Adsense

Lahoo Ki Lau

युवा दिलों की धड़कन, जन जागृति का दर्पण, निष्पक्ष एवं निर्भिक समाचार पत्र

खबर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
खबर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

11 जून 2011

विपक्ष को विकास नहीं, नोटों की माला हजम होती है-सीएम

सिरसा। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डïा ने कहा कि विपक्ष से सिरसा का विकास हजम नहीं हो रहा, उन्हें तो केवल नोटों की माला हजम होती है। अब जब प्रदेश में हर ओर विकास हो रहा है तो वे खिसयानी बिल्ली खम्भा नोचे की तर्ज पर बंद का आयोजन करवा रहे हैं।
    वे आज सिरसा शहर में परशुराम चौक के निकट अग्रवाल सदन और अरोड़वंश सदन की आधारशिला रखने के पश्चात आयोजित सम्मान समारोह में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने आज 200 करोड़ रुपए से भी अधिक की सरकारी व सामाजिक परियोजनाओं की आधारशिला व उद्घाटन किया। सामाजिक परियोजनाओं में उपरोक्त दोनो सदनों की आधारशिला के साथ, श्री बाबा तारा चैरिटेबल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की आधारशिला, 96 किलोमीटर लम्बे गुरू गोबिन्द सिंह मार्ग का उद्घाटन, श्रीमती रतनी देवी सदन का शिलान्यास शामिल हैं। सरकारी परियोजनाओं में 72 करोड़ 23 लाख रुपए की लागत से पंजुआना में बनने वाले जलघर की आधारशिला, कंगनपुर रोड़ पर 5.70 करोड़ रुपए की लागत से बने पॉलीक्लनिक का उद्घाटन, 3 करोड़ 39 लाख रुपए की लागत से बने राजकीय संस्कृति मॉडल स्कूल का उद्घाटन, 7 करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से बनने वाली रानिया रोड़ की फोरलेन का शिलान्यास शामिल हैं।
    प्रदेश के सभी जिलों में समान रूप से विकास करवाया जा रहा है। सिरसा में करवाए गए विकास के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के सवा छ साल के  कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों मे विकास कार्यो पर 2446.94 करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई जबकि पूर्ववर्ती विपक्षी सरकार के 6 वर्ष के कार्यकाल में केवल मात्र 799 करोड़ रुपए की राशि खर्च की गई है। उन्होंने कहा कि सिरसा जिला में वर्तमान समय में 1098 करोड़ रुपए के कार्य प्रगति पर हैं।

    उन्होंने कहा कि केन्द्र में यूपीए और हरियाणा में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सभी वर्गो के हित के साथ-साथ किसानों के हितों क े लिए विशेष योजनाएं क्रियान्वित की गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को देखते हुए ऋण राशि से ब्याज की दर 11 प्रतिशत से घटाकर चार प्रतिशत की गई और प्रदेश से उस काले कानून को हटाया गया जिसमें ऋणी किसानों को पकड़ कर जेलों मे ठूस दिया जाता था। इतना ही नहीं किसानों की जीनस के भाव में रिकार्ड वृद्धि की गई। उनकी सरकार के कार्यकाल में जीरी के भाव में 550 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग को भी इस सरकार ने विभिन्न प्रकार की रियायतें दी हैं।
    मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में जनसेवा की भावना और सामाजिक सौहार्द की भावना से कार्य कर रही है। आज सिरसा में समाज से जुड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई है उससे समाज में एकता नया अध्याया शुरू होगा। उन्होंने कहा कि सिरसा शहर के बीचोंबीच अरोड़वंश और अग्रवाल सदनों के लिए जो जगह दी गई है उसक ा श्रेय स्थानीय विधायक व निकाय मंत्री श्री गोपाल कांडा तथा स्थानीय सांसद श्री अशोक तंवर को जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इन दोनों सदनों की जमीन की 89 लाख रुपए की कीमत श्री गोपाल कांडा ने दी है। इसके साथ वे दोनों  सदनों के निर्माण के लिए 21-21 लाख रुपए की राशि स्वयं देंगे और 10-10 लाख रुपए की राशि सांसद श्री अशोक तंवर देंगे।
    इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए सांसद श्री अशोक तंवर ने कहा कि हजारों करोड़ रुपए के विकास कार्य सिरसा संसदीय क्षेत्र में करवाए हैं इसके लिए मैं मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में गरीब, मजदूर, महिला, नौजवानों, किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। सांसद ने कहा कि सिरसा में बिजली व्यवस्था में सुधार किया गया है। पूर्व की विपक्षी सरकार में 24 सब स्टेशन थे। कांग्रेस सरकार के आने के बाद सिरसा में 49 स्टेशनों का निर्माण किया गया है तथा 21 बिजली सब स्टेशन पाईप लाईन में हैं। उन्होंने कहा कि सिरसा क्षेत्र में पेयजल व सीवरेज की व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। सांसद ने अग्रवाल व अरोड़वंश समाज के लिए जगह देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह 40 साल से लम्बित मांग थी जिसे आज मुख्यमंत्री ने पूरा किया है। इनके पूरा होने से दोनों समाज में खुशी की लहर है।
    गृह राज्य व स्थानीय निकाय मंत्री श्री गोपाल कांडा ने मुख्यमंत्री का सिरसा में विभिन्न सौगातें देने के लिए आभार जताया और कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री ने आज चारों समाज अग्रवाल, अरोड़ा, गुज्जर व सिख समुदाय के लोगों की मांगे मानी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे विकासपुरुष मुख्यमंत्री को समाज के लोग जीवन भर याद रखेंगे। आज प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चहुंमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री के नेतृत्व में  हरियाणा में अभूतपूर्व विकास हुआ है। सिरसा शहर के लोगों ने आज 72.23 करोड़ रुपए की जल परियोजना की शुरूआत करके शहर की 2040 तक की पेयजल समस्या को खत्म किया है। इस परियोजना से शहर के लोगों को 135 लीटर प्रतिदिन प्रतिव्याक्ति आर ओ आधारित प्योरीफाईड पेयजल मिलेगा। इससे पूर्व अरोड़वंश और अग्रवाल समाज की ओर से मुख्यमंत्री को सम्मानित किया गया और दोनों समाज के लोगों ने एक सुर में मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं धर्मशाला सदनों के निर्माण के लिए भूमि दिलवाने पर स्थानीय विधायक व सांसद का आभार प्रकट किया और सम्मानित किया।
    इस समारोह में हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री स0 परमवीर सिंह, लोक निर्माण विभाग के मुख्य संसदीय सचिव श्री प्रहलाद सिंह गिलाखेड़ा, जयबीर बाल्मीकि, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार, प्रो0 वीरेन्द्र ङ्क्षसह, प्रैस सलाहकार सुन्दरपाल, कान्फेड के चेयरमैन बजरंग दास गर्ग, पूर्व विधायक मनीराम केहरवाला, भरत सिंह बैनीवाल, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड़्डा, जगदीश नेहरा, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिध श्री गोबिन्द कांडा, जिला प्रधान मलकीत सिंह खोसा, होशियारी लाल शर्मा, अग्रवाल सभा के प्रधान श्री भागीरथ गुप्ता, प्रेम शर्मा, कृष्ण लाल सैनी, अरोड़वंश सभा के प्रधान वीरेन्द्र बाहिया, सदन के प्रधान बनवारी लाल चावला, उपप्रधान रामनारायण कक्कड़, सचिव राजेन्द्र मकानी, सुरेन्द्र भाटिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

