हरियाणा पुलिस के एएसआई की पत्नी-पुत्र सहित तीन जने गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। हरियाणा पुलिस के एक एएसआई की पत्नी और उसके पुत्र को हजार-हजार रूपये के नकली नोट चलाते हुए रंगे हाथ पकड़े जाने पर पुलिस ने हिसार के एक मकान पर छापा मारकर नकली नोट बनाने के अड्डे का पर्दाफाश किया है। इस अड्डे के संचालक को गिरफ्तार कर 2 लाख 18 हजार की असली मुद्रा, प्रिंटर, स्केनर और सफेद कागज की 13 गड्डियां बरामद की हैं।
भादरा के थानाधिकारी नंदराम भादू ने बताया कि नकली नोट चलाते हुए पकड़ी गई 40 वर्षीय सुनीता का पति चंद्रभान जाट हरियाणा के फतेहबाद जिले में एएसआई के पद पर नियुक्त है। सुनीता के साथ उसके पुत्र दीपक (20) को पकड़ा गया था। इनके पास से एक-एक हजार के 14 नकली नोट बरामद हुए थे। सुनीता ने पूछताछ में बताया कि उसने यह रूपये कृष्ण कुमार (40) पुत्र खुशीराम जाट निवासी सैक्टर 16-17, हिसार से लिये थे। रात को कृष्ण कुमार के इस मकान पर छापा मारा तो लोहे की एक अलमारी में से नोट के साइज के सफेद कागज की 13 गड्डियां, स्केनर व प्रिंटर बरामद हुआ। इसके अलावा दो लाख 18 हजार रूपये के असली नोट बरामद हुए। कृष्ण कुमार ने नकली नोट बेचकर यह असली नोट प्राप्त किए थे।
उन्होंने बताया कि सुनीता का ससुराल हरियाणा के हांसी उपखंड क्षेत्र के थाना बरवाली अधीन दाता गांव में है। कृष्ण कुमार भी मूलत: इसी गांव का वासी है। फिलहाल यह दोनों हिसार में रह रहे हैं। कृष्ण कुमार ने मकान किराये पर लिया हुआ है। विवाहित दीपक बीए का छात्र है। रिमांड मिलने पर नकली नोटों के बारे में इनसे गहन पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के अनुसार बरामद हुए हजार रूपये के 14 नकली नोट- 3 ईए 647701 की सीरिज के हैं। सभी नोटों के नंबर अलग-अलग हैं। यह नोट कम्प्यूटर-स्केनर और प्रिंटर से तैयार किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार सुनीता की भादरा क्षेत्र में कोई रिश्तेदारी नहीं है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मां-बेटा नकली नोट चलाने के लिए भादरा आये थे। इन दोनों ने एक होटल पर नाश्ता किया, जिसके तीस रूपये देने के लिए हजार रूपये का नोट दिया। बाद में एक अन्य दुकान पर बिस्कुट-भुजिया खरीदने पर दुकानदार को हजार रूपये का नोट दिया। इस दुकानदार को नोट पर संदेह हुआ, तब उसने पड़ोसी दुकानदार को बुलाया। इसी बीच मां-बेटे ने बिस्कुट-भुजिया वापिस देकर नोट ले लिया और अपनी कार में बैठकर रवाना हो गए।
दुकानदार की सूचना पर पुलिस ने राजस्थान बैंक की शाखा के पास इन दोनों को पकड़ा और थाने में ले गई, जहां तलाशी लेने पर नकली नोट बरामद हुए। एक बैंक के मैनेजर को बुलवाकर नोट चैक करवाये गए। मैनेजर ने नोट नकली होने की पुष्टि कर दी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें