Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

13 सितंबर 2026

फर्जी कस्टमर केयर बनकर स्क्रीन शेयर कराई, खाते से उड़ाए 1.04 लाख

 

साइबर अपराध शाखा डबवाली ने दो मामलों में विवेक सिंह व गुरलाल सिंह को किया गिरफ्तार, 30 हजार रुपये बचाने में मिली सफलता

डबवाली (लहू की लौ)। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म का फर्जी कस्टमर केयर नंबर उपलब्ध करवाकर स्क्रीन शेयर करवाने और बैंक खाते से रकम उड़ाने वाले साइबर ठगों पर डबवाली पुलिस ने शिकंजा कसा है। साइबर अपराध शाखा डबवाली की टीम ने तकनीकी जांच और महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर 1.04 लाख रुपये की साइबर ठगी तथा 1.33 लाख रुपये की धोखाधड़ी के दो अलग-अलग मामलों का पर्दाफाश करते हुए फरार चल रहे विवेक सिंह और गुरलाल सिंह को गिरफ्तार किया है।

साइबर अपराध शाखा प्रभारी एवं पुलिस प्रवक्ता उपनिरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि 4 जुलाई 2026 को थाना शहर डबवाली में दर्ज मामले में शिकायतकर्ता हरदीप सिंह ने बताया था कि उसने 1 जुलाई को ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म से चप्पल मंगवाई थी। ऑर्डर की जानकारी लेने के लिए उसने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया और उस पर कॉल की। ठगों ने ऑर्डर कैंसल करने की बात कही, लेकिन शिकायतकर्ता ने इससे मना कर दिया।

इसके बाद उसके पास एक अज्ञात नंबर से वाट्सऐप कॉल आई। ठगों ने उसे बातों में उलझाकर मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवा ली और उसके बैंक खाते से 1,04,666 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई।

मामले की जांच साइबर अपराध शाखा में तैनात पीएसआई अजय सिंह की टीम ने की। तकनीकी पहलुओं की गहन जांच के बाद टीम ने संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश देकर आरोपी विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

खाते से निकाले 1.33 लाख, 30 हजार रुपये बचाए

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दूसरे मामले में 27 अगस्त 2026 को थाना शहर डबवाली में शिकायत दर्ज हुई थी। मंडी डबवाली निवासी मनोज कुमार के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जानकारी के बिना 1.33 लाख रुपये निकाल लिए। इसका पता शिकायतकर्ता को तब चला, जब उसने किसी अन्य व्यक्ति को रुपये भेजने के लिए अपना बैंक खाता इस्तेमाल किया।

शिकायत मिलते ही साइबर अपराध शाखा की टीम ने संबंधित बैंक खाते को फ्रीज करवाया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पीएसआई मंगल सिंह की टीम ने बैंक खाते से मिली जानकारी के आधार पर खाताधारक गुरलाल सिंह को जिला संगरूर, पंजाब से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और शिकायतकर्ता द्वारा समय पर सूचना देने के कारण ठगी की रकम में से 30 हजार रुपये आरोपी के खाते में सुरक्षित रखने में सफलता मिली। आरोपी को भी अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गूगल से कस्टमर केयर नंबर तलाशना पड़ सकता है भारी

डबवाली पुलिस ने आमजन को चेतावनी दी है कि साइबर ठग ऑनलाइन शॉपिंग, बैंकिंग, मोबाइल रिचार्ज, बिजली बिल, होटल बुकिंग समेत विभिन्न सेवाओं के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर उपलब्ध करवाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसलिए गूगल सर्च या सोशल मीडिया से मिले अनजान नंबरों पर भरोसा न करें। कस्टमर केयर नंबर हमेशा संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही प्राप्त करें।

पुलिस ने मोबाइल की स्क्रीन किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर न करने तथा किसी के कहने पर रिमोट एक्सेस या स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड कर अनुमति न देने की अपील की है। साथ ही ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड या बैंक संबंधी विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तुरंत 1930 पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को फ्रीज करने और आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिलती है।

13 Sep. 2026





 

09 सितंबर 2026

9 Sep. 2026





 

15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विकसित भारत के निर्माण में दिखाएं प्रतिभा: धनपत सिंह

  • विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 के लिए पंजीकरण शुरू; 10 से 12 जनवरी तक नई दिल्ली में होगा राष्ट्रीय कार्यक्रम

  • डिजिटल सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता से शुरू होगी चयन प्रक्रिया; निबंध लेखन व राज्य स्तरीय संवाद के बाद राष्ट्रीय मंच पर मिलेगा मौका

सिरसा/डबवाली (लहू की लौ)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत 'मेरा युवा भारत' द्वारा आयोजित किए जा रहे 'विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027' के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपने विचार व नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने सिरसा जिले के युवाओं से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किया जाएगा।

चयन प्रक्रिया और गतिविधियां: जिला युवा अधिकारी ने बताया कि चयन प्रक्रिया का पहला चरण डिजिटल माध्यम से आयोजित होने वाली 'विकसित भारत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता' होगी। इसमें चयनित प्रतिभागियों को डिजिटल निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुति और राज्य स्तरीय संवाद में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय संवाद, विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक गतिविधियों, युवा उद्यमिता और युवा संसद में शामिल होने का मौका मिलेगा।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग: इस कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं। पूरा पंजीकरण व गतिविधियां 'मेरा युवा भारत' पोर्टल के माध्यम से संचालित होंगी। पूर्व में पंजीकृत युवाओं को दोबारा पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने एनसीसी, एनएसएस, युवा मंडलों व शिक्षण संस्थानों के युवाओं से अधिक से अधिक आवेदन करने की अपील की है।

03 सितंबर 2026

3 Sep. 2026





 

55वीं रैंक हासिल करने वाले वर्ष 2024 बैच के आईएएस अधिकारी योगेश दिलहोर डबवाली के नए एसडीएम होंगे

 हरियाणा सरकार द्वारा जारी किए गए ताजा प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रशासनिक अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसी कड़ी में डबवाली के उपमंडलाधीश (SDM) वेदप्रकाश (HCS) का तबादला कर दिया गया है। अब यूपीएससी में 55वीं रैंक हासिल करने वाले वर्ष 2024 बैच के आईएएस अधिकारी योगेश दिलहोर डबवाली के नए एसडीएम होंगे। वहीं, निवर्तमान एसडीएम वेदप्रकाश को नगर निगम हिसार में अतिरिक्त आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है
# आईएएस  # योगेश दिलहोर # डबवाली के नए #एसडीएम होंगे,