21 अप्रैल 2011

शहर में फैला पीलिया


डबवाली (लहू की लौ) नगर में पीलिया रोग फैल गया है। इस रोग से पीडि़त व्यक्तियों के प्रतिदिन 20 से 25 मामले सामने आ रहे हैं। मौसम के आरंभ में मरीजों की संख्या सामान्य स्तर से बहुत अधिक होने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम सर्वे करने में जुट गई है।
यहां के सरकारी अस्पताल में रोजाना 10 से 15 मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। औसतन इतने ही मरीज बेहतर चिकित्सा सेवा के लिए निजी चिकित्सकों के यहां दाखिल हैं। यही नहीं यहां के सरकारी अस्पताल के स्टाफ के कुछ सदस्यों को भी पीलिया ने जकड़ा हुआ है। बड़ी संख्या में पीलिया के रोगी सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है। रोग फैलने का कारण गंदे पानी की आपूर्ति और नगर में बिक रहे गले-सड़े खाद्य पदार्थों को माना जा रहा है। चूंकि पिछले काफी समय से नगर में गंदे पेयजल की आपूर्ति हो रही है। वहीं नगर में गले-सड़े खाद्य पदार्थ भी धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने इस मामले  को गंभीरता से लेते हुए नगर के एक निजी अस्पताल में दाखिल पीलिया के मरीजों के क्षेत्रों का पता लगाकर उनमें सर्वे कराया। इन क्षेत्रों में जवाहर नगर, पुराना हनुमान मंदिर क्षेत्र, चौटाला रोड़ पर स्थित हैफेड गोदाम क्षेत्र, प्रेमनगर तथा लवकुश पार्क क्षेत्र शामिल हैं।
अस्पताल के कार्यकारी एसएमओ डॉ. एमके भादू ने स्वीकार किया कि इस बार पीलिया के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। शहर में पीलिया रोग फैल गया है। प्रतिदिन करीब 10 से 15 मरीज अस्पताल में उपचार कराने के लिए पहुंच रहे हैं, जो सामान्य स्तर से बहुत अधिक हैं। उपरोक्त मामलों को ध्यान में रखते हुए हैल्थ सुपरवाईजर दर्शन सेठी को शहर का सर्वे कराने की कमान संभाली गई है। जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी राजकुमार को साथ लेकर पानी के नमूने भी भरे जा रहे हैं।                                                                         यहां से भरे गए हैं पानी के सैम्पल
1. गुरू जम्भेश्वर नगर
2. अनाज मण्डी रोड़
3. पुराना हनुमान मंदिर के निकट
4. एकता नगरी की गली नं. 5
5. जीटी रोड़, नजदीक बाबा मनसा दास क्षेत्र से
6. सिविल अस्पताल में स्थित बूस्टिंग स्टेशन से
7. उत्तम नगर गली नं. 1 से
8. खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय क्षेत्र सेअब तक                                                                                                     यहां से मिले हैं रोगी
जवाहर नगर 1
पुराना हनुमान मंदिर क्षेत्र 5
हैफेड गोदाम क्षेत्र 2
प्रेम नगर 1
इसके अतिरिक्त गांव गंगा और गांव जोगेवाला से भी इस रोग का एक-एक केस सामने आया है।
(सरकारी आंकड़ों के अनुसार)

16 नवंबर 2009

राजू पर केस दायर करेगा एसएफआईओ

नई दिल्ली। कंपनी मामलों के मंत्रालय के तहत काम करने वाली एजेंसी गंभीर धोखाधडी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) सत्यम कप्यूटर्स घोटाले में कंपनी के संस्थापक बी.रामलिंगा राजू के खिलाफ जल्द ही मुकदमा दायर करेगा। राजू पर कंपनी के बही-खातों में करो़डों की हेराफेरी करने का आरोप है। इस मामले की कई एजेंसिया जांच कर रही है। कंपनी मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार एसएफआईओ से सत्यम मामले में कंपनी कानून का उल्लंघन करने के लिए मुकदमा शुरू करने को कहा गया है। कंपनी के खातों की ऑडिट करने वाली फर्म प्राइस वाटरहाउस के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर: शेर ने बच्ची का हाथ चबाया

