में बच्चों को भी पीटा
जानकारी के अनुसार, जहर निगलने से पहले सुभाष ने अपने दो छोटे बच्चों की बेरहमी से पिटाई भी की, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों बच्चों को संरक्षण में लेकर अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलवाया है। मृतक के 4 बेटे और 1 बेटी है, जिनमें सबसे बड़ा बेटा मात्र 12 साल का है।
पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर प्रभारी शैलेंद्र कुमार, चौटाला चौकी प्रभारी सतपाल और 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुभाष के शव को डबवाली के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। गुरुवार को सीन ऑफ क्राइम की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
हमें सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पति की मौत हो चुकी है, जबकि महिला का इलाज जारी है। घायल बच्चों का उपचार करवाया गया है। परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- शैलेंद्र कुमार, प्रभारी, थाना सदर, डबवाली
#Tags
#चौटाला #डबवाली #घरेलू_कलह #जहर_कांड #हनुमानगढ़ #संगरिया #पुलिस_जांच #हरियाणा_समाचार