रायपुर। रायपुर में स्थित चिडियाघर में एक शेर ने बच्ची पर हमला कर उसका दायां हाथ खा लिया। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजधानी रायपुर से लगभग पांच किमी दूर नंदनवन चिडियाघर के अधिकारियों के अनुसार रविवार को अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाने आई तीन वर्षीय बच्ची सपना का हाथ शेर ने चबा लिया।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक शहर के संतोषीनगर क्षेत्र में रहने वाला असीम मलिक रविवार को पिकनिक मनाने अपने परिवार के साथ नंदनवन पहुंचा था। परिवार के साथ उनकी भतीजी सपना भी थी।
असीम और उसके परिवार वाले जब चिडियाघर में जानवरों को देख रहे थे तब सपना शेर के पिंजरे के करीब पहुंच गई और अपना दायां हाथ पिंजरे में डाल दिया। शेर ने सपना का हाथ चबा लिया और कोहनी के नीच से उसे अलग कर दिया। घायल अवस्था में सपना को पास के नर्सिग होम में भर्ती कराया गया। नर्सिग होम के चिकित्सक के अनुसार शेर ने बच्ची की कोहनी से नीचे का हिस्सा खा लिया है जिससे बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है। चिडियघर प्रशासन ने बच्चाी के इलाज में पूरी मदद करने आश्वासन दिया है।

25 सितंबर 2009

8वीं पास ने भी भरा नामांकन

रविन्द्र सिंह के पास 1 लाख 80 हजार के हथियार
डबवाली (लहू की लौ) डबवाली विधानसभा हल्का से वीरवार को नामांकन पत्र दाखिल करने वाले रविन्द्र सिंह उर्फ रवि चौटाला पुत्र प्रताप सिंह पर इन दिनों उनके शपथ पत्र के अनुसार दो केस पेंडिंग हैं। जिनमें एक एफआईआर धारा 147/149/323/506 आईपीसी के तहत ऐलनाबाद में और एक केस धारा 323/332/148/149/186आईपीसी के तहत थाना शहर डबवाली में दर्ज है। इसके अतिरिक्त उसके पास 40 हजार रूपये की नकदी है। जबकि उसकी पत्नी सुनैना के पास 20 हजार रूपये नकद हैं। इसके अतिरिक्त बैंक इत्यादि में 1 लाख 27 हजार 574 रूपये जमा हैं। जबकि उसकी पत्नी के बाद 5 लाख 53 हजार 938 रूपये जमा हैं और मोटर वाहन शून्य दिखाया हुआ है। जबकि जेवरात में 5 तोले सोना उसके स्वयं के पास है। उसकी पत्नी सुनैना के पास 50 तोले सोना और 20 तोले चांदी हैं। इस प्रकार से उसके पास कुल चल सम्पत्ति 17 लाख 72 हजार 512 रूपये है और अचल सम्पत्ति 2 करोड़ 21 लाख 77 हजार रूपये है। लेकिन भारतीय स्टेट बैंक डबवाली का 6 लाख 50 हजार रूपये का कर्ज है। मजेदार बात तो यह है कि रविन्द्र सिंह उर्फ रवि चौटाला 8वीं पास है और उसके पास 1 लाख 80 हजार रूपये कीमत के हथियार हैं। जिनमें 12 बोर गन, एक पिस्टल, एक राईफल 315 बोर शामिल है। भाजपा प्रत्याशी रेणू शर्मा 10वीं पास है और उसके पास नकद राशि 1 लाख रूपये है। जबकि बैंक में 20 हजार 393 रूपये हैं। इसके अतिरिक्त 576 ग्राम सोना है। इस प्रकार से कुल चल सम्पत्ति 9 लाख 20 हजार 393 रूपये की दिखाई गई है। उसके पति भीमसैन के पास 35 हजार रूपये की एफडी है और कालांवाली में एक बूथ है। हजकां प्रत्याशी कुलदीप सिंह पुत्र बाल मुकन्द सिंह बीए, एलएलबी हैं और उसके पास शपथपत्र के अनुसार 2 लाख 86 हजार 700 रूपये की नकदी है और वित्तीय संस्थाओं तथा बैंक में 3 लाख 93 हजार 505 रूपये जमा हैं और टाटा सफारी गाड़ी है। जिसकी कीमत 5 लाख 50 हजार रूपये है। इसके अतिरिक्त 125 ग्राम सोना है। कुल चल सम्पत्ति 35 लाख 45 हजार 516 रूपये है और अचल सम्पत्ति 1 करोड़ 48 लाख 70 हजार रूपये की है। इसके अतिरिक्त 10 लाख 89 हजार 494 रूपये का कर्ज है। कुलदीप भांभू की पत्नी इन्दू के पास 2 लाख 41 हजार 900 रूपये की नकदी, 3 लाख 93 हजार 411 रूपये बैंक में जमा हैं। जबकि 800 ग्राम सोना और 8 किलो चांदी है। बसपा प्रत्याशी प्रीत महेन्द्र सिंह पर डबवाली की अदालत में चोरी के आरोप में 379 आईपीसी के तहत केस चल रहा है और इसके पास 80 हजार रूपये चल सम्पत्ति और 60 हजार रूपये की अचल सम्पत्ति है।

मांगेआना में किसान के घर से हजारों रूपये की चोरी

डबवाली (लहू की लौ) गांव मांगेआना में रात को अज्ञात चोर एक किसान के घर से हजारो रूपये की नकदी और सोने के जेवरात चुरा ले गये। थाना सदर में दर्ज करवाई शिकायत में पीडि़त जगजीत सिंह पुत्र मुख्तयार सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके घर की मुरम्मत का काम चल रहा था और पुराने घर में समान पड़ा था। इसी समान में एक ट्रंक भी पड़ा था जिस पर ताला लगा था और इसमें मुरम्मत के लिए रखी 60,000 रूपये की नकदी थी और तीन तोले सोना व कपड़े आदि। बुधवार की रात को अज्ञात चोर उसके मकान में घुसे और ट्रंक को उठाकर मकान के पीछे स्थित खेतों में ले गये वहां चोरों ने ताला तोड़ कर उक्त सामान चुरा लिया तथा अन्य समान व ट्रंक खेत में फेंक कर फरार हो गये।

रेलवे स्टेशन पर सवारी की चैन खींचता काबू

डबवाली (लहू की लौ) यहां के रेलवे स्टेशन पर चैन छीनने की घटना को अंजाम देेते हुए चैन स्नेचर गिरोह के एक सदस्य के पकड़े जाने से एक बड़ी वारदात होने से टल गई। प्राप्त जानकारी अनुसार यहां के पब्लिक क्लब के पीछे स्थित हरी चन्द हलवाई की विवाहिता बेटी सुमन रानी वीरवार को डबवाली के रेलवे स्टेशन पर सूरतगढ़-बठिंडा रेलगाड़ी पर अपने सुसराल मानसा जाने के लिए सवार हो रही थी कि अचानक एक महिला, दो लड़कियां और एक लड़के ने उसका रास्ता रोक लिया और धक्का-मुक्की करने लगे। इसी दौरान उसे महसूस हुआ कि किसी ने उसके गले में डाली सोने की चैन उतार ली है। जब उसने अपने गले की ओर देखा तो चैन गायब थी। इस घटना को जीआरपी का सिपाही देेख रहा था। उसने झपक कर चैन छीनने वाले लड़के को दबोच लिया जबकि लड़के के अन्य साथी फरार हो गये। पूछताछ के दौरान लड़के ने अपना नाम पौंसी निवासी अलवर (राज.) बताया। इसके बाद जीआरपी और आरपीएफ सक्रिय हो गये और उन्होंने प्लेटफार्म पर जमा बेटिकटे लोगों को खदेड़ा। माना जा रहा है कि अगर समय रहते कार्यवाही न की होती तो चैन स्नेचर गिरोह किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता था।

24 सितंबर 2009

खिलने से पहले मुरझाया कमल

डबवाली (लहू की लौ) यहां के अन्नपूर्णा रिसोर्ट में बुधवार को भाजपा द्वारा आयोजित पत्रकार सम्मेलन के दौरान भाजपा की फूट खुलकर सामने आई। अधिकांश पुराने कार्यकर्ता सम्मेलन से नदारद रहे। डबवाली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रेणू शर्मा ने बुधवार को पत्रकार सम्मेलन बुलाया था और इस मौके पर उन्हें पत्रकारों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा और जवाब देने में कठिनाई ही नहीं आई, बल्कि कुछ का तो जवाब ही नहीं दे पाई। पत्रकारों ने जब पूछा कि पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ भाजपा सत्ता में भागीदार है और वहीं अकालीदल हरियाणा में इनेलो का साथ दे रहा है, ऐसे हालतों में भाजपा की भूमिका क्या होगी तो उनका जवाब था कि उसे तो मालूम ही नहीं कि शिरोमणि अकाली दल और इनेलो के बीच कोई समझौता हुआ है। भाजपा की भूमिका के बारे में मौन साध गई। कांग्रेस की कमियां निकालने पर जब उनसे पूछा गया कि क्या आपकी पार्टी ने कोई ऐसा प्रोजेक्ट तैयार किया है जो कांग्रेस की कमियों को दूर करके हरियाणा को नई दिशा दे सकें तो इस पर उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इस पर पार्टी घोषणा करेगी। उनसे यह पूछने पर कि प्रदेश स्तरीय नेता जो डबवाली में हैं लेकिन उनकी इस पत्रकार वार्ता में नहीं आये, तो भाजपा प्रत्याशी रेणू शर्मा ने पहले तो यह कहा कि उन्हें बुलाया ही नहीं गया और शीघ्र ही अपनी गलती को सुधारते हुए कहा कि बुलाया तो गया था लेकिन वे आये नहीं।

मैं आपकी अपेक्षाओं पर खरा उतरूंगा-अजय चौटाला

डबवाली (लहू की लौ) यह मेरा सौभाग्य है कि आपकी दी हुई वोट की ताकत से मुझे अपने लोगों के बीच रह कर आपकी सेवा करने का मौका मिलेगा। मैं आपको विश्वास दिलवाता हूं कि आपकी अपेक्षाओं पर खरा उतरूंगा और आपकी भावनाओं के अनुरूप कार्य करूंगा। यह बात डबवाली हलके से इनेलो प्रत्याशी अजय सिंह चौटाला ने कही। वे मंगलवार देर शाम को डबवाली हलके के गांव आसाखेड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। गांवों में पहुंचने पर अजय सिंह चौटाला का भव्य स्वागत किया और महिलाओं ने मंगलगीत गाए। अजय सिंह चौटाला के डबवाली हलके से प्रत्याशी घोषित होने के बाद क्षेत्र के लोगों का जोश देखने लायक था। गांव चौटाला, आसाखेड़ा, भारूखेड़ा, तेजाखेड़ा़, कालुआना, गोरीवाला आदि गांवों में उमड़ी भीड़ यह साबित करने के लिए काफी थी। इससे पहले गांव अजय सिंह चौटाला ने गांव तेजाखेड़ा में पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की जन्मस्थली पर गए और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। अजय सिंह चौटाला की मौजूदगी में गांव भारूखेड़ा में संदीप कुमार झींझा, अमर सिंह गुर्जर, बलराज सरपंच, दर्शन सिंह जगमालवाली के 15 परिवारों सहित सेंकड़ों लोगों ने कांग्रेस छोड़कर इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। इनेलो प्रत्याशी अजय सिंह चौटाला ने कहा कि यहां के लोगों की तकलीफें मेरी अपनी समस्या हैं और इन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे आप किसी भी वक्त एक आवाज दे देना, आपको हर घड़ी आगे खड़ा मिलंूगा। उन्होंने कहा कि इनेलो के सत्ता में आने पर क्षेत्र में विकास कार्यो की कमी नहीं रहने दी जाएगी और यह प्रदेश का अग्रणी क्षेत्र होगा। उन्होंने कहा कि इनेलो का एकमात्र मकसद प्रदेश को नंबर वन बनाना, किसान, गरीब व पिछड़े वर्गों को हर सुविधा देना और व्यापारी वर्ग की उन्नति के लिए कार्य करना है। दौरे के दौरान उनके साथ इनेलो के वरिष्ठ नेता राधेराम गोदारा, निवर्तमान विधायक डा. सीताराम, डा. गिरधारी लाल, नरेंद्र बराड़,, महेंद्र डूडी, युवा प्रधान धर्मवीर नैन, रणवीर राणा, जगरूप सिंह, टेकचंद छाबड़ा, संदीप सिंह सन्नी गंगा, सर्वजीत सिंह मसीतां, सीता देवी सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

रेणू बोली, डबवाली का चहुंमुखी विकास करवाऊंगी


डबवाली (लहू की लौ) डबवाली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रेणू शर्मा ने बुधवार को अन्नपूर्णा रिसोर्ट में पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि विधायक बनने के बाद उनकी प्राथमिकता डबवाली में एन.एच. 10 पर ओवरब्रिज और शहर के अन्दर से गुजरने वाली रेलवे लाईन पर अण्डर ब्रिज का निर्माण, डबवाली और औढ़ां में जनसंख्या के आधार पर गैस एजेंसियां, डबवाली में टेक्निकल और स्नात्तकोतर महाविद्यालय, औढ़ां में राजकीय महाविद्यालय, डबवाली विधानसभा क्षेत्र को एग्रीकल्चर रिवाईवल एरिया घोषित कर इलाके के खेतों में समुचित पानी और नलकूपों के लिए बिजली की व्यवस्था करवाना और कृषि आधारित उद्योगों को विशेष रियायतें देकर प्रोत्साहित करना होगी। ताकि किसानों को उनकी उपज का पूरा दाम मिल सकें। इस मौके पर उन्होंने दावा किया कि वे विधायक बनने पर औढ़ां को उपतहसील का दर्जा दिलवाने में भी प्रयत्न करेंगी। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनता से किया एक भी वायदा कांग्रेस सरकार ने पूरा नहीं किया। पूरी बिजली और पानी का नारा देने वाली कांग्रेस हर मोर्चे पर विफल रही। राज्य में कानून व्यवस्था का जनाजा निकल गया है। प्रदेश में चोरी, लूटपाट, डकैती, हत्या, भय, भ्रष्टाचार का बोलबाला हो गया है और नकारा सरकार के चलते अपराधी दिन-ब-दिन हावी होते जा रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा डबवाली के प्रभारी सतीश जग्गा, महामंत्री बलदेव सिंह मांगेआना, कृष्ण कीनिया, डॉ. भीमसैन शर्मा, दाता राम बसौड़, विनोद सिहाग चौटाला, कौर चन्द मोगा, मनु शर्मा, रितेश शर्मा आदि उपस्थित थे।

23 सितंबर 2009

बांदीपोरा मुठभेड खत्म, मेजर व जवान शहीद, दो आतंकी ढेर

श्रीनगर, 23 सितंबर। जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में सेना और आतंकियों के बीच पिछले 24 घंटों से चल रही मुठभेड खत्म हो गई है। इस मुठभेड में सेना के एक मेजर व एक जवान शहीद हो गए हैं, वहीं सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया। अघिकारियों ने बताया कि श्रीनगर से 30 किलोमीटर दूर बोनीयारी सुंबई गांव में मेजर जे एस सूरी व नायक रैंक का एक जवान इस मुठभेड में शहीद हुए हैं। सूचना के आघार पर सेना ने कल शाम को एक घर पर घावा बोला था। इसी घर में ये आतंकी छिपे हुए थे।

अजय करोड़पति, फिर भी कर्जदार

अंक 4 को अजमाने में जुटे छोटे चौटाला
डबवाली (लहू की लौ) डबवाली विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार से चुनाव लडऩे के इच्छुक आजाद और पार्टियों के प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सुस्त चला आ रहा चुनावी मैदान अचानक गर्माने लगा है। हल्का विधानसभा चुनाव के लिए इनेलो प्रत्याशी के रूप में अजय सिंह चौटाला ने अपना नामांकन पत्र सुबह 11.11 पर चुनाव अधिकारी तथा उपमण्डलाधीश सुभाष चन्द्र गाबा के समक्ष प्रस्तुत किया। हालांकि इनेलो ने नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए 24 सितम्बर की तिथि घोषित की थी। बताया जाता है कि किसी ज्योतिषी के कहने पर इस तिथि को बदल कर अब 22 सितम्बर को नामांकन दाखिल किया गया। जिसके समय और तिथि का अंक जोड़ चार बनता है। केवल यहीं नहीं बल्कि जिस दिन चुनाव होने हैं उस दिन भी 13 अक्तूबर का जोड़ चार बनता है और जिस दिन 22 अक्तूबर को वोटों के परिणाम आने हैं उनका भी जोड़ चार ही बनता है। अजय सिंह चौटाला ने अपने नामांकन पत्र के साथ जो शपथ पत्र दाखिल किया है उसमें दी गई जानकारी में कहा गया है उस पर सीबीआई की अदालत में धारा 120बी, 420, 467, 468, 471 आईपीसी और 13 (1), 13 (2) पीसी के तहत केस विचारधीन है। इसके अतिरिक्त नकदी के मामले में अजय सिंह के पास 3 लाख 25 हजार और उसकी पत्नी नैना सिंह के पास 7 लाख 75 हजार तथा संयुक्त परिवार में 6 लाख 55 हजार रूपये नकद हैं। जबकि उसके खुद के 37 लाख 35 हजार 148 रूपये 60 पैसे तथा उसकी पत्नी के 7 लाख 60 हजार 185 रूपये 54 रूपये और संयुक्त परिवार के 17 लाख 49 हजार 128 रूपये 46 पैसे बैंकों और कम्पनियों में जमा हैं। जबकि बॉण्डस, विभूतियां और शेयर आदि में 90 हजार रूपये और उनकी पत्नी के 6 लाख 30 हजार रूपये लगे हुए हैं। अजय सिंह के पास व्हीकलों में से एम-क्लॉस मरसीडेस बेंज मॉडल-08, महिन्द्रा जीप मिल्ट्री डिसपोजल मॉडल-1998, फार्म ट्रेक्टर मॉडल-2001 जेन कार मॉडल-2001 के अतिरिक्त, पांच किलोग्राम चांदी, 400 ग्राम सोने के जेवरात इत्यादि के साथ कुल चल सम्पत्ति 2 करोड़ 74 लाख 3 हजार 545 रूपये 16 पैसे बनती है। जबकि उसकी पत्नी के पास चल सम्पत्ति 1 करोड़ 36 लाख 8 हजार 651 रूपये 34 पैसे और संयुक्त परिवार में 2 करोड़ 78 हजार 137 रूपये 45 पैसे चल सम्पत्ति है। अचल सम्पत्ति में जिसमें नॉन एग्रीकल्चर लैंड, व्यवसायिक और रिहायशी भवन, घर और अपार्टमेंटस आदि मिलाकर 851 लाख 69 हजार रूपये की सम्पत्ति बनती है। जोकि फरीदाबाद, जिला सिरसा, गुडग़ांव आदि में हैं। इसी प्रकार उनकी पत्नी के पास 670 लाख रूपये की अचल सम्पत्ति है। संयुक्त परिवार में उनके पास 938 लाख 16 हजार की अचल सम्पत्ति है। जबकि अजय सिंह पर भारतीय स्टेट बैंक, सिरसा का 41 लाख 95 हजार 149 रूपये का ऋण है। अजय सिंह चौटाला के पास कुल चल और अचल सम्पत्ति 20 करोड़ 63 लाख 88 हजार 545 रूपये की बनती है। अजय सिंह चौटाला ने शिक्षा में एलएलबी कर रखी है और राज्य सभा के सदस्य भी हैं। इधर आजाद प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करने वाले जगदेव सिंह मटदादू ने अपने ब्यौरे में स्वयं को एक करोड़ 98 लाख 60 हजार तथा 25 लाख 60 हजार की अचल और चल सम्पत्ति का मालिक बताया है और उस पर 50 हजार रूपये का कर्ज है।

तेल कैंटर अल्टो से टकराया, दो की मौत

डबवाली (लहू की लौ) गांव आसाखेड़ा के पास एक तेल कैंटर और कार की टक्कर हो जाने से कार में सवार दो जनों की मौका पर ही मौत हो गई जबकि एक घायल हो गया। जिसे गंभीर हालत में डबवाली के सरकारी अस्पताल लाया गया। स्वतन्त्र कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी संगरिया ने पुलिस को दिये ब्यान में बताया कि उसका चाचा वेदप्रकाश मित्तल और उसकी चाची ज्ञान देवी पत्नी वेदप्रकाश मित्तल एलटो कार पर बठिंडा से एक शादी समारोह में भाग लेकर वापिस संगरिया आ रहे थे और उनकी कार जैसे ही गांव आसाखेड़ा के पास पहुंची तो संगरिया साईड तेजगति से आ रहे तेल टैंकर ने कार में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उसकी चाची ज्ञान देवी मित्तल और कार चालक भोला राम की मौका पर मौत हो गई। जबकि उसके चाचा को गंभीर हालत में डबवाली के सिविल अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने स्वतन्त्र कुमार के ब्यान पर तेल टैंकर चालक के खिलाफ लापरवाही से टैंकर चला कर दो जनों को मारने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है और तेल टैंकर चालक की पहचान टैंकर से मिले कागजों के आधार पर गुरजन्ट सिंह पुत्र राम सिंह राजस्थान के रूप में हुई है।

डबवाली क्षेत्र मेरा अपना घर-अजय चौटाला


डबवाली (लहू की लौ) इनेलो प्रत्याशी अजय सिंह चौटाला ने मंगलवार को नामांकन भरने के बाद डबवाली मंडी में गांधी चौक पर एक जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा को संबोधित करते हुए अजय सिंह चौटाला ने कहा कि डबवाली क्षेत्र मेरा अपना घर है। मैं आपका भाई, बच्चा और आपका अपना हूं। इस पावन धरा की मिट्टी में ही मैं पल-बढ़ कर बड़ा हुआ हैं और यहां के लोगों के संभल, प्यार, सहयोग व आर्शीवाद से मैं उनकी सेवा करने के योग्य हो पाया हंूंं। उन्होंने कहा कि यहां की जनता ने चौधरी देवीलाल को राजनीतिक ताकत देकर उन्हें देश के किसानों, कामगारों, गरीबों व पिछड़ों की आवाज बुलन्द करने और उनके अधिकारों की लड़ाई लडऩे के योग्य बनाया था। आज मैं अपने दादा स्वर्गीय देवीलाल के बताए रास्ते पर चला और कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभग्य है कि मुझे अपने गृह क्षेत्र से चुनाव लड़ कर उनकी सेवा करने का मौका मिल रहा है। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि इस बार मुझे विधानसभा में भेजकर सेवा करने का मौका दें। मैं सेवक बन कर आपके बीच रहूंगा और आपको कभी निराश नहीं करूंगा। अजय सिंह चौटाला ने डबवाली की जनता से आह्वान किया है यह उनका अपना चुनाव है और हर व्यक्ति अपने आप को अजय सिंह चौटाला समझ कर चुनाव मैदान में कूद जाएं और 13 अक्टूबर को कांग्रेस के कुशासन को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प लें।

विधायक बना तो लडूंगा पंजाबी हितों के लिए-मटदादू

डबवाली (लहू की लौ) हरियाणा अकाली दल के समर्थन के साथ आजाद प्रत्याशी के रूप में मंगलवार को डबवाली विधानसभा हल्का से नामांकन पत्र दाखिल करने वालों में जगदेव सिंह मटदादू भी शामिल हैं। मटदादू ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उसका उद्देश्य विधायक बनकर पंजाबियों की मांगों को सरकार के समक्ष रखना और उनके लिए लडऩा है। उन्होंने कहा कि वे विधायक बनकर पंजाबी को दूसरी भाषा बनाने, एचएसजीपीसी का निर्माण करने, भाखड़ा नहर की सफाई करवाने, डबवाली विधानसभा क्षेत्र के लिए बिजली का प्रोजेक्ट लगवाएंगे। उन्होंने हरियाणा गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी के निर्माण में विलम्ब के लिए कांग्रेस सरकार को कोसा और कहा कि कांग्रेस पांच सालों तक हरियाणा के सिक्खों को गुमराह करती रही और लारों में रखकर उनके वोट बटौरती रही है। अब समय आ गया है कि हल्का डबवाली के लोग पंजाबियों के प्रतिनिधि के रूप में उसे विधानसभा में भेजें और अलग गुरूद्वारा प्रबन्धक कमेटी के लिए किये जा रहे संघर्ष में मदद करें।

कांग्रेस ने डबवाली को बनाया पाकिस्तान-अजय चौटाला


डबवाली (लहू की लौ) कार्यकर्ताओं के अनुरोध और पार्टी के आदेश पर बतौर पार्टी सिपाही आदेशों का पालन करते हुए मुझे विधानसभा हल्का डबवाली से नामांकन पत्र दाखिल करते हुए सकून महसूस हो रहा है। डबवाली उनका अपना घर है। यह शब्द विधानसभा हल्का डबवाली से इनेलो के प्रत्याशी अजय सिंह चौटाला ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हरियाणा में डबवाली के होते हुए भी राज्य सरकार ने इसे पाकिस्तान बना रखा था। डबवाली के लोगों को न तो रोजगार मिला और न ही विकास। हालांकि कांग्रेस की हुड्डा सरकार सम्मान विकास और सभी को रोजगार के दावे करती रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर रहा। यहीं नहीं बल्कि अपराध भी बढ़े हैं।

22 सितंबर 2009

माओवादियों व माकपा समर्थकों में जमकर गोलीबारी


कोलकाता, 22 सितंबर। पश्चिम बंगाल के इनायतपुर कस्बे में माओवादी और माक्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी समर्थकों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। दोनों तरफ से करीब पांच राउंड गोलियां चलाई गई। इसमें 10-15 लोगों को हताहत होने और कई के घायल होने की खबर है, मगर मृतकों के बारे में औपचारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोमवार शाम शुरू हुई गोलीबारी मंगलवार सुबह भारी तादाद में पुलिस के वहां पहुंचने के बाद माओवादी पीचे हट गए हैं और गोलीबारी थम गई है। माओवादियों ने सोमवार सायं पश्चिमी मिदनापुर के इनायतपुर गांव में माकपा के एक पार्टी कार्यालय को यह आरोप लगाते हुए घेर लिया था कि कार्याल के अंदर उसके कार्यकर्ताओं के पास हथियार हैं। उन्होंने धमकी दी थी कि अगर रात में अपने हथियार नहीं सौंपे, तो वे कार्यालय को उडा देंगे। उस समय कार्यालय में माकपा के करीब अस्सी हथियारबंद कार्याकर्ता थे। माओवादियों ने अपनी धमकी का असर नहीं देख गोलीबारी शुरू कर दी, जवाब में कार्यालय के भीतर मौजूदा माकपा कार्यकर्ताओं ने गोलीबारी की। माना जा रहा है कि माकपा कार्यकर्ताओं की जवाबी गोलीबारी के कारण ही माओवादी कार्यालय के पास नहीं फटक सके और कोई धमाका करने में विफल रहे। कोलकाता में माकपा कार्यकर्ता अनौपचारिक तौर पर कह रहे हैं कि दोनों तरफ के लोग मारे गए हैं, मगर वे भी कोई पुष्ट जानकारी नहीं दे पाए हैं। दूसरी माओवादी नेता किशनजी ने दावा किया है कि उनका कोई कार्यकर्ता हताहत नहीं हुआ है। इस मुठभेड की खास बात यह है कि माकपा समर्थकों ने इस बार माओवादियों का जमकर उन्हीं की तर्ज जवाब दिया है।
जून में लालगढ इलाके में माओवादियों के खिलाफ पुलिस अभियान की शुरूआत के बाद भी राज्य की सत्ताधारी पार्टी माकपा के कम से कम 35 समर्थक माओवादियों का निशाना बन चुके हैं। माकपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें पुलिस बल पर भरोसा नहीं है और वे अपनी रक्षा की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा रहे हैं।
दूसरी ओर माओवादी नेता किशनजी बताया कि इनायतपुर के माकपा कार्यालय में बडी संख्या में हथियार हैं और वे इसका इस्तेमाल माओवादियों को समर्थन दे रहे ग्रामीणों के खिलाफ करने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा कार्यकर्ता स्थानीय महिलाओं को परेशान करते हैं इसीलिए हजारों ग्रामीणों ने हमारे छापामारों की अगुआई में माकपा कार्यालय को घेर लिया। अभी भी हमारे लोग वहां मौजूद हैं मगर जनता के अनुरोध पर हम पीछे हट गए हैं।

कश्मीर : आतंकियों से मुठभेड में जवान शहीद

श्रीनगर, 22 सितंबर। जम्मू एवं कश्मीर के बारामूला जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच जारी गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक आतंकवादी मारा गया। सेना की 21वीं कोर के प्रवक्ता कर्नल उमा माहेश्वर ने बताया कि बारामूला के तंगमूला जंगलों में आतंकवादियों के छुपे होने का सुराग मिलने पर राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों ने जंगल में खोजबीन शुरू की। उन्होंने बताया कि जब आतंकवादियों से समर्पण के लिए कहा गया तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया और एक घायल हो गया। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई एक आतंकवादी भी मारा गया। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के खिलाफ अभियान अभी जारी है।

स्वाइन फ्लू की देशी दवा को नहीं मिल रही मंजूरी

नई दिल्ली, 22 सितंबर। वनस्पतियों से दवाइयां बनाने वली भारत की एक कम्पनी ने स्वाइन फ्लू की वनस्पतीय औषधि बनाने का दावा किया है, जिसे उसने इस संक्रामक बीमारी की परम्परागत दवाई टेमीफ्लू से अधिक कारगर बताया है। उसका कहना है कि इसका व्यावसायिक स्तर पर उत्पादन करने पर यह यह 20 से 30 फीसदी सस्ती पडेगी। पुणे स्थित इंडस बायोटेक के कार्यकारी निदेशक राजन आर. श्रीनिवासन ने बताया कि भारतीय बाजार में इस उपलब्ध कराने के संबंध में भारतीय औषदि नियंत्रक के पास प्रस्ताव दिया गया है। उन्होंने बताया कि पहले इस दवा को एचआीवी वायरस के लिए तैयार किया गया था, मगर परीक्षणों से इ दवाई को स्वाइन फ्लू के लिए भी कारगर पाया गया है। इस औषधि के प्रयोगशाला परीक्षण हो चुके हैं और अमरीका के फैडरल ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) से इसे इन्वेस्टीगेशनल न्यू ड्रग्स (आईएनडी) के रूप में अनुमति मिल चुकी है। आईएनडी किसी नई दवा को मंजूरी दिलाने की दिशा में पहला कदम है। इसके बाद मानव पर इसके परीक्षण किए जाते हैं। श्रीनिवासन ने बताया कि कम्पनी पहले ही एचआईवी के मामले में एफडीए से अनुमति प्राप्त कर चुकी है, पूर्व नैदानिक परीक्षण एक समान ही रहेंगे, चाहे वह एचआईवी के लिए हो या एच1एन1 के लिए।
श्रीनिवासन ने बताया कि बायोटेक ने भारतीय औषधि नियंत्रक के पाास भारत में इस दवा के मानव पर परीक्षण के लिए अनुमति की अर्जी दाखिल की है। हालांकि भारतीय औषदि नियंत्रक बॉटेनिकल श्रेणी की दवाओं का समर्थन करता है पर फिर भी इस दवा को एनसीई के वर्ग में रखवा होगा जबकि एनसीई तथा बॉटेनिकल दवाओं की प्रकृति भिन्न है।

सीबीआई टीम फिर सिरसा पहुंची

सिरसा (लहू की लौ) डेरा सच्चा सौदा के पूर्व प्रबंधक फकीरचंद की गुमशुदगी के मामले में जुटी सीबीआई की टीम आज फिर सिरसा पहुंची। इंस्पेक्टर राजेश तिवारी के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में रिकार्ड खंगाला। ज्ञातव्य हो कि डेरा सच्चा सौदा के पूर्व प्रबंधक फकीरचंद 1990 में डेरा से एकाएक लापता हो गया था। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह के चालक गोबिंद सिंह ने फकीर चंद की हत्या किए जाने का खुलासा किया था। इसके उपरांत गांव गंगा निवासी एवं डेरा के पूर्व साधु रामकुमार बिश्रोई ने फकीरचंद की गुमशुदगी के मामले को लेकर सीबीआई जांच करवाने के लिए न्यायालय की शरण ली थी। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने मामला सीबीआई के सुपुर्द कर दिया। कुछ दिन पूर्व सीबीआई के डीएसपी सतीश डागर के नेतूत्व में पहुंची टीम ने इस मामले में अनेक तथ्य जुटाए थे। आज फिर इंस्पेक्टर राजेश तिवारी के नेतृत्व में टीम सिरसा पहुंची